Headlines

राहुल गांधी का PM मोदी को लेटर, 2 मांगें उठाईं:लिखा- दलित, OBC स्टूडेंट्स के हॉस्टल में सुधार हो, स्कॉलरशिप समय पर मिले

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं को लेकर PM मोदी को लेटर लिखा। जिसमें राहुल ने हॉस्टल में होने वाली असुविधाओं का जिक्र किया। राहुल ने बताया कि वे पिछले महीने बिहार में अंबेडकर हॉस्टल गए थे, जहां स्टूडेंट ने इन समस्याओं को जिक्र किया था।

राहुल ने इसके अलावा छात्रों को मिलने वाली स्कॉलरशिप का मुद्दा भी उठाया। राहुल ने लिखा कि दलित, ST, इकोनॉमिक बैकवर्ड क्लास (EBC), OBC और अल्पसंख्यक समुदायों के स्टूडेंट को मिलने वाली स्कॉलरशिप में देरी न हो।

उन्होंने कहा कि स्कॉलरशिप पाने वाले दलित छात्रों की संख्या लगभग आधी हो गई है। 2023 में ये 1.36 लाख थी, जो 2024 में घटकर 0.69 लाख रह गई है।

अब पढ़िए राहुल का लेटर

प्रिय प्रधान मंत्री,

मैं आपसे दो महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने का अनुरोध करता हूं जो 90% छात्रों के लिए शिक्षा के अवसरों में बाधा डालते हैं। दलित, एसटी, ईबीसी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों के छात्रों के लिए आवासीय छात्रावासों की स्थिति दयनीय है।

पहली बात, हाल ही में मैं बिहार के दरभंगा में अंबेडकर छात्रावास गया था। छात्रों ने शिकायत की, एक कमरे में 6-7 छात्रों को रहने के लिए मजबूर किया जाता है। वहां टॉयलेट साफ नहीं है, पीने को साफ पानी नहीं मिलता, मेस सुविधाओं की कमी है।

दूसरी बात छात्रों के लिए पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप में देरी से जुड़ी है। उदाहरण के लिए, बिहार में, स्कॉलरशिप पोर्टल तीन साल तक बेजान पड़ा था और 2021-22 में किसी भी छात्र को स्कॉलरशिप नहीं मिली।

छात्रों की शिकायत है कि छात्रवृत्ति की राशि काफी कम है। मैंने यहां सिर्फ बिहार का उदाहरण दिया है लेकिन यही हाल पूरे देश का है। मैं सरकार से इन विफलताओं को दूर करने के लिए तुरंत दो कदम उठाने का आग्रह करता हूं।

मुझे यकीन है कि आप इस बात से सहमत होंगे कि जब तक निचले तबके के युवा आगे नहीं बढ़ेंगे, तब तक भारत प्रगति नहीं कर सकता। मैं आपकी सकारात्मक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा हूं।

15 मई को राहुल गांधी ने बिहार में हॉस्टल का दौरा किया था

राहुल गांधी 15 मई को बिहार के दरभंगा पहुंचे थे। वहां उन्होंने अंबेडकर छात्रावास में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि, ’90 प्रतिशत आबादी के लिए इस देश में कोई रास्ता नहीं है। सीनियर ब्यूरोक्रेसी में आपके लोग जीरो, डॉक्टर में आपके कितने लोग..जीरो, एजुकेशन सिस्टम में आपके कितने लोग जीरो, मेडिकल सिस्टम के मालिकों को देखो तो जीरो।’

‘मनरेगा की लिस्ट देखो तो सारे के सारे लोग आपके हैं। मजदूरों की लिस्ट निकालो तो आपके लोगों से भरी पड़ी है। सारा का सारा धन और ठेकेदारी 8-10 प्रतिशत लोगों के हाथों में जाता है।’

राहुल बिना परमीशन हॉस्टल पहुंचे थे, 12 मिनट रुके थे राहुल गांधी के दरभंगा पहुंचने के पहले पुलिस प्रशासन और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। राहुल दलित- माइनॉरिटी कम्युनिटी के छात्रों से बातचीत करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें छात्रावास में बातचीत की परमिशन नहीं दी थी।

उन्हें दरभंगा के टाउन हॉल में बातचीत की परमिशन दी गई थी, लेकिन राहुल टाउन हॉल ना जाते हुए पैदल छात्रावास ही पहुंचे। उन्होंने छात्रों को सिर्फ 12 मिनट का संबोधन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024