हिमाचल में बर्फबारी, 3 NH समेत 223 सड़कें बंद:दिल्ली में बारिश-कोहरे से विजिबिलिटी 200m से कम; राजस्थान के 25 जिलों में आज बारिश
भोपाल/जयपुर/दिल्ली/लखनऊ/2 मिनट पहले
क्रिसमस से पहले जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई। लाहौल और स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान माइनस 6.9° से नीचे चला गया है। राजस्थान और दिल्ली में बारिश हुई। IMD के मुताबिक अगले दो दिन दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान और कम हो सकता है।
हिमाचल में बर्फबारी के बाद तीन नेशनल हाईवे समेत 223 सड़कें बंद कर दी गईं। शिमला में सबसे ज्यादा 145 सड़कें बंद की गईं, जबकि कुल्लू में 25 और मंडी जिलों में 20 सड़कें बंद की गईं। इससे वहां पहुंचे टूरिस्ट्स फंस गए हैं। सड़कों पर गाड़ियों की लंबी लाइनें लगी हैं।
कश्मीर के स्नोबेल्ट रीजन में बर्फबारी हुई। कई जगहों पर पारा माइनस में पहुंच गया है। इससे पाइप लाइनों में पानी जम गया है। गुलमर्ग में माइनस 7.4°, काजीगुंड में माइनस 6.2° तापमान रहा। पंपोर का एक छोटा सा गांव कोनीबल माइनस 8.5° के साथ सबसे ठंडा रहा।
उत्तराखंड के चमोली और उत्तरकाशी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। भारी बर्फबारी के बाद मंगलवार को बद्रीनाथ में ठिठुर रही आवारा गायों को चमोली जिले की निचली घाटियों में लाया गया।
मौसम की 7 तस्वीरें…
हिमाचल प्रदेश: शिमला में ताजा बर्फबारी के बाद जाखू मंदिर और उसका परिसर बर्फ से ढका हुआ है।
उत्तराखंड: केदारनाथ में ताजा बर्फबारी के बाद की तस्वीर, यहां सड़क और मंदिर परिसर में करीब डेढ़ फुट तक बर्फ जम चुकी है।
उत्तराखंड: केदारनाथ में ताजा बर्फबारी के बाद की तस्वीर, यहां सड़क और मंदिर परिसर में करीब डेढ़ फुट तक बर्फ जम चुकी है।
हिमाचल प्रदेश: कुल्लू के मनाली में ताजा बर्फबारी के कारण ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियां। यहां लोग क्रिसमस मनाने पहुंचे थे।
उत्तरकाशी: मंगलवार को बर्फबारी के बाद गंगोत्री नेशनल हाईवे को साफ करती एक स्नोकटर मशीन।
हिमाचल प्रदेश: मंडी के सेराज घाटी में बर्फबारी के दौरान बर्फ से ढकी सड़क पर चलते लोग।
श्रीनगर: डल झील पर जमी बर्फ की परत को हटाकर शिकारा निकालने की कोशिश करता एक नाविक। यहां पारा माइनस 6 तक रिकॉर्ड किया गया है।
नई दिल्ली: मंगलवार देर शाम तेज बारिश हुई। यहां तापमान 7° रिकॉर्ड किया गया है।
