Headlines

कांग्रेस बोली- उमर CM बनते ही बदल गए:जम्मू-कश्मीर CM बोले थे- कांग्रेस EVM पर रोना बंद करे; भरोसा नहीं तो चुनाव लड़ना छोड़े

कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के EVM पर भरोसा रखने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि उमर अब्दुल्ला सीएम बनते ही बदल गए हैं। विपक्ष के द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर उनका नजरिया बदल गया है।

टैगोर ने कहा- समाजवादी पार्टी, एनसीपी (शरद गुट) और शिवसेना-(UBT) ने भी EVM में गड़बड़ी की बात कही है। CM अब्दुल्ला को अपने फैक्ट्स चेक करने चाहिए। कांग्रेस ने चुनाव आयोग के सामने भी EVM के मुद्दे को उठाया है। सीएम बनने के बाद अपने सहयोगियों के प्रति ऐसा रवैया क्यों?

मणिकम टैगोर तमिलनाडु के विरुदुनगर से सांसद हैं।
जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा था कि कांग्रेस EVM पर रोना बंद करे। चुनाव में जीतने पर आप जश्न मनाते हैं और हारते हैं तो EVM पर सवाल उठाते हैं। यह ठीक नहीं है। EVM के जरिए 100 से ज्यादा सांसद चुनते हैं, तब इसे अपनी पार्टी की जीत बताते हैं। पार्टियों को चुनाव लड़ने से पहले यह तय करना चाहिए कि उन्हें EVM पर भरोसा है या नहीं। भरोसा नहीं है, तो चुनाव लड़ना ही नहीं चाहिए।

जम्मू-कश्मीर चुनाव के नतीजों में नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 सीट और कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी। 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 है। यानी जम्मू-कश्मीर की सरकार कांग्रेस के सहयोग से बनी है।

जम्मू-कश्मीर में I.N.D.I.A ब्लॉक की सरकार है।
कांग्रेस और कई विपक्षी दलों ने EVM में हेरफेर के आरोप लगाए
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के बाद विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ब्लॉक के दलों ने हेरफेर के आरोप लगाए थे। INDIA ब्लॉक ने दावा किया था कि EVM में हेरफेर के कारण वे महाराष्ट्र चुनाव हार गए। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन ने 288 सीटों में से 235 सीटें जीतीं, जबकि विपक्षी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को 46 सीटें मिलीं।

कांग्रेस ने हरियाणा के चुनाव नतीजों में मतगणना के दौरान गड़बड़ी की शिकायत की थी और कांग्रेस नेताओं के डेलिगेशन ने दिल्ली में चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि यहां इस्तेमाल EVM हैक की गई, जिससे 20 सीटों के नतीजों में हेराफेरी की गई। 8 अक्टूबर को हुई मतगणना में भाजपा को 48, कांग्रेस को 37, इनेलो को 2 और 3 सीट पर निर्दलीय जीते थे। तीनों निर्दलीय विधायकों ने BJP को समर्थन दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024