हरियाणा में धुंध में 13 गाड़ियां टकराईं:AC बस में यात्री बाल-बाल बचे, हीटर से कार जली; पंजाब में स्कूल वैन-पीआरटीसी बस क्षतिग्रस्त
हरियाणा में घनी धुंध के बीच हिसार और कैथल में 13 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इनमें हरियाणा रोडवेज की AC बस भी शामिल है। हिसार में गाड़ियां भिड़ने की वजह से बस-कारों में सवार लोग बाल-बाल बचे।
वहीं कैथल में टक्कर के बाद कार में आग लग गई। इनमें 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी धुंध की वजह से विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर के बीच पहुंच गई है। जिसकी वजह से सड़क पर हादसों का खतरा बना हुआ है।
वहीं हालात बिगड़ते देख हरियाणा के 5 जिलों के प्राइमरी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इन जिलों में रोहतक, सोनीपत, नूंह, झज्जर और पानीपत शामिल हैं।
उधर, पंजाब में भी हाईवे पर विजिबिलिटी कम होने के चलते रविवार रात और सोमवार सुबह 2 सड़क हादसे हुए हैं, जिसमें करीब 6 वाहन आपस में भिड़ गए। इनमें एक स्कूल बस भी शामिल है।
हादसों के बारे में सिलसिलेवार ढंग से जानिए…
हिसार में 5 वाहन आपस में भिड़े, यात्री दूसरी बस के लिए परेशान हुए
हिसार के बरवाला में सोमवार सुबह गैबीपुर फ्लाईओवर पर एक के बाद एक 5 वाहन आपस में भिड़ गए। यहां एक ट्रक जब फ्लाईओवर पर जा रहा था, तो अचानक से उसने ब्रेक ले ली। जिससे उसके पीछे चली आ रही एक गाड़ी उससे टकरा गई। जब उस गाड़ी का ड्राइवर नीचे उतरकर नुकसान देख रहा था तो पीछे से आ रही एक और कार आकर टकरा गई। इसके बाद एक और गाड़ी पीछे आ टकराई। इसी दौरान पीछे से हरियाणा रोडवेज की AC बस भी आ रही थी। उसका ड्राइवर भी धुंध की वजह से एक्सीडेंट के बारे में नहीं जान पाया और बस कार से टकरा गई।
इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि गनीमत यह रही कि धुंध की वजह से सभी गाड़ियां कम स्पीड से चल रहीं थी, जिसकी वजह से गाड़ियों का तो नुकसान हुआ लेकिन किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी। बस का एक्सीडेंट होने के बाद दूसरी बस के इंतजार में यात्रियों को इंतजार कर परेशान होना पड़ा।
हिसार में एक्सीडेंट के 3 PHOTOS…
कैथल में क्रेन, ट्रक और पिकअप समेत 8 गाड़ियां टकराईं धुंध की वजह से सोमवार सुबह हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर 8 गाड़ियां टकरा गईं। इनमें क्रेन, ट्रक, पिकअप समेत 8 गाड़ियां शामिल हैं। इस दौरान जींद के नरवाना के सूर्यप्रकाश की गाड़ी में आग लग गई। जो देखते ही देखते राख हो गई। हालांकि गाड़ी में बैठे दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकल गया। ड्राइवर को अधिक जख्मी होने के कारण गंभीर अवस्था में कैथल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस दौरान घटनास्थल पर पहुंची कलायत पुलिस की गाड़ी भी हादसे का शिकार होते बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद नरवाना निवासी सूर्य प्रकाश ने बताया कि वह साथी के साथ कैथल जा रहा था। तभी उनकी गाड़ी आगे चल रही क्रेन के साथ टकरा गई। उस समय गाड़ी के अंदर गर्म हीटर चल रहा था। जिस वजह से गाड़ी में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई, आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही मिनट में जलकर राख हो गई।
कलायत थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जयभगवान ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि बाता गांव के पास कुछ गाड़ियां आपस में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर क्रेन, बड़ा ट्राला, ट्रक पिकअप व कई अन्य गाड़ी आपस में टकराई हुई हैं, जिनमें से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जालंधर में स्कूल बस से टकराई 2 गाड़ियां, रोडवेज बस-ट्रक और कार में भी टक्कर
पंजाब के जालंधर में धुंध की वजह से 2 सड़क हादसे हुए। पहला पठानकोट जालंधर नेशनल हाईवे पर एक स्कूल बस और अन्य वाहन हादसे का शिकार हो गए। घटना के वक्त स्कूल बस में बच्चे भी बैठे हुए थे। इस हादसे से स्कूली बच्चे बुरी तरह से सहमे हुए थे। दूसरा हादसा जालंधर कपूरथला हाईवे पर स्थित जालंधर कुंज के बाहर हुआ। हालांकि घटना में किसी भी प्रकार से किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
इसके अलावा जालंधर-कपूरथला हाईवे पर स्थित जालंधर कुंज के बाहर दूसरा हादसा हुआ। जिसमें 3 गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। जिसमें एक पीआरटीसी की बस भी शामिल है, जिसमें सवारी बैठी हुई थी। इस हादसे में एक पीआरटीसी की बस, एक ट्रक और एक कार बुरी तह से क्षतिग्रस्त हुई है (पूरी खबर पढ़ें)
