Headlines

अहमदाबाद में आयुष्मान घोटाला, आरोपी रिमांड पर:कल रात गिरफ्तार हुआ, 2 मरीजों की जबरन एंजियोप्लास्टी कराई थी, बाद में मौत हुई

गुजरात के अहमदाबाद में PMJAY योजना में घोटाले के आरोपी कार्तिक पटेल को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

कार्तिक के अस्पताल में 2 मरीजों की PMJAY योजना के तहत जबरन एंजियोप्लास्टी की गई थी, इसके बाद मरीजों की मौत हो गई। घटना के बाद कार्तिक त्यागी फरार हो गया। पुलिस ने उसे शनिवार रात अहमदाबाद एयरपोर्ट से दुबई से लौटने पर गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कोर्ट में कहा कि कार्तिक और उसकी टीम ने मरीजों की जांच रिपोर्ट में 30 से 80 प्रतिशत ब्लॉकेज दिखाए। ताकि PMJAY का लाभ उठाया जा सके। 956 दिनों में योजना के तहत 3500 से ज्यादा क्लेम किए गए। 3800 एंजियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी की गई। सरकारी वकील ने कोर्ट में कहा कि अस्पताल में सभी ऑपरेशन कार्तिक के कहने पर ही किए गए थे।

अहमदाबाद के इसी निजी अस्पताल में PMJAY योजना के तहत जबरन एंजियोप्लास्टी की गई थी।
पुलिस ने कोर्ट में रखे 7 पॉइंट

1. फर्जी ऑपरेशन और क्लेम के मामले में कार्तिक पटेल ही मुख्य साजिशकर्ता।

2. उसके अस्पताल में आरोपियों की क्लेम में हिस्सेदारी। लेनदेन की जांच चल रही है।

3. अहमदाबाद और आसपास के डॉक्टरों को पैसे दिए जाते थे, वे मरीजों को कार्तिक के अस्पताल में रेफर करते थे।

4. जांच की जा रही है कि PMJAY योजना के अधिकारी शामिल थे, क्या कार्तिक उन्हें गिफ्ट या घूस देता था।

5. जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं थे, उनके आयुष्मान कार्ड फर्जी तरीके से बने। कौन शामिल था, जांच चल रही।

6. आयुष्मान योजना में मिले 16 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम कहां गई, इसका इन्वेस्टिगेशन किया जा रहा है।

7. आरोपी की विदेश में रहने की व्यवस्था किसने की थी, यह जांच की जा रही है।

आरोपी बोला- लेनदेन जांचने के लिए रिमांड की जरूरत नहीं

कार्तिक पटेल के वकील ने कोर्ट में कहा कि इस मामले में वित्तीय लेनदेन की जांच होनी है। इसके लिए रिमांड की जरूरत नहीं है। कार्तिक के अस्पताल में कई मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन हुआ, अगर पैसे कमाने होते तो ऐसा क्यों करते। सरकारी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए उन्हें कैंप लगवाए थे।

वस्त्रपुर पुलिस स्टेशन में कार्तिक पटेल और उसके साथियों के खिलाफ कुल तीन शिकायतें दर्ज की गई हैं।
वस्त्रपुर पुलिस स्टेशन में कार्तिक पटेल और उसके साथियों के खिलाफ कुल तीन शिकायतें दर्ज की गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड के बाद दुबई गया था कार्तिक

पुलिस के मुताबिक, कार्तिक 3 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया गया और फिर 11 नवंबर को न्यूजीलैंड। इसके बाद वो दुबई चला गया। शनिवार रात वो वहां से भारत लौटा। क्राइम ब्रांच ने कार्तिक को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया और उसके परिवार को सूचना दी, लेकिन कोई उसे देखने नहीं आया। उसके पास से एक टी-शर्ट, एक जोड़ी पैंट, एक जोड़ी चप्पल और एक नया फोन था। कार्तिक ने पुलिस को बताया कि ऑस्ट्रेलिया में उसका पुराना फोन खो गया था।

10 दिनों से दुबई से अहमदाबाद का टिकट बुक कर रहा था
कार्तिक पुलिस को गुमराह करने के लिए पिछले 10 दिनों से दुबई से अहमदाबाद की फ्लाईट बुक कर रहा था, लेकिन सफर नहीं करता था। करोड़ों का घोटाला करने वाला कार्तिक दुबई से इकॉनमी क्लास से भारत आया था। पुलिस ने बताया कि उसके पास अमेरिका का ग्रीन कार्ड भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024