शिलॉन्ग पुलिस ने किया राजा मर्डर केस का रीक्रिएशन:DGP बोलीं- जांच लव ट्राएंगल तक सीमित नहीं; दूसरे राज्यों से भी मांगी मदद
शिलॉन्ग पुलिस मंगलवार सुबह राजा रघुवंशी मर्डर केस के आरोपियों को लेकर सोहरा पहुंची। सोहरा के वेई सावडोंग फॉल्स पर हत्याकांड का रीक्रिएशन किया। यहां फोरेंसिक डिपार्टमेंट और SDRF की टीमें भी मौजूद रहीं।
मेघालय की DGP इदाशीशा नोंग्रांग ने कहा- जांच अधिकारी हत्या का कारण केवल लव ट्राएंगल ही नहीं मान रहे हैं। यह असामान्य है कि शादी के कुछ दिनों के भीतर ही सोनम अपने पति के प्रति इतनी दुश्मनी पैदा कर ले। हम इस हत्या के सभी संभावित एंगल की जांच कर रहे हैं। हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं।
DGP नोंग्रांग ने बताया कि सोनम ने पति की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। SIT ने असम और कुछ अन्य राज्यों की पुलिस से सहायता मांगी है, जहां आरोपी हत्या करने से पहले और बाद में रहे हैं।
देखिए, तीन तस्वीरें…
राजा की हत्या से पहले के दो वीडियो इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय के सोहरा में हत्या से पहले के दो वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो में सोनम आगे चलती दिख रही है, जबकि राजा उसके पीछे है।
दूसरे वीडियो में तीन अन्य लोग ट्रैकिंग करते नजर आ रहे हैं। दावा है कि ये तीनों राजा की हत्या के आरोपी विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत हैं। इनमें से विशाल का चेहरा साफ नजर आ रहा है जबकि आनंद और आकाश अपना मुंह छिपाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
ये दोनों ही वीडियो फोटोग्राफर देव ने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए हैं। देव का पूरा नाम देवेंदर सिंह है। वे हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। फेसबुक पर इसी नाम से आईडी है।
पहला वीडियो: डबल डेकर रूट ब्रिज पर दिखे राजा-सोनम
फोटोग्राफर देव का दावा है कि ये सोनम और राजा का मेघालय में सोहरा के डबल डेकर रूट ब्रिज से गुजरने के दौरान का वीडियो है। देव के मुताबिक, ये वीडियो 23 मई को सुबह 9.45 का है, जो संयोगवश अचानक शूट हुआ है।
ये वीडियो राजा के भाई विपिन ने भी देखा है। दैनिक भास्कर से बातचीत में विपिन ने पुष्टि की है कि वीडियो में राजा और सोनम ही हैं।
देव ने वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर लिखा- मैं 23 मई 2025 को मेघालय के डबल डेकर रूट ब्रिज गया था और वहां वीडियो रिकॉर्ड किए थे। कल जब मैं अपने वीडियो चेक कर रहा था, तो मुझे इंदौर वाले कपल की रिकॉर्डिंग मिली। ये सुबह करीब 9:45 बजे का समय था, जब हम नीचे जा रहे थे और वह कपल ऊपर की ओर आ रहा था। वे नोंग्रियाट गांव में रात बिताने के बाद वापस जा रहे थे।
मुझे लगता है कि यह उस कपल की आखिरी रिकॉर्डिंग है। सोनम ने वही सफेद शर्ट पहनी हुई थी, जो बाद में राजा के पास मिली थी। मुझे उम्मीद है कि यह वीडियो मेघालय पुलिस को पूरे मामले को जोड़ने में मदद करेगा। जब भी मैं वीडियो में राजा को देखता हूं, मुझे उसके लिए बहुत बुरा लगता है। वह बिल्कुल सामान्य दिख रहा था।
दूसरा वीडियो: विशाल, आनंद और आकाश के दिखने का दावा
दूसरे वीडियो में तीनों आरोपी विशाल, आनंद और आकाश नजर आ रहे हैं। विशाल सबसे आगे चल रहा है। वह कैमरे की तरफ देख भी रहा है। वहीं, आनंद अपना मुंह दूसरी ओर घुमा लेता है। तीसरे आरोपी आकाश का चेहरा दूर से दिख रहा है। पास आने पर वह अपना मुंह नीचे कर लेता है, उसके बड़े बालों से उसका चेहरा ढंक जाता है।
इस पर देव ने लिखा- मैं दूसरा वीडियो पोस्ट कर रहा हूं। इस वीडियो में वे तीन लोग कैद हैं, जिन्हें अब इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
ये कोई योजनाबद्ध हाइलाइट नहीं था। हमारे पास बस घंटों की रॉ फुटेज सेव थी, जिसे हमने घर लौटने पर पूरी तरह से देखा भी नहीं था। बाद में इसे देखा। हम सिर्फ यात्री हैं। जो उस दिन उसी जगह पर थे, अनजाने में कुछ ऐसा कैप्चर कर लिया, जो बाद में ऐसी दिल दहला देने वाली घटना से जुड़ गया।
9 जून को गाजीपुर में मिली थी सोनम
सोनम (25) और राजा (29) की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 21 मई को हनीमून के लिए असम के गुवाहाटी से होते हुए मेघालय पहुंचे थे। वे दोनों 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंगरियाट गांव में एक होम स्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद ही लापता हो गए थे।
राजा का क्षत-विक्षत शव 2 जून को वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला था। सोनम 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली थी।
राजा का घर से निकलते हुए वीडियो राजा रघुवंशी का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह हनीमून पर जाने के लिए घर से निकलता दिखाई दे रहा है। राजा ने एयरपोर्ट जाने के लिए बाइक बुक की थी। उसने जाने से पहले अपने घर को देखा और सामान लेकर एयरपोर्ट के लिए निकल गया।
राजा के पिता अशोक रघुवंशी ने बताया कि राजा 20 मई को घर से गया था, लेकिन मैं उसे आखिरी बार भी नहीं देख सका।
इंदौर में तेरहवीं पर बना राजा की पसंद का खाना इंदौर में सोमवार को ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम हुआ। इसमें केवल परिवार के लोग और करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए। सोनम का भाई गोविंद भी पहुंचा था। गोविंद ने कहा, ‘शिलॉन्ग पुलिस ने मुझे पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस ने कहा कि बयान लेकर उस पर साइन करना है।’
राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने बताया- राजा को गुलाब जामुन, मंचूरियन, नूडल्स, दाल-चावल, ड्रायफ्रूट, केले, पपीता सहित कई चीजें पसंद थीं। मेरे छोटे भाई को जितनी भी चीजें पसंद थीं, वे सब उसकी तेरहवीं पर बनाई गई हैं।
उन्होंने ये भी बताया कि सामान्य मृत्यु होने पर जिस तरह से तेरहवीं होती है, वैसा आयोजन नहीं कर रहे हैं। इसमें परिवार के लोग ही शामिल हैं।
परिवार का सवाल- राजा को मारा क्यों? सचिन रघुवंशी ने दैनिक भास्कर से कहा- परिवार के लोगों के मन में बार-बार एक ही सवाल आ रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि सोनम ने शादी के चंद दिनों के बाद ही पति को मरवा दिया? इस हत्याकांड में इन पांचों के अलावा और कौन-कौन शामिल हैं, उनके नाम अब तक सामने क्यों नहीं आए हैं?
