बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या:पिता बोले- TMC नेताओं ने बेटे को धमकी दी थी; भाजपा बोली- ममता का खूनी शासन खत्म करेंगे
पश्चिम बंगाल में साउथ 24 परगना में भाजपा ऑफिस में काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। उसका शव शुक्रवार को पार्टी ऑफिस में मिला। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक पृथ्वीराज नास्कर बंगाल भाजपा की सोशल मीडिया संयोजक थे। उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई। उनके शरीर पर कई निशान हैं। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पृथ्वीराज के पिता ने कहा- मेरा बेटे ने कुछ दिन पहले ट्रेनी डॉक्टर से रेप-मर्डर मामले में विरोध प्रदर्शन किया था। इसे लेकर स्थानीय TMC नेताओं ने उसे धमकी दी थी। TMC नेताओं ने कहा था कि इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।
उधर, बंगाल भाजपा ने पृथवीराज नास्कर की हत्या का आरोप TMC पर लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा- TMC साउथ 24 परगना के भाजपा समर्थकों को डराना चाहते हैं। भाजपा CM ममता के खूनी और दमनकारी शासन को खत्म करेगी।
पुलिस बोली- राजनीतिक हिंसा के एंगल से जांच कर रहे
- बंगाल पुलिस ने बताया कि पृथ्वीराज 3 दिन से लापता थे। उनका परिवार 5 नवंबर से उन्हें ढूंढ रहा था। उनका शव मंदिरबाजार के भाजपा कार्यालय में छोड़ दिया गया था।
- सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भाजपा ऑफिस का गेट तोड़ा था। पुलिस ने कहा कि हत्यारे ने गेट अंदर से बंद कर दिया था। इसके बाद वह पीछे के गेट से बाहर निकला।
- प्रारंभिक जांच और मोबाइल फोन की ट्रैकिंग के बाद, एक महिला को पास के इलाके से हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में महिला ने हत्या की बात कबूली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।
- पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पृथ्वीराज की हत्या राजनीतिक हिंसा का मामला है, या किसी आपसी रंजिश के कारण उनकी हत्या की गई है।
भाजपा के 4 आरोप, कहा- ममता ने बंगाल को खून से लथपथ तानाशाही में बदला
- भाजपा के मथुरापुर जिले के सोशल मीडिया संयोजक पृथ्वीराज नस्कर को ममता बनर्जी की TMC के गुंडों ने अगवा कर टॉर्चर किया फिर फिर हत्या कर दी। वे 3 दिन से लापता थे।
- पृथ्वीराज नस्कर के परिवार ने ममता की पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन ममता की पुलिस ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। ममता बनर्जी आतंक, खून और क्रूरता के जरिए विपक्ष को चुप कराना चाहती हैं।
- ममता ने बंगाल को एक अराजक, खून से लथपथ तानाशाही में बदल दिया है। लेकिन भाजपा पीछे नहीं हटेगी। न्याय जरूर मिलेगा और इस अत्याचार का अंत होगा।
- हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक शहीद पृथ्वीराज के हत्यारों को सामने नहीं लाया जाता और उनके परिवार को न्याय नहीं मिल जाता।
TMC नेता ने कहा- भाजपा झूठ फैला रही
भाजपा के आरोपों का पलटवार करते हुए TMC नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा को नस्कर की मौत के पीछे का सही कारण पता है, लेकिन वह टीएमसी को फंसाने के लिए झूठ फैला रही है।
घोष ने कहा- ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जिसमें दावा किया गया है कि पृथ्वीराज की कई लोगों से दुश्मनी थी। उनके शरीर पर चोट के निशान हमलावर की पृथ्वीराज के प्रति दुश्मनी को दर्शाती हैं। उम्मीद है कि पुलिस जांच में इस एंगल को भी शामिल किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के बाद से हिंसा जारी
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान कई जिलों में हिंसा हुई थी। कोलकाता, नॉर्थ-24 परगना, साउथ-24 परगना, बर्धमान और कूचबिहार में चुनाव शुरू होने से लेकर अब तक हिंसा की 500 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव के वक्त भी ऐसे ही हालात थे। चुनाव के नतीजे सामने आने के 24 घंटे के अंदर 12 लोगों की मौत हुई थी। BJP ने 6 पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगाया था। वहीं, TMC ने 5 लोगों की मौत का दावा किया था। 2023 में हुए पंचायत चुनाव के वक्त भी 50 से ज्यादा लोगों की मौत की बात सामने आई थी।
