Headlines

महाराष्ट्र में भाजपा विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को:पार्टी ने निर्मला और विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया; अजित पवार दिल्ली पहुंचे

महाराष्ट्र विधानसभा का रिजल्ट आने के 10 दिन बाद भी मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं हो पाया है। महायुति यानी भाजपा, शिवसेना शिंदे और NCP में एक सीएम और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला तय किया गया है।

भाजपा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया है। विजय रूपाणी मंगलवार शाम मुंबई पहुंचेंगे, जबकि निर्मला सीतारमण 4 दिसंबर को सुबह मुंबई पहुंचेंगी।

बीजेपी विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे विधान भवन के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सीएम का नाम तय होगा। 5 दिसंबर को शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में सीएम का शपथ समारोह होगा।

भाजपा की ओर से देवेंद्र फडणवीस का सीएम बनना तय माना जा रहा है। दिल्ली में देर रात तक अजित पवार और अमित शाह की मुलाकात हो सकती है। पवार दिल्ली पहुंच गए हैं। इसमें फडणवीस वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग में जुड़ेंगे।

विधानसभा चुनाव में महायुति को 230 सीटें मिली हैं। बहुमत के लिए जरूरी 145 विधायकों से 85 सीटें ज्यादा। भाजपा को 132, शिवसेना शिंदे को 57 और NCP अजित पवार को 41 सीटें मिली हैं।

आज के अपडेट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने आजाद मैदान में शपथ समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
विधायकों के साथ शिंदे की बैठक रद्द। डॉक्टर्स ने शिंदे को अभी आराम की सलाह दी है।
एकनाथ शिंदे के घर जाकर विधायक संजय शिरसाट ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
श्रीकांत शिंदे ने शिरसाट से कहा- वह महाराष्ट्र की राजनीति में शामिल नहीं होंगे।

शिंदे बोले- जनता मुझे मुख्यमंत्री बनाना चाहती है
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा, “जनता चाहती है कि CM मैं ही रहूं। मैं आम लोगों के लिए काम करता हूं। मैं जनता का मुख्यमंत्री हूं। इसी वजह से लोग मानते हैं कि मुझे ही मुख्यमंत्री बनना चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024