उन्होंने कहा- मेरे पास गाजीपुर से उजाला यादव का फोन आया था। उसने मुझे बताया था कि सोनम को छोड़ने 2 लड़के आए थे।
सचिन ने कहा- जब सोनम पकड़ाई तो लग रहा था कि वह सबकुछ कबूल लेगी। उन दोनों लड़कों के नाम भी बता देगी, जो उसे छोड़ने आए थे। लेकिन अब तक उसने ऐसा कुछ नहीं बताया इसलिए मैं नार्को टेस्ट की मांग कर रहा हूं। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। सोनम और राज अभी भी कई बातें छिपा रहे हैं, इसलिए पहले राज और सोनम का नार्को हो, इसके बाद तीनों आरोपियों का।
उजाला ने दावा किया था कि बस में सोनम से मिली थी दरअसल, उजाला यादव का दावा है कि गाजीपुर जा रही बस में उसकी मुलाकात सोनम से हुई थी। हालांकि, उसे उस वक्त पता नहीं था कि वह सोनम ही है।
उजाला ने बताया था- बस में सोनम मेरे पास बैठी थी। उसे बस स्टैंड छोड़ने दो लड़के आए थे। मैं मोबाइल पर राजा रघुवंशी की रील देख रही थी। ये देखकर सोनम भड़क गई। मुझसे कहा कि यह सब फर्जी और फालतू है, इन्हें मत देखो। जब सोनम की गिरफ्तारी हुई तब मुझे पता चला कि वह सोनम थी।
उजाला ने बताया था कि सोनम की गिरफ्तारी के बाद मैंने सोशल मीडिया से राजा के भाई सचिन के नंबर निकाले और उनसे फोन पर बात की। इस बातचीत के दो ऑडियो भी सामने आए थे। इसके बाद दैनिक भास्कर ने उजाला से बातचीत की थी।
क्यों मारा, इस सवाल का जवाब मिलना चाहिए सचिन ने कहा- हमें मालूम तो चले कि आखिर हुआ क्या है? अगर सोनम उन 2 लड़कों के बारे में नहीं बताती है तो मुझे जहां जाना पड़ेगा, जाऊंगा। अपने भाई को न्याय दिलाऊंगा। सोनम की हिम्मत देखिए कि वह राजा की रील देख रही उजाला यादव से कह रही है कि यह मत देखो। सब फालतू बातें हैं।
हमने एक मीडिया रिपोर्ट में पढ़ा है कि वह राज के घर रुकी थी इसलिए इस पूरे मामले में कड़ाई से पूछताछ की जानी चाहिए। हत्या कबूलना बड़ी बात नहीं है…क्यों मारा, इस सवाल का जवाब मिलना चाहिए।
महिलाओं-बच्चों ने मेघालय के CM को भेजे पोस्टकार्ड इंदौर में माता वसुंधरा सेवा समिति ने मेघालय सरकार को 5 हजार पोस्ट कार्ड लिखकर भेजे हैं। इनमें राजा रघुवंशी की हत्या करने वाले आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। संस्था की अध्यक्ष अनीशा कोठारी ने बताया कि हमने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा को पोस्ट कार्ड लिखे हैं। इनमें मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की है।
सोनम के परिवार पर भी कार्रवाई हो इंदौर में रविवार को राजा को श्रद्धांजलि देने कैंडल मार्च निकाला गया था। इस दौरान राजा के भाई सचिन ने कहा- मेरे भाई की हत्या हुई है और पुलिस ने सोनम के परिवार से किसी को भी नहीं पकड़ा है। अगर मेरे भाई की जगह सोनम के साथ ऐसा हो जाता तो हमारे पूरे परिवार को जेल में डाल दिया जाता।
यह बहुत बड़ी साजिश है। इसमें जिन-जिन लोगों के नाम आ रहे हैं, उन सबको गिरफ्तार किया जाना चाहिए। सोनम के परिवार पर भी कार्रवाई की जाए। एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो हम उसके घर जाकर आंदोलन करेंगे। एक-दो बार सोनम का भाई आया था। मैंने तो उससे बात तक नहीं की।
