अहमदाबाद प्लेन क्रैश; दोस्त का कॉल आया- एयरपोर्ट लौट जाओ:हरप्रीत को फ्लाइट में बैठाकर जा रहे थे पिता; ग्वालियर में हुआ MBBS छात्र का अंतिम संस्कार
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मध्यप्रदेश के दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर इंदौर की बहू हरप्रीत होरा है। वह अपने पति के पास लंदन जा रही थी। दूसरा ग्वालियर का एमबीबीएस स्टूडेंट आर्यन राजपूत है। वह मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इसी हॉस्टल की छत पर विमान क्रैश हुआ है। शनिवार को ग्वालियर के जिगसोली गांव में आर्यन का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हादसे के बाद की टीम इंदौर में हरप्रीत और ग्वालियर में आर्यन के गांव पहुंची। पढ़िए यह रिपोर्ट…
मृतकों की लिस्ट में बेटी का नाम पढ़कर रो पड़े पिता
इंदौर की बहू हरप्रीत होरा को पिता गुरजीत एयरपोर्ट तक छोड़ने साथ गए थे। हरप्रीत के एयरपोर्ट पर चेक इन के बाद पिता गुरजीत अपनी कार से एयरपोर्ट के बाहर निकले। उन्हें अहमदाबाद से करीब 50 किमी दूर किसी काम से जाना था। वे कुछ ही दूर पहुंचे कि दोस्त का फोन आया। उन्होंने पूछा कि हरप्रीत को लंदन वाली फ्लाइट में बैठा दिया क्या?
हां कहा तो तुरंत दोस्त ने फ्लाइट नंबर पूछा। तब गुरजीत ने कहा कि मैं खुद उसे एयरपोर्ट छोड़कर आया हूं। तब उनके दोस्त ने बताया कि वह विमान क्रैश हो गया है। मीडिया और सोशल मीडिया पर उसके वीडियो चल रहे हैं। तुम तुरंत एयरपोर्ट पहुंचो और बेटी के बारे में पता करो।
इतना सुनते ही रास्ते से गुरजीत ने अपनी कार वापस दौड़ा दी। वे एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में एम्बुलेंस और पुलिस देखकर चौंक गए। जानकारी लेने पर दोस्त की बात सही निकली। उन्होंने बेटी की जानकारी लेना चाही पर अफरा-तफरी के बीच काफी वक्त लग रहा था। कुछ देर बाद मृत यात्रियों की सूची मिली, जिसमें हरप्रीत का नाम देखकर पिता के आंसू छलक पड़े। इसके बाद उन्होंने पति रॉबी सहित अन्य रिश्तेदारों को यह जानकारी दी।
यूरोप घूमने का प्लान था, इसलिए जल्दी बुलाया हरप्रीत पहले 19 जून को निकलने वाली थी, लेकिन पति रॉबी ने कहा कि 16 मई को उनका बर्थडे है तो उसके पहले आ जाए। बर्थडे पर यूरोप घूमने की प्लानिंग की थी। रॉबी ने उसके लिए पत्नी हरप्रीत के टिकट भी बुक करा लिए थे।
सयाजी में हुई थी शादी, भंडारी रिसॉर्ट में पार्टी परिवार के लोगों ने बताया कि चार साल पहले दोनों की शादी धूमधाम से हुई थी। हरप्रीत के पिता और परिवार के अन्य सदस्य इंदौर आए थे। यहीं सयाजी और भंडारी होटल में उन्होंने पार्टी रखी थी। कुछ समय बाद रॉबी को लंदन काम के लिए जाना पड़ा। इसके बाद हरप्रीत की जॉब भी बेंगलुरु में लग गई तो इंदौर में परिवार को छोड़कर दोनों वहां चले गए। कुछ दिन पहले ही हरप्रीत लंदन जाने के लिए बेंगलुरु से अहमदाबाद आई थी।
अहमदाबाद प्रशासन ने 72 घंटे का समय दिया रॉबी के जीजा मनप्रीत छाबड़ा ने बताया कि परिवार ने गुरुवार को ही डीएनए सैंपल जमा करा दिया था। अहमदाबाद से कंफर्मेशन आने के बाद परिवार अहमदाबाद के लिए रवाना होगा। प्रशासन ने हमें 72 घंटे का समय दिया है। हरप्रीत का अंतिम संस्कार अहमदाबाद में ही किया जाएगा।
हरप्रीत दिसंबर में आखिरी बार इंदौर आई थी। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में जॉब करती थी जबकि रॉबी लंदन की आईटी कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं।
आर्यन को डॉक्टर बनाना चाहते थे पिता
अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना में ग्वालियर के भी एक परिवार ने अपना बेटा खोया है। जिगसोली गांव के आर्यन राजपूत की इस हादसे में मौत हुई है। जिस मेडिकल हॉस्टल पर प्लेन क्रैश होकर गिरा था आर्यन उसी में रहता था और एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। आर्यन हॉस्टल की मेस में खाना खा रहा था, तभी उसकी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
पिता-भाई सहित 8 लोग शव को लेने पहुंचे शुक्रवार को जब की टीम जिगसोली गांव पहुंची तो वहां पर हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। भाई और पिता आर्यन की मौत की सूचना के बाद अहमदाबाद के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि घर में मां और बहन उसकी मौत से अनजान अभी भी भगवान से उसकी खैरियत की प्रार्थना कर रही थी।
दोस्त बोले- अच्छा डॉक्टर बनना चाहता था गांव के लोगों से जब बातचीत की तो उन्होंने बताया कि आर्यन को डॉक्टर बनाने का सपना उसके पिता ने देखा था और पिता के सपने को पूरा करने के लिए एक साल पहले ही उसने अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। लेकिन यह कोई नहीं जानता था कि वह इस तरह छोड़कर चला जाएगा।
गांव में आर्यन के दोस्तों का कहना है कि वह हर वक्त सिर्फ पढ़ाई में डूबा रहता था। अच्छा डॉक्टर बनने की बात कहता था।
