Headlines

शिमला में मस्जिद विवाद शांत होने के बाद अब राम मंदिर में साईं मूर्ति मामले ने तूल पकड़ लिया है। गौ रक्षा दल मंदिर में लगी साईं की मूर्ति को लेकर भड़क गया है। दल ने मांग की है कि मंदिर परिसर से साईं की मूर्ति हटाकर यहां गौ माता की मूर्ति स्थापित की जाएं।

गौ रक्षा दल के हिमाचल के उपाध्यक्ष रवि ने कहा कि शंकराचार्य के मंदिर के बहिष्कार के बाद वह शिमला में राम मंदिर गए और उन्होंने देखा कि मूर्ति राम मंदिर के बाहर लगी हुई है। इसकी पूजा नहीं होती है, लेकिन इसकी वजह से शंकराचार्य ने कार्यक्रम को टाल दिया है। गौ रक्षा दल इसका विरोध करता है।

शिमला में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

उन्होंने कहा कि शंकराचार्य ने वचन दिया है कि जब यह मूर्ति हटा दी जाएगी तो वह राम मंदिर जरूर आएंगे। वहीं विवाद बढ़ने पर राम मंदिर शिमला के पुजारी जीतराम शर्मा भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में शंकराचार्य का आगमन होना था, जो रद्द हो गया है।

पुजारी ने कहा कि मंदिर के बाहर सांई की प्रतिमा लगी है। इस वजह से उन्होंने यहां आने से मना कर दिया है। इसके अलावा दशावतार की प्रतिमा भी लगी है। उन्होंने बताया कि साईं की प्रतिमा की न तो प्राण प्रतिष्ठा की गई है और न ही कोई उसकी पूजा करता है ये केवल दर्शनों के लिए है।

शिमला में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

क्यों हुआ यह बवाल

बता दें कि बीते कल उत्तर दिशा के ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 शिमला पहुंचे। वह देशभर में गौ हत्या को रोकने व गौ को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए देश भर में जगह जगह पर गौ ध्वज की स्थापना कर रहे है। इसी कड़ी में वह शिमला आए। यहां उनका राम मंदिर में कार्यक्रम पहले से तय था, लेकिन मंदिर में साईं की प्रतिमा होने की जैसे ही उन्हें जानकारी मिली, उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

इसके बाद उनके एक अनुयायी ने गौ ध्वज की स्थापना की है, लेकिन साईं की मूर्ति होने से उन्होंने खुद मंदिर जाने से साफ इनकार कर दिया और वह वापस लौट गए। उनके मीडिया कॉर्डिनेटर योगीराज सरकार ने बातचीत में बताया कि उनके अनुसार साईं अन्य धर्म से सबंध रखते हैं। हिन्दू धर्म में 33 करोड़ देवी देवता है। उन्होंने कहा कि जहां भी साईं की प्रतिमा होती है वहां शंकराचार्य महाराज नहीं जाते हैं।

वाराणसी के 14 मंदिरों से साईंबाबा की मूर्तियां हटाईं

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सनातन रक्षक दल ने मंगलवार, 1 अक्टूबर को 14 मंदिरों से साईं बाबा की मूर्तियां हटा दीं थीं। दल के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि सनातन मंदिर में सनातन देवी-देवता होने चाहिए।​​​​​​​ साईं बाबा की कुछ मूर्तियों को गंगा में विसर्जित किया गया और कुछ को उनके मंदिरों में पहुंचाया गया। सनातन रक्षक दल ने अभी 100 और मंदिरों की लिस्ट बनाई है।

इससे पहले शहर के सबसे प्रमुख बड़ा गणेश मंदिर से साईं बाबा की मूर्ति को हटाकर गंगा में विसर्जित किया गया था। पुरुषोत्तम मंदिर से भी मूर्ति हटाई जा चुकी है। इसके अलावा कई मंदिरों में मूर्तियों को सफेद कपड़े में लपेट कर रख दिया गया है। इस अभियान का आगाज शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने किया था। अब सनातन रक्षक दल इस अभियान को आगे बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024