Headlines

भाजपा ने सीसामऊ से सुरेश अवस्थी को उतारा:मीरापुर से रालोद की मिथलेश पाल को टिकट; करहल से अखिलेश के बहनोई को उतारा

भाजपा ने सीसामऊ से सुरेश अवस्थी को उतारा:मीरापुर से रालोद की मिथलेश पाल को टिकट; करहल से अखिलेश के बहनोई को उतारा

लखनऊ5 मिनट पहले

भाजपा ने यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी 9 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। कानपुर की सीसामऊ सीट से सुरेश अवस्थी को टिकट दिया है। सुरेश अवस्थी भाजपा के प्रदेश मंत्री और कानपुर क्षेत्र में क्षेत्रीय महामंत्री रहे हैं। मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट रालोद को दी है। यहां मिथलेश पाल को टिकट दिया गया है।

मैनपुरी की करहल से अनुजेश यादव को टिकट दिया है। अनुजेश सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई हैं। अखिलेश यादव के भी रिश्ते में बहनोई लगते हैं।

अंबेडकरनगर के कटेहरी से धर्मराज निषाद, मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से रामवीर सिंह ठाकुर, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, अलीगढ़ के खैर से सुरेंद्र दिलेर, प्रयागराज की फूलपुर सीट से दीपक पटेल, मिर्जापुर के ​​​​​​मझवां से सुचिस्मिता मौर्य को टिकट दिया है।

कानपुर की सीसामऊ सीट से सपा ने इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को उतारा है। भाजपा ने बुधवार सुबह 11 बजे 7 नामों का ऐलान किया। फिर शाम को सीसामऊ से सुरेश अवस्थी के नाम का ऐलान किया।

9 प्रत्याशियों में 5 OBC, 1 दलित और 3 सामान्य भाजपा के 9 प्रत्याशियों में 5 ओबीसी हैं। एक दलित और 3 सामान्य। अगड़ी जातियों में दो ब्राह्मण- संजीव शर्मा, सुरेश अवस्थी और एक ठाकुर- रामवीर सिंह को टिकट दिया है। पिछड़ी जातियों में एक कुर्मी- दीपक पटेल, एक मौर्य- सुचिस्मिता मौर्य, एक निषाद- धर्मराज निषाद, एक यादव- अनुजेश यादव और एक पाल-मिथलेश पाल को उतारा है। SC वर्ग के लिए आरक्षित खैर सीट से वाल्मीकि समाज के सुरेंद्र दिलेर को टिकट दिया है।

भाजपा के प्रत्याशियों की प्रोफाइल…

चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तारीख का ऐलान किया था। 13 नवंबर को इन सीटों पर वोटिंग होनी है। उपचुनाव को 2027 के रण का सेमीफाइनल माना जा रहा है। भाजपा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी जान लगा रही है। संगठन से लेकर सरकार तक जी-तोड़ कोशिश कर रही है।

उन सीटों का समीकरण, जहां मुकाबले की स्थिति साफ हुई…

मैनपुरी की करहल सीट: यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है। भाजपा से अनुजेश यादव चुनावी मैदान में होंगे। वह धर्मेंद्र यादव के बहनोई हैं, जबकि सपा प्रत्याशी तेज प्रताप सिंह यादव अखिलेश यादव के भतीजे हैं। ऐसे में वह अपने फूफा से चुनाव लड़ेंगे।

अखिलेश यादव के सांसद बनने के बाद करहल विधानसभा सीट खाली हुई है। मैनपुरी जिले की इस सीट से लोकसभा चुनाव में डिंपल यादव ने जीत दर्ज की थी। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा को करहल विधानसभा में सबसे ज्यादा 1.34 लाख वोट मिले थे। यहां भाजपा के ठाकुर जयवीर सिंह को डिंपल यादव से 57 हजार 540 कम वोट मिले। इस सीट पर भाजपा ने सिर्फ एक बार 2002 में जीत दर्ज की है।

जातीय समीकरण: करहल सीट यादव बाहुल्य है। यहां सवा लाख यादव मतदाता हैं। दूसरे स्थान पर शाक्य, तीसरे पर बघेल और क्षत्रिय मतदाता हैं।

मिर्जापुर की मझवां सीट: भाजपा और सपा दोनों ने महिला कैंडिडेट उतारे हैं। सुचिस्मिता मौर्य पूर्व विधायक रामचन्द्र मौर्या की बहू हैं, जबकि डॉ. ज्योति बिंद पूर्व विधायक डॉ. रमेश बिंद की बेटी हैं।

विधायक विनोद कुमार बिंद को भाजपा ने भदोही से टिकट दिया। यहां उन्होंने टीएमसी प्रत्याशी ललितेश मिश्रा को हराया। वहीं, मिर्जापुर में अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ने जीत दर्ज की। मझवां विधानसभा सीट से उन्हें सपा प्रत्याशी से 1762 वोट ज्यादा मिले। इस सीट पर पिछले तीन चुनाव में एक बार निषाद पार्टी, एक बार भाजपा और एक बार बसपा ने जीत दर्ज की है।

जातिगत समीकरण : दलित, ब्राह्मण, बिंद की संख्या 60-60 हजार है। कुशवाहा 30 हजार, पाल 22 हजार, राजपूत 20 हजार, मुस्लिम 22 हजार, पटेल 16 हजार हैं।

