Headlines

आतिशी बोलीं- भाजपा ने केजरीवाल पर हमला कराया:उनकी जान भी जा सकती थी; पार्टी के पदयात्रा कार्यक्रम में विकासपुरी पहुंचे थे पूर्व सीएम

दिल्ली की सीएम आतिशी ने शुक्रवार शाम को दावा किया कि भाजपा के लोगों ने अरविंद केजरीवाल पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा- आज विकासपुरी इलाके में पदयात्रा के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए और उन पर हमला किया।

आतिशी ने कहा कि इस हमले में केजरीवाल के साथ कुछ भी हो सकता था। अगर उनके पास हथियार होते तो अरविंद केजरीवाल की जान भी जा सकती थी।

दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा- जब ED, CBI और जेल से भी बात नहीं बनी, तो अब भाजपा वाले अरविंद केजरीवाल पर हमले करवा रहे हैं। अगर केजरीवाल जी को कुछ भी होता है, तो उसके लिए भाजपा सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।

दिल्ली में साल 2025 की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। AAP जनसंपर्क अभियान चला रही है। दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा निकाल रही है।

केजरीवाल पर पहले हुए हमले के दो मामले

साल 2019: दिल्ली का सीएम रहते हुए अरविंद केजरीवाल को रोड शो के दौरान सुरेश नाम के युवक ने थप्पड़ मारा था। वे दिल्ली के मोती नगर में प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने केजरीवाल की गाड़ी पर चढ़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया।

पुलिस ने सुरेश को गिरफ्तार किया था। घटना को लेकर मनीष सिसोदिया ने X (पहले ट्विटर) पर लिखा था- क्या मोदी और अमित शाह अब केजरीवाल की हत्या करवाना चाहते हैं? 5 साल सारी ताकत लगाकर जिसका मनोबल नहीं तोड़ सके, चुनाव में नहीं हरा सके..अब उसे रास्ते से इस तरह हटाना चाहते हो कायरों।

साल 2014: ऑटो चालक ने केजरीवाल पर हमला किया था 2014 में एक ऑटो रिक्शा चालक ने रोड शो के दौरान केजरीवाल को थप्पड़ मारा था।

साल 2013: युवक ने स्याही फेंकी थी 2013 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर स्याही फेंक दी थी।

………………………………

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024