हरदोई हादसे में 11 की मौत, सड़क पर बिखरी लाशें:ऑटो पलटा तो तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा; ऑटो की पूरी छत उड़ गई
हरदोई में डीसीएम (ट्रक) ने ऑटो को रौंद दिया। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। 4 गंभीर हैं। मरने वालों में मां, बेटा और बेटी भी शामिल हैं।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो उछलकर दूर जा गिरा। पूरी छत उड़ गई। अंदर बैठी सवारियां बाहर आ गिरीं। सड़क पर लाशें बिखर गईं। हादसा बुधवार दोपहर बिलग्राम थाना के रोशनपुर गांव के पास हुआ।
पुलिस का कहना है- ऑटो बिलग्राम की तरफ जा रहा था। अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया, तभी सामने से आ रहे डीसीएम ने ऑटो को रौंद दिया। घटना के बाद डीसीएम चालक भाग गया।
7 की मौके पर मौत हो गई। 8 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की 3 तस्वीरें…
SP बोले- ऑटो में ज्यादा सवारी थी, इसलिए हादसा हुआ SP नीरज कुमार जादौन ने बताया- दोपहर 12.30 बजे हादसे की सूचना मिली। मैं मौके पर पहुंचा। घायलों को अस्पताल भिजवाया। ऑटो में 15 लोग सवार थे। इस वजह से हादसा हुआ। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
ऑटो घिसटता चला गया…रोड पर खून ही खून था- प्रत्यक्षदर्शी प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है- ऑटो में 15 सवारी थी। वह बहुत तेजी के साथ जा रहा था, तभी अचानक सड़क पर पलट गया। सामने से आ रही डीसीएम ने उसे रौंद दिया। काफी दूर तक ऑटो घिसटता चला गया। रोड पर खून ही खून था। इतना भयानक हादसा देखकर हम लोग कुछ समझ नहीं पाए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मरने वालों छोटे-छोटे बच्चे भी थे।
हम बीच में बैठे थे…इसलिए बच गए हादसे में घायल संजय ने बताया- वह माधोगंज से ऑटो में बिलग्राम जाने के लिए बैठा था। रोशनपुर के पास सामने से आ रही डीसीएम ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए ऑटो को रौद दिया। ऑटो में मेरा दोस्त और भतीजा था। वह भी घायल हैं। हम लोग बीच में बैठे थे, इसलिए बच गए। जब हादसा हुआ तो कुछ समझ ही नहीं आया। थोड़ी देर बाद चारों तरफ लाशें ही लाशें थीं। हम भी सड़क पर पड़े थे।
मरने वालों में मां- बेटी भी शामिल पुलिस ने बताया- मृतकों में अभी सिर्फ 7 की शिनाख्त हो पाई। इसमें एक मां-बेटी है। जिनकी पहचान हुई उनमें माझ निवासी माधुरी देवी (40), पटियन पुरवा निवासी सुनीता और उनकी 8 साल की बेटी आशी, इटोली बिलग्राम निवासी नीलम (60), राधा पत्नी राकेश, पूर्वी माधोगंज निवासी सत्यम कुशवाहा, माधोगंज निवासी राधा देवी और उनकी ताई है। ताई का नाम अभी पता नहीं चल पाया है।
घायलों में संजय निवासी पहुतेरा, रमेश निवासी अल्लीगड़ थाना बिलग्राम, विमलेश निवासी सर्रा सफरा, आनंद निवासी पहुतैरा शामिल हैं। अभी एक घायल की पहचान नहीं हो पाई। हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है। अफसरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करवाने के लिए कहा है।्र
मृतकों और घायलों के नाम
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