मुरादाबाद की कुंदरकी : यहां जीत-हार भाजपा के रामवीर ठाकुर और सपा के हाजी रिजवान का पॉलिटिकल करियर तय करेगी। दरअसल, रामवीर तीन दशक से राजनीति में एक्टिव हैं। दो बार चुनाव लड़े लेकिन जीत नहीं सके। दूसरी तरफ हाजी रिजवान तीन बार विधायक बने। 2022 में जब उनका टिकट कटा, तो उन्होंने सपा छोड़ दी थी।

लोकसभा चुनाव में संभल सीट से जियाउर रहमान बर्क ने सपा के टिकट पर जीत दर्ज की। वह कुंदरकी विधानसभा सीट से विधायक थे। लोकसभा चुनाव में कुंदरकी सीट पर सपा को रिकॉर्ड 57 हजार वोटों से जीत मिली। जियाउर रहमान बर्क को यहां 1.43 लाख वोट मिले, जबकि भाजपा के परमेश्वर लाल सैनी को 86 हजार। यहां पिछले तीनों चुनाव में सपा ने ही जीत दर्ज की है।

जातिगत समीकरण: इस सीट पर मुस्लिम वोटर्स की संख्या करीब 58 फीसदी है। इसके अलावा ओबीसी और दलित वोटर्स निर्णायक भूमिका में रहते हैं।

अंबेडकरनगर की कटेहरी : सपा सांसद लालजी वर्मा की पत्नी शोभावती वर्मा चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने यहां 1996, 2002 और 2007 में बसपा के टिकट से विधायक रहे धर्मराज निषाद को टिकट दी है।

कटेहरी सीट से विधायक लालजी वर्मा ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। यहां पर भाजपा सिर्फ एक बार 1992 में चुनाव जीती है। लोकसभा चुनाव का रिजल्ट देखें, तो लालजी वर्मा को कटेहरी विधानसभा में 1.07 लाख वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रितेश पांडेय को 90 हजार।

जातीय समीकरण: कटेहरी में दलित वोटर्स सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद मुस्लिम, ब्राह्मण और कुर्मी मतदाता हैं। यादव-ठाकुर, निषाद और राजभर भी निर्णायक भूमिका में रहते हैं।

प्रयागराज की फूलपुर सीट : यहां युवा बनाम अनुभवी की लड़ाई होने जा रही है। दरअसल, यहां भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल पूर्व सांसद केशरी देवी पटेल के बेटे हैं। उनका यहां पहला चुनाव है, जबकि सपा के मुस्तफा सिद्दीकी उम्र और राजनीति दोनों में उनके सुपर सीनियर हैं।

फूलपुर विधानसभा सीट से विधायक प्रवीण पटेल ने सांसदी जीती है। अपनी विधानसभा सीट पर उन्होंने सपा को 29 हजार 705 वोटों से हराया। इस सीट पर पिछले तीन चुनाव में भाजपा को दो बार और सपा को एक बार जीत मिली है।

जातीय समीकरण : फूलपुर में 21 से 23% दलित, 20% यादव मतदाता है। यहां सवर्ण वोटर्स 10 से 12% के बीच हैं। वहीं मुस्लिम मदताताओं की संख्या 14% है।

मीरापुर में रालोद की मिथलेश पाल का मुकाबला सुम्बुल राणा से मीरापुर से रालोद की उम्मीदवार मिथलेश पाल ने 2009 में मोरना विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कादिर राणा के भाई नूर सलीम राणा को हराया था। अब फिर उपचुनाव में उनका मुकाबला कादिर राणा की पुत्रवधू सुम्बुल राणा से होगा।

4-सीसामऊ सीट: कानपुर की सीसामऊ विधानसभा से सपा विधायक इरफान सोलंकी को जाजमऊ आगजनी केस में 7 साल की सजा सुनाई गई है। इसलिए यहां उपचुनाव हो रहा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के रमेश अवस्थी ने जीत दर्ज की। लेकिन सीसामऊ विधानसभा सीट पर उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा से कम वोट मिले।

जातीय समीकरण : मुस्लिम वोटर्स 80 हजार हैं। दूसरे नंबर पर ब्राह्मण लगभग 55 हजार हैं। दलित 35 हजार, कायस्थ 20 हजार, वैश्य 15 हजार, यादव 16 हजार, सिंधी-पंजाबी 2000 हैं। अन्य वोटर्स की संख्या लगभग 35 है।

यूपी में किन पार्टियों का किससे गठबंधन

NDA: भाजपा बड़ी पार्टी है। NDA में सुभासपा, निषाद पार्टी, अपना दल (सोनेलाल) शामिल है।

INDI: कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन है। कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतारेगी। सपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

PDM: अपना दल (कमेरावादी) नेता और सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है। AIMIM ने कुंदरकी में मोहम्मद वारिस, मीरापुर में अरशद राणा और गाजियाबाद में एडवोकेट रवि कुमार गौतम को टिकट दिया है। अपना दल ने सीसामऊ में गौरव को उतारा है। मझवां सीट से प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के स्वयंबर पाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

सपा ने इन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024