हरियाणा विधानसभा सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही आधे घंटे बढ़ाने पर विपक्षी विधायकों ने आपत्ति जताई। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, सदन की कार्यवाही कल तक स्थगित की जाए, बचे हुए काम पर कल चर्चा हो। स्पीकर ने विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया।
जॉब सिक्योरिटी विधेयक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पेश किया। इस पर कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, इस विधेयक में आरक्षण का कोई जिक्र नहीं है।
2023 में खट्टर सरकार के दौरान पास किए गए 2 विधेयक वापस लिए गए हैं। इनमें ऑनरेबल डिस्पोजल ऑफ डेडबॉडी और हरियाणा संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक शामिल हैं।
CM नायब सैनी ने कहा कि दोनों विधेयकों को केंद्र ने मंजूरी नहीं दी है। इन्हें राष्ट्रपति के पास भेजा गया था, लेकिन केंद्र ने कमियां बताकर वापस भेज दिया है। अब नए सिरे से इन दोनों विधेयकों को लाने से पहले इन्हें सदन में निरस्त किया गया।
ऑनरेबल डिस्पोजल ऑफ डेडबॉडी बिल में तो प्रावधान किया गया था कि कोई भी शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन नहीं कर सकेगा। ऐसा करने पर 6 माह से 5 साल तक कैद व एक लाख रुपए तक का जुर्माना तय किया गया था।
