Headlines

केजरीवाल बोले-दिल्ली के लोग भाजपा से बदला लेने को तैयार:पीएम हर पांच साल में झूठ बोलने आते हैं, काम कुछ करते नहीं

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा, ‘दिल्ली की जनता भाजपा और केंद्र सरकार से नाराज है। जनता भाजपा से बदला लेने को तैयार बैठी है।’

केजरीवाल ने कहा- पीएम रोज दिल्ली के लोगों को गालियां दे रहे हैं, दिल्ली की जनता का अपमान कर रहे हैं। दिल्ली के लोग चुनाव में बीजेपी को इस अपमान का जवाब देंगे। लोगों की शिकायत है कि पीएम हर पांच साल में झूठ बोलने आते हैं। ये झूठे वादे करते हैं, लेकिन काम कुछ नहीं करते।

दरअसल, पीएम मोदी ने रविवार को दिल्ली में 12 हजार 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि आप-दा सरकार ने दिल्ली में आपदा लाई है। दिल्ली में सभी बड़े प्रोजेक्ट्स केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है।

3 जनवरी को केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा में आपदा आई हुई है। भाजपा के पास न तो सीएम फेस है और न ही एजेंडा। दिल्ली के अंदर कानून-व्यवस्था की आपदा है। गैंगस्टर गोलियां चला रहे हैं, व्यापारी रो रहे हैं और सुरक्षा मांग रहे हैं। मोदी और शाह के कानों में आवाज नहीं पहुंच रही है।

केजरीवाल के भाषण की 4 मुख्य बातें…

भाजपा ने AAP नेताओं को जेल में डाला केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली को NCR से जोड़ने वाली रैपिड रेल के पहले चरण समेत तीन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। ये उन लोगों को जवाब है जो कहते हैं कि आम आदमी पार्टी लड़ती बहुत है। सच ये है कि AAP दिल्ली के लोगों के लिए काम करती है। अगर हम अपने ऊपर हुए अत्याचार को मुद्दा बनाते तो आज ये RRTS की लाइन नहीं बनती।
हमने दिल्ली के कामों को पार्टी से ऊपर रखा केजरीवाल ने कहा कि जेल से निकलने के बाद हमने कहा कि कुछ भी हो जाए, ये लोग कितना भी अत्याचार कर लें, लेकिन दिल्ली के काम नहीं रुकने चाहिए। बीते 10 साल का AAP का सफर यही दिखाता है कि दिल्ली के कामों को, दिल्ली के लोगों के विकास को हमने पार्टी से ऊपर रखा।
केंद्र सरकार के हाथ जोड़े, संघर्ष की किया केजरीवाल ने कहा- आज का जॉइंट वेंचर दिखाता है कि जब भी जरूरत पड़ी, हमने केंद्र सरकार के आगे हाथ जोड़े, पैर पड़े। जब इससे भी काम नहीं बना, तब संघर्ष का रास्ता चुना। भाजपा ने मोहल्ला क्लिनिक दो साल के लिए रोके, सीसीटीवी रोके। हमने संघर्ष करके इनकी फाइलें क्लियर कराईं।
दिल्ली की जनता से किए वादे पूरे करें पीएम पूरे देश में भाजपा की जितनी डबल इंजन की सरकारें हैं, आम आदमी की पार्टी की सरकार के काम और उनकी स्पीड इन सब सरकारों से दोगुना-तीन गुना रहती हैं। केजरीवाल ने कहा- मैं पीएम से निवेदन करना चाहता हूं कि उन्होंने 2020 में दिल्ली के लोगों से जो वादे किए थे, दिल्ली देहात के भाई आज भी उन वादों के पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं।

लैंड रिफॉर्म एक्ट पर केजरीवाल ने पीएम मोदी को घेरा
केजरीवाल ने कहा- प्रधानमंत्री ने वादा किया था कि लैंड रिफॉर्म एक्ट की धारा 33 और धारा 81 रद्द की जाएगी, जो करना सिर्फ केंद्र के हाथ में है। दिल्ली विधानसभा में इस बारे में कई साल पहले प्रस्ताव पास हुआ। लेकिन भाजपा सरकार ने कई किसानों पर छोटे-छोटे केस दर्ज कर रखे हैं।

किसान कचहरी के चक्कर काट-काटकर परेशान हो गए। इनके सारे केस वापस लिए जाने चाहिए। मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि अगली बार जब भाषण देने आएं तो दिल्ली देहात के लोग इंतजार कर रहे हैं कि इस बारे में भी बोलकर जाएं कि तब ये दोनों धाराएं रद्द क्यों नहीं की गईं और अब कब तक की जाएंगीं।

दिल्ली के कई किसानों को दिल्ली में जमीनें दी गई थीं, जिन पर उन्हें अब तक मालिकाना हक नहीं दिया गया है। पीएम ने 2020 में ऐलान किया था कि वे मालिकाना हक देंगे। जितने किसानों की जमीनों को सरकार अपने कब्जे में लेती है, उन्हें कानूनन दूसरी जमीन दी जाती है।

उन्होंने कहा कि 50 साल में अब तक किसी किसान को दूसरा प्लॉट नहीं दिया गया है। ये वादा भी पीएम ने 2020 में किया था। 2041 का दिल्ली का मास्टर प्लान आज भी इंतजार कर रहा है कि जिसके चलते दिल्ली का विकास रुका हुआ है।

केंद्र उसका नोटिफिकेशन क्यों जारी नहीं कर रही है। मैं पीएम को कहना चाहता हूं कि आप हमें गाली देना चाहते हैं, दीजिए। 38 में 29 मिनट आप हमें गाली दे लेना, लेकिन चार मिनट में आप इन मुद्दों पर भी बाेलना।

केजरीवाल ने कहा था- 2014 से पहले दिल्ली में नर्क था

3 जनवरी को केजरीवाल ने कहा था कि बीजेपी के संकल्प पत्र में लिखा है कि पूर्वांचलियों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ। हमारे यहां पूर्वांचली पढ़ने आते हैं या काम करने आते हैं। दिल्ली के अंदर कच्ची कॉलोनियों के भीतर 2014 से पहले कोई काम नहीं होता था, नर्क रहता था।

उन्होंने कहा था कि दस साल में आम आदमी पार्टी ने उनके लिए सड़कें, गलियां, नालियां, सीसीटीवी, सीवेज, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाकर उनको इज्जत दी। पूरी खबर पढ़ें…

23 फरवरी 2025 तक दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं। चुनाव आयोग जनवरी के दूसरे हफ्ते में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024