Headlines

गणतंत्र दिवस फ्लाईपास्ट में ध्रुव-तेजस नहीं होंगे:पोरबंदर हादसे की वजह से ध्रुव, सिंगल इंजन एयरक्राफ्ट होने के कारण तेजस बाहर; राफेल शामिल

भारत में बना हेलिकॉप्टर ध्रुव और लड़ाकू विमान तेजस गणतंत्र दिवस फ्लाईपास्ट का हिस्सा नहीं होंगे। इसी महीने गुजरात के पोरबंदर में एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर ध्रुव के क्रैश होने के बाद यह फैसला लिया गया है।

वहीं, तेजस के सिंगल इंजन एयरक्राफ्ट होने की वजह से इसे फ्लाईपास्ट से बाहर किया गया है। दरअसल, वायुसेना ने गणतंत्र दिवस परेड में सिंगल इंजन एयरक्राफ्ट्स को उड़ाना बंद कर दिया है।

वायुसेना अधिकारी ने मीडिया को बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में 22 लड़ाकू विमान, 11 ट्रांसपोर्ट विमान, 7 हेलिकॉप्टर और 3 डोरनियर निगरानी विमान शामिल होंगे। फ्लाईपास्ट में एक राफेल लड़ाकू विमान भी शामिल होगा। परेड में वायुसेना की मार्चिंग दस्ते में 144 जवान शामिल होंगे।

पोरबंदर में हुए हादसे में कोस्ट गार्ड के 3 कर्मियों की मौत हुई थी।
जांच पूरी होने तक उड़ान नहीं भरेगा ध्रुव
वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि आर्मी, वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल के पास करीब 330 डबल इंजन ध्रुव हेलिकॉप्टर हैं। पोरबंदर में हुए हादसे के बाद इसके पूरे बेड़े को रोक दिया गया है।

दुर्घटना पर बनी हाई लेवल कमेटी जब तक क्रैश की वजह का पता नहीं लगा लेती, तब तक हेलिकॉप्टरों के उड़ान भरने की संभावना नहीं है। इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) का मार्क- 3 ध्रुव हेलिकॉप्टर ​​​​​​नियमित उड़ान पर था।

पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर लैंडिंग के दौरान दोपहर करीब 12.15 बजे क्रैश हो गया था। हादसे में ICG के 2 पायलट और 1 एयर क्रू गोताखोर की मौत हुई थी। पूरी खबर पढ़े…

15 साल में पहली बार गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा नहीं होगा ध्रुव
5.5 टन वजनी AHL ध्रुव का निर्माण सरकारी एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने किया है। यह मल्टीपर्पज और मल्टी मिशन हेलिकॉप्टर है और पिछले 15 सालों से गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रहा है।

वहीं, सिंगल इंजन लड़ाकू जेट तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) है। इसे भी HAL ने ही विकसित किया है। यह हल्का लड़ाकू विमान जासूसी और एंटी शिप मिशन में अहम भूमिका निभाता है।

फरवरी 2021 में, रक्षा मंत्रालय ने वायुसेना के लिए 83 तेजस MK-1A जेट की खरीद के लिए HAL के साथ 48 हजार करोड़ रुपए का सौदा किया था। वहीं, पिछले साल नवंबर में मंत्रालय ने वायुसेना के लिए 97 तेजस जेट विमानों की अतिरिक्त खेप खरीदने की मंजूरी दी थी।

PM मोदी भर चुके हैं फाइटर प्लेन तेजस में उड़ान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर, 2023 को बेंगलुरु में तेजस फाइटर प्लेन में उड़ान भरी थी। इसके बाद पीएम ने कहा था कि तेजस में सफलतापूर्वक सॉर्टी की। ये गजब का अनुभव रहा। इस उड़ान से मेरे अंदर देश की स्वदेशी क्षमताओं पर भरोसा और बढ़ गया है।

पीएम ने X पर लिखा था कि मैं आज तेजस में उड़ान भरते हुए अत्यंत गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमारी मेहनत और लगन के कारण हम आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में विश्व में किसी से कम नहीं हैं। भारतीय वायुसेना, DRDO और HAL के साथ ही समस्त भारतवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024