Headlines

हरियाणा की अंजू का आखिरी स्टेटस-आदमी खिलौना है:पति का निधन हो चुका, 2 बेटियां, मां हार्ट पेशेंट; अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मौत हुई

हरियाणा की अंजू का आखिरी स्टेटस-आदमी खिलौना है:पति का निधन हो चुका, 2 बेटियां, मां हार्ट पेशेंट; अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मौत हुई

सुनील धीमान, कुरुक्षेत्र4 मिनट पहले
कुरुक्षेत्र में अंजू की मौत के बाद विलाप करती मां और बहनें। इनसेट में अंजू की फाइल फोटो।

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए प्लेन क्रैश में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली महिला अंजू शर्मा (55) की भी मौत हो गई। अंजू के पति की भी मौत हो चुकी है। उनकी 2 बेटियां हैं। वह लंदन में रह रही अपनी बेटी निम्मी से ही मिलने के लिए जा रही थीं। पुलिस ने शव की पहचान के लिए वडोदरा में रह रही उनकी दूसरी बेटी हन्नी का DNA टेस्ट कराया है। अंजू का अंतिम संस्कार वडोदरा में ही होगा।

अंजू कुरुक्षेत्र के रामशरण माजरा गांव की रहने वाली थीं। वो फिलहाल गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं। टेक ऑफ से पहले उन्होंने हरियाणा में अपने बीमार पिता से वीडियो कॉल कर कहा था कि लौटने के बाद मैं मिलने आउंगी। अंजू के माता-पिता को आज ही उनकी मौत के बारे में बताया गया है।

वहीं, विमान में बैठने के बाद टेकऑफ से पहले 1 बजकर 6 मिनट पर अंजू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘आदमी खिलौना है’ गाने का स्टेटस लगाया था। इसके बाद 1.40 बजे विमान क्रैश हो गया। जिसमें उनकी मौत हो गई।

इस स्टेटस को देखकर परिवार के लोग कह रहे हैं कि जैसे अंजू को पहले ही आभास हो गया था कि उसे अब इस दुनिया से जाना है। अंजू की बहन निधि ने कहा कि बहन ने मुझे घटना से पहले वीडियो कॉल की थी, लेकिन मैं उठा नहीं पाई।

अपनी दोनों बेटियों और दामादों के साथ खड़ीं अंजू (बीच में)।

अंजू शर्मा: पंजाब में शादी, फिर वड़ोदरा चली गईं

  • 1990 में पटियाला में शादी हुई: अंजू शर्मा भले ही अब हरियाणा में नहीं रहती हों, लेकिन उनके पिता जगदीश शर्मा और मां संतोष अभी भी गांव रामशरण माजरा में ही रहते हैं। उनकी शादी 1990 में पंजाब के पटियाला के अलाना गांव के पवन शर्मा से हुई थी। पवन शर्मा वडोदरा के प्लांट में गैस लीकेज बंद करने का काम करते थे। उनकी करीब 4 साल पहले किडनी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
  • एक बेटी लंदन तो दूसरी वडोदरा रह रही: अंजू की दो बेटियां हैं- हन्नी शर्मा और निम्मी शर्मा। अंजू लंदन में निम्मी से मिलने के लिए जा रहीं थीं, वह यहां पर करीब 6 महीने रहने भी वाली थीं। निम्मी यहां पर अपने पति राहुल के साथ रह रही हैं। वहीं हन्नी अपने पति अमित के साथ वडोदरा में रह रही हैं।
  • सबसे बड़ी बेटी अंजू, भाई फिल्म डायरेक्टर: अंजू सबसे बड़ी बेटी थीं। उनकी 7 बहनें और एक भाई हैं। बहनों में उज्वला, प्रोमिला, दया, पूनम, निधि, महक और सीमा हैं। इकलौते भाई मिलिन शर्मा हैं। वह वडोदरा में रहते हैं और फिल्म डायरेक्टर हैं।
इस तस्वीर में अंजू के भाई मिलिन शर्मा अपने माता-पिता के साथ हैं। मिलन शर्मा वडोदरा में ही रहते हैं और फिल्म डायरेक्टर हैं।

अंजू के चचेरे भाई की 2 अहम बातें…

  • 10 दिन पहले माता-पिता से मिलने कुरुक्षेत्र आई: अंजू के चाचा के लड़के वैभव शर्मा ने बताया कि 10 दिन पहले अंजू अपने पिता जगदीश शर्मा और माता संतोष से मिलने के लिए गांव आई थीं। जगदीश शर्मा आबकारी विभाग में क्लर्क थे जो कि अब रिटायर हो चुके हैं। इन दिनों वह बीमार हैं और डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट के लिए कहा है। पिता की तबीयत खराब होने के कारण ही अंजू काफी लंबे समय बाद गांव में आईं थीं।
  • टेक ऑफ से पहले पिता को वीडियो कॉल किया: वैभव ने ये भी बताया कि हादसे के दिन सुबह अंजू ने पिता का हाल-चाल पूछने के लिए वीडियो कॉल किया था, जिस समय कॉल किया था, उस समय वो एयरपोर्ट पर ही बैठीं थीं। पिता से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि वो करीब 6 महीने के लिए लंदन जा रही हैं। वापस लौटते ही वह मिलने के लिए जरूर आएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024