एअर इंडिया की आज 8 फ्लाइट्स कैंसिल:वजह ऑपरेशन और मेंटेनेंस; अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद 9 दिन में 84 उड़ानें रद्द
एअर इंडिया ने शुक्रवार को 8 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी हैं। इनमें 4 इंटरनेशनल और 4 डोमेस्टिक हैं। एअर इंडिया ने बताया कि एयरपोर्ट पर मेंटेनेंस और ऑपरेशनल वजहों से इन उड़ानों को रद्द किया गया है।
डोमेस्टिक फ्लाइट्स में पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI874, अहमदाबाद से दिल्ली की फ्लाइट AI456, हैदराबाद से मुंबई की फ्लाइट AI2872 और चेन्नई से मुंबई की फ्लाइट AI571 कैंसिल हुई हैं।
वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स में दुबई से चेन्नई आ रही फ्लाइट AI906, दिल्ली से मेलबर्न जा रही फ्लाइट AI308, मेलबर्न से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI309 और दुबई से हैदराबाद आ रही फ्लाइट AI2204 शामिल हैं।
इस तरह अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद 9 दिन में अलग-अलग वजह से अब तक 84 उड़ानें रद्द की गई हैं। 12 जून को हुए प्लेन क्रैश हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से हर एयरपोर्ट पर विमानों की ऑपरेशनल चेकिंग को सख्त कर दिया गया है।
एअर इंडिया की 19 जून को 4 फ्लाइट कैंसिल हुईं
- दिल्ली से वियतनाम जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI388 (एयरबस ए320 नियो विमान) को बीच रास्ते से वापस दिल्ली बुलाया गया था। फ्लाइट में 130 यात्री सवार थे। प्लेन में तकनीकी खामी का पता चला। इनके अलावा, एयर इंडिया की 3 अन्य फ्लाइट भी कैंसिल हुई थीं।
- दूसरी एयरलाइन की भी 3 फ्लाइट कैंसिल: दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 2006 तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार सुबह वापस दिल्ली लौटी थी। फ्लाइट में क्रू मेंबर्स सहित 180 लोग सवार थे। स्पाइसजेट फ्लाइट SG 2696 भी उड़ान भरने के 10 मिनट बाद वापस लौटी थी।। ये फ्लाइट हैदराबाद से तिरुपति जा रही थी। फ्लाइट में कुल 80 यात्री सवार थे। एयरलाइंस ने बताया था कि टेकऑफ के बाद पायलट को संकेत मिला कि विमान के पिछले दरवाजे में कुछ दिक्कत है।
- इंडिगो एयरलाइन का विमान गुवाहाटी से चेन्नई जा रहा था। प्लेन फ्यूल की कमी के चलते बेंगलुरु में उतारा गया। फ्लाइट में 168 यात्री सवार थे। यहीं पर रीफ्यूलिंग होने के बाद वापस चेन्नई के लिए उड़ा।
18 जून: एअर इंडिया की 3 फ्लाइट जो वापस लौटीं
- दिल्ली से बाली जा रही फ्लाइट AI2145 बीच रास्ते से ही दिल्ली लौटी। एयरलाइन ने बताया यह फैसला बाली एयरपोर्ट के पास ज्वालामुखी विस्फोट की खबरों के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
- टोरंटो से दिल्ली वाली फ्लाइट AI188 कैंसिल की गई। फ्लाइट में यात्री सवार हो चुके थे, उन्हें उतारा गया। कहा गया कि विमान के मेंटेनेंस और क्रू के फ्लाइट ड्यूटी टाइम की लिमिटेशन के चलते इसे रद्द किया गया है।
- दुबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI996 को तकनीकी खामी के चलते कैंसिल किया गया। इस फ्लाइट में भी यात्री सवार हो चुके थे। आदेश जारी होते ही उन्हें भी उतारा गया।
12-17 जून: एअर इंडिया की 66 फ्लाइट रद्द हुईं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, 12 से 17 जून के बीच एअर इंडिया ने बोइंग 787 की फ्लाइट्स को मिलाकर 69 उड़ानें रद्द कीं। DCGA ने कहा- 12 जून की घटना के बाद एअर इंडिया के बोइंग 787 सीरीज ड्रीमलाइनर की जांच की गई, जिसमें सुरक्षा को लेकर कोई बड़ी बात सामने नहीं आई।
DCGA ने कहा कि विमान का रखरखाव मौजूदा सिक्योरिटी नियमों के मुताबिक पाया गया है। एयर इंडिया की फ्लीट में 33 बोइंग 787- 8/9 विमान हैं। मंगलवार को DGCA की एअर इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें DGCA ने एयरलाइन को विमान सुरक्षा पर ध्यान देने, फ्लाइट ऑपरेशन को सख्त करने और समय पर फ्लाइट डिपार्चर ये तय करने के निर्देश दिए हैं।
