Headlines

भाजपा नेता बिधूड़ी बोले- प्रियंका के गालों जैसी सड़कें बनवाएंगे:पवन खेड़ा ने कहा- ये घटिया आदमी की मानसिकता, RSS के दिए संस्कार

दिल्ली से भाजपा कैंडिडेट रमेश बिधूड़ी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक कमेंट किया। बयान का वीडियो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने X पर शेयर किया।

रमेश बिधूड़ी वीडियो में कहते दिख रहे हैं, ‘लालू ने वादा किया था कि बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना दूंगा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा।’

पवन खेड़ा ने इस बयान पर ऐतराज जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘यह बदतमीजी सिर्फ इस घटिया आदमी की ही मानसिकता नहीं दिखाती, यह है इसके मालिकों की असलियत। ऊपर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संस्कार आपको भाजपा के इन ओछे नेताओं में दिख जाएंगे।’

बिधूड़ी ने कहा- कांग्रेस लालू से कहे कि वो हेमा मालिनी से माफी मांगें
कांग्रेस के विरोध पर रमेश बिधूड़ी ने कहा, ‘मैंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। कांग्रेस को बयान पर ऐतराज है तो पहले लालू यादव से कहे कि वह हेमा मालिनी से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने भी इस तरह का बयान दिया था।’

कालकाजी से आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी चुनाव लड़ेंगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शनिवार को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी थी। लिस्ट में 29 नाम हैं। इनमें से 7 नेता हाल ही में AAP और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा चुनाव लड़ेंगे। कालकाजी से CM आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है।

पार्टी ने पहली सूची में पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट पाने वाले अधिकतर प्रत्याशियों को फिर से टिकट दिया है। 29 उम्मीदवारों की सूची में 13 उम्मीदवारों को रिपीट किया है, जबकि 16 के टिकट बदले हैं।

पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दें…

बिधूड़ी विवादित बयान से चर्चित, संसद में दानिश पर आपत्तिजनक कमेंट किया था

यह तस्वीर 21 सितंबर 2023 की है। तब रमेश बिधूड़ी बीजेपी सांसद थे। हालांकि 2024 लोकसभा चुनाव में बिधूड़ी का टिकट काट दिया गया था।
भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। 21 सितंबर 2023 को संसद में स्पेशल सेशन के दौरान बिधूड़ी ने BSP सांसद दानिश अली पर अभद्र टिप्पणी की थी। दानिश अली ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को लेटर लिखकर इसकी शिकायत भी की थी।

बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी के बयान की निंदा की थी और तब के सांसद बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दानिश पर आरोप लगाते हुए कहा था कि बसपा सांसद ने पीएम मोदी को लेकर अपशब्द कहे थे। जिसका पलटवार करते हुए बिधूड़ी ने दानिश को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया।

दिल्ली चुनाव से जुड़े बाकी अपडेट्स…

आप सभी 70 सीटों पर कैंडिडेट का ऐलान कर चुकी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने 15 दिसंबर को सभी कैंडिडेट का ऐलान कर दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। CM आतिशी को कालकाजी से उम्मीदवार बनाया गया है। सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश, सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती से चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस की तीन लिस्ट जारी, अब तक 48 उम्मीदवार घोषित
कांग्रेस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को उनके नाम की घोषणा की। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अब तक 3 लिस्ट में 48 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

दिल्ली में चुनाव की तारीखों का जल्द ऐलान होगा

दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग जनवरी के दूसरे हफ्ते में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024