Headlines

अहमदाबाद विमान हादसा- विजय रूपाणी का शव राजकोट पहुंचा:आज शाम अंतिम संस्कार होगा; अब तक 99 शवों की पहचान हुई

अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन हुआ था। सोमवार को उनका शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद शव चार्टर्ड प्लेन के जरिए राजकोट लाया गया।

पुलिस की सुरक्षा के बीच शव को वाहन के जरिए रूपाणी के राजकोट निवास ले जाया जा रहा है। आज शाम अंतिम संस्कार किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी राजकोट पहुंचे हैं।

इधर, अहमदाबाद विमान हादसे को 4 दिन बीत चुके हैं। इन चार दिनों में 250 शवों का DNA सैंपल लिया गया। अब तक 99 DNA मैच हो गए हैं, जिनमें से 64 शव उनके परिजनों को सौंपे गए हैं।

12 जून को एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171 (787-8 बोइंग ड्रीमलाइनर) उड़ान के कुछ देर बाद ही क्रैश हुई थी। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज ऐंड सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गया था।

इस हादसे में प्लेन में सवार 241 लोग (229 यात्री (एक जीवित) और 10 केबिन क्रू, 2 पायलट), हॉस्टल बिल्डिंग और बाकी 34 लोगों को मिलाकर 275 की मौत हुई है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, कुल मौत का अंतिम आंकड़ा सभी DNA टेस्ट होने के बाद साफ होगा।

15 जून की शाम अहमदाबाद सिविल अस्पताल की जारी लिस्ट, 33 शव उनके परिजनों को सौंपे गए

ब्लैक बॉक्स का वॉयस रिकॉर्डर भी मिला

रविवार को अधिकारियों ने पीएम मोदी के सचिव डॉ. मिश्रा को बताया है कि फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) का पता लगा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित कर लिया गया है। विमान के दोनों ब्लैक बॉक्स मिलने से जांचकर्ताओं के लिए दुर्घटना का कारण पता लगाना आसान हो जाएगा।

विमान हादसे में अपनों को गंवाने वाले विदेशी नागरिक उनके शवों को पाने के लिए अहमदाबाद पहुंचे।
विमान हादसे के मृतक रोजर डेविड क्रिस्टिन का शव रविवार को अहमदाबाद में दफनाया गया।
14 साल के आकाश पटनी की जान क्रैश में गई। रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024