हिमाचल में तापमान माइनस 12º पहुंचा:हरियाणा में ठंड से 2 की मौत, गाजियाबाद में स्कूल बंद, यूपी-राजस्थान में ओले का अलर्ट
नई दिल्ली2 घंटे
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से 19 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के राज्यों में तापमान लगातार गिर रहा है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मंगलवार को 17 राज्यों में कोहरा और 9 राज्यों में बारिश होने का अनुमान भी जताया है।
हिमाचल में बर्फबारी के कारण कुकुमसेरी का इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान -12.3°C दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -10.9°C तापमान रहा। हरियाणा में भी सर्दी के कारण 2 लोगों की मौत हुई। पंजाब के अमृतसर में तापमान 1.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
यूपी में सुबह से 43 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सहारनपुर में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई। ठंड के चलते गाजियाबाद में 8वीं क्लास तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। कुछ जिलों में आज ओले गिरने का भी अलर्ट है।
मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान के भी 15 जिलों में आज ओले गिर सकते हैं। जोधपुर में सभी स्टूडेंट्स के लिए 14-15 जनवरी और सवाई माधोपुर के स्कूलों में 8वीं तक के बच्चों के लिए 16 जनवरी तक छुट्टी की गई है।
राज्यों से मौसम की चार तस्वीरें…
श्रीनगर में कई दिन बाद सोमवार सुबह धूप खिली। यहां न्यूनतम तापमान -5 डिग्री पहुंचा।
प्रयागराज में श्रद्धालुओं ने धुंध के बीच पौष पूर्णिमा पर कुंभ स्नान किया। यहां तापमान 5 डिग्री से कम रहा।
प्रयागराज में श्रद्धालुओं ने धुंध के बीच पौष पूर्णिमा पर कुंभ स्नान किया। यहां तापमान 5 डिग्री से कम रहा।
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर घने कोहरे के चलते फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।
कोहरे की वजह से आगरा में ताजमहल धुंधला नजर आया। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई।
कोहरे की वजह से आगरा में ताजमहल धुंधला नजर आया। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई।
कश्मीर घाटी में कई दिनों बाद धूप, श्रीनगर में तापमान -5.1 डिग्री
कश्मीर घाटी में शीतलहर का दौर जारी है। हालांकि, कई दिनों बाद सोमवार सुबह श्रीनगर में धूप निकली। इससे पहले रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 3.1°C की गिरावट के साथ -5.1°C पहुंच गया। पहलगाम का तापमान सबसे कम -8.4°C दर्ज किया गया।
महाकुंभ में मौसम अपडेट के लिए वेबपेज लॉन्च
इसके अलावा मौसम विभाग ने दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम महाकुंभ में मौसम अपडेट के लिए वेबपेज लॉन्च किया है। यह प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, आगरा, कानपुर और वाराणसी सहित पड़ोसी शहरों के लिए प्रति घंटा, तीन घंटे और साप्ताहिक पूर्वानुमान देता है।
अगले 3 दिन मौसम का अनुमान…
15 जनवरी: 3 राज्यों में बारिश, 7 में कोहरा
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल में बारिश का अलर्ट
हिमाचल, यूपी, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर,मोजरम और त्रिपुरा में घना कोहरा रहेगा।
पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बिजली गिर सकती है।
16 जनवरी: 5 राज्यों में बारिश, नॉर्थ ईस्ट में घना कोहरा
जम्मू-कश्मरी, हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी होगी।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बादल बरसेंगे।
हिमाचल, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम समेत नॉर्थ ईस्ट में घना कोहरा रहेगा।
17 जनवरी: पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में बारिश
मौसमी सिस्टम के ऊपर खिसकने से पहाड़ों पर बर्फबारी संभावित है।
पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में घना कोहरा रहेगा।
