कन्हैया कुमार ने कहा कि जिस लोकतंत्र के चलते आज मैं यहां खड़े होकर भाषण दे रहा हूं, उसकी रक्षा करना मेरा धर्म है।
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नागपुर में कहा कि जो नेता धर्म बचाने की बात कहे, उससे पूछिए कि ऐसा तो नहीं होगा न कि धर्म बचाने की जिम्मेदारी हमारी होगी और ऑक्सफोर्ड-कैम्ब्रिज में पढ़ने की जिम्मेदारी आपके बच्चों की होगी। अगर धर्म बचाना है तो सब मिलकर बचाएंगे। ऐसा तो नहीं होगा न कि हम धर्म बचाएंगे और डिप्टी सीएम की पत्नी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाएंगीं।
दरअसल, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 9 नवंबर को औरंगाबाद में रैली में कहा था कि राज्य में अब ‘वोट जिहाद’ शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव में धुले में भाजपा 1.90 लाख वोटों से आगे थी, लेकिन मालेगांव (विधानसभा क्षेत्र) में 1.94 लाख वोट मिलने के चलते भाजपा सिर्फ 4,000 वोटों से हार गई। अगर वे वोट जिहाद कर रहे हैं, तो संभाजीनगर को वोटों का ‘धर्म-युद्ध’ करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
कन्हैया कुमार का पूरा भाषण पढ़ें…
इस देश का नागरिक होने के नाते लोकतंत्र को बचाना हमारा धर्म है। जिस लोकतंत्र के चलते आज मैं यहां खड़े होकर भाषण दे रहा हूं, उसकी रक्षा करना मेरा धर्म है। अगर यह धार्मिक युद्ध है और धर्म की रक्षा दांव पर है, तो जो भी नेता आपके सामने धर्म बचाने की बात कहता है, उस नेता से एक सवाल पूछना चाहिए- एक्सक्यूज मी सर, आप धर्म बचाना चाहते हैं, बस एक बात बता दीजिए, इस धर्म बचाने की लड़ाई में आपके बेटा-बेटी भी हमारे साथ चलेंगे न?
ऐसा तो नहीं होगा न कि धर्म बचाने की जिम्मेदारी हमारी और ऑक्सफोर्ड-कैम्ब्रिज में पढ़ने की जिम्मेदारी आपके बच्चों की। अगर धर्म बचाना है तो सब मिलकर बचाएंगे। ऐसा तो नहीं होगा न कि हम धर्म बचाएंगे और डिप्टी सीएम की पत्नी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाएंगीं।
यही बात मैंने भाजपा के एक दोस्त को हीं। मैंने कहा दोस्त धर्म बचाना है। तो चलो, नेताओं के बच्चे भी धर्म बचाएंगे। तो मेरा दोस्त बोला कि मोदी जी और योगी जी को बेटा-बेटी नहीं हैं। मैंने कहा- भतीजा है न, वो चलेगा न हमारे साथ धर्म बचाने के लिए।
हम इस होशियारी को समझने लगे हैं। बाबा साहेब अंबेडकर ने कहा संगठित हो, शिक्षित हो, संघर्ष करो। हमने आपका नमक खाया है, आपके टैक्स के पैसे से हमने पढ़ाई की है, आंख फोड़कर हमने पीएचडी की है। अब हमको ये सियासत समझ में आती है, ये खेल समझ में आता है।
उनके बच्चे BCCI में IPL में टीम बना रहे हैं, और हमें Dream 11 पर टीम बनाने को कहा जा रहा है। क्रिकेटर बनने के सपना दिखा के जुआरी बना दिया है। अब हमें समझ में आ रहा है कि देश में चल क्या रहा है। चल ये रहा है कि हम भारत के लोग बहुत भावुक होते हैं, हमारी भावनाओं को भड़का के, हमारी भावनाओं का गलत इस्तेमाल करके हमसे हमारा अधिकार छीना जा रहा है।
