Headlines

यूपी-बिहार में ठंड से 10 लोगों की मौत:दिल्ली में 160 फ्लाइट और 60 ट्रेनें लेट; राजस्थान में आज बारिश के आसार

यूपी-बिहार में ठंड से 10 लोगों की मौत:दिल्ली में 160 फ्लाइट और 60 ट्रेनें लेट; राजस्थान में आज बारिश के आसार

नई दिल्ली3 घंटे पहले

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर तेज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों ने जान गंवाई।

देश के 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा देखने को मिल रहा है। विजिबिलिटी घटने के कारण दिल्ली में रविवार को 160 फ्लाइट लेट हुईं। 7 कैंसिल भी हुईं। वहीं, 60 से ज्यादा ट्रेनें भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचीं। दिल्ली में 3 दिनों में कुल 900 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंड से फिलहाल राहत है। राजस्थान के कुछ जिलों में रविवार को बारिश की संभावना है। वहीं, MP में 2 दिन बाद सर्दी बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है।

मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी 7 जिलों में भारी बर्फबारी के आसार हैं।

ठंड, कोहरा और बर्फबारी की 10 तस्वीरें…

ओडिशा में रविवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। इससे ट्रेनें लेट हुईं।

जयपुर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घट गई।
चंडीगढ़ में धुंध के कारण लोगों को गाड़ी चलाने में दिक्कतें आईं।

जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में बर्फबारी के कारण सड़कों पर बर्फ जम गई।

अमृतसर में रविवार सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर से कम दर्ज की गई।

श्रीनगर में बर्फबारी के साथ-साथ घना कोहरा भी छाया रहा। विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई।

प्रयागराज में घने कोहरे के बीच कुंभ मेले की तैयारी जारी है। यहां रविवार को दिन में भी कोहरा छाया रह सकता है।

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर घने कोहरे के बीच जवानों ने गणतंत्र दिवस की परेड की तैयारी की।

दिल्ली में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का भी असर बढ़ रहा है।

गुरुग्राम में भी रविवार सुबह ठंड के साथ-साथ कोहरा देखने को मिला। यहां तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया।

अगले 3 दिन मौसम का हाल…

6 जनवरी: 14 राज्यों में कोहरा, हिमाचल में बर्फबारी

हिमाचल के कई जिलों में बर्फबारी की संभावना है। कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रहेगी।
हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का अलर्ट है।
दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कोहरा रहेगा।
7 जनवरी: 3 राज्यों में बर्फबारी, राजस्थान में बारिश होगी

मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट होगी। राजस्थान में बारिश के आसार रहेंगे।
दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा में कोहरा छाया रहेगा।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी होगी
8 जनवरी: उत्तर भारत में कोहरा, साउथ में बारिश

तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश की संभावना है।
उत्तर भारत के राज्यों में कोहरा छाया रहेगा।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी होगी
देश का तीसरा सबसे ठंडा इलाका हिरपोरा गांव, यहां तापमान 20 डिग्री

शोपियां का हिरपोरा गांव समुद्र से 7 हजार फीट की ऊंचाई पर है। यहां जैसे पहाड़ चढ़ते हैं, वैसे बर्फ बढती जाती है।
लद्दाख के न्योमा और द्रास के बाद देश का तीसरा सबसे ठंडा इलाका शोपियां जिले का हिरपोरा गांव है। यहां फिलहाल 2 फीट बर्फ है। दिन के डेढ़ बजे यहां तापमान माइनस 13 डिग्री है। रात में यह माइनस 20 डिग्री तक पहुंच रहा है।

बर्फ के छह महीने यह गांव मुख्यालय से लगभग कटा रहता है। पर्यटक 4 से 5 किमी पैदल चलकर यहां पहुंचते हैं, क्योंकि सड़कें बर्फ में छिपी रहती हैं। यहां 70% आबादी सब्जी उगाती है और लोग सर्दी के लिए यही सब्जी गर्मियों में सुखाना शुरू कर देते हैं।

स्थानीय किसान मुश्ताक अहमद बताते हैं कि हम गाय पालते हैं और उसकी घास भी स्टोर करते हैं, ताकि सर्दी भर दूध मिलता रहे। यहां लोग सुबह स्नो क्रिकेट, कबड्‌डी, बॉलीवॉल खेलते हैं या फिर कोई न कोई ऐसी एक्टिविटी करते हैं, जिससे शरीर में गर्मी आए। इसके लिए 10 दिन में एक बार नहाने का नियम है। इसे सभी लोग मानते हैं।

हिरपोरा के लोगों की इस ठंड की आदत है। हिरपोरा में रहने वाली 10 साल की फातिमा ने भास्कर को बताया कि वह रोज 3 किमी दूर जाती है, चाहे कितनी भी बर्फ हो। वे लोग मौसम के आदी हो चुके हैं।

हिमाचल में ठंड, लेकिन शिमला सबसे गर्म

हिमाचल प्रदेश में ठंड के बावजूद शिमला पिछले 19 सालों में जनवरी में सबसे गर्म रहा। यहां 3 जनवरी को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 22°C दर्ज किया गया। इससे पहले 2006 में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 21.4°C रिकॉर्ड हुआ था।
शिमला, किन्नौर, लाहौल और स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं निचले इलाकों में 7 जनवरी तक बारिश के आसार हैं। 8 जनवरी को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024