Headlines

प्रियंका गांधी के पास ₹12 करोड़ की संपत्ति:पति रॉबर्ट ₹66 करोड़ के मालिक; भाजपा बोली- दोनों ने संपत्ति की गलत जानकारी दी

प्रियंका गांधी के पास ₹12 करोड़ की संपत्ति:पति रॉबर्ट ₹66 करोड़ के मालिक; भाजपा बोली- दोनों ने संपत्ति की गलत जानकारी दी

नई दिल्ली5 घंटे पहले
केरल की वायनाड सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करतीं प्रियंका गांधी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। हलफनामा में उन्होंने 12 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति घोषित की है। उनके पास 4.24 करोड़ रुपए की चल और 7.74 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां है।

इसके अलावा उन्होंने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का भी ब्योरा दिया है। वाड्रा के पास कुल 65.54 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें से चल संपत्तियां 37.9 करोड़ रुपए और अचल संपत्तियां 27.64 करोड़ रुपए की हैं।

प्रियंका के हलफनामा पर गुरुवार को भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- ‘प्रियंका गांधी वाड्रा के हलफनामा में पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति की जानकारी गलत बताई गई है। रॉबर्ट वाड्रा की आय कम है, लेकिन इनकम टैक्स विभाग ज्यादा डिमांड कर रहा हैं। ऐसा कैसे हो सकता हैं। उन्होंने शिमला में घर खरीदा, लेकिन केवल उसके 10वें हिस्से की कीमत बताई। यानी दिखाने के दांत अलग और खाने के दांत अलग है।’

कलपेट्टा के जिला मुख्यालय में प्रियंका के नॉमिनेशन के दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे।

भाटिया बोले- कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का अपमान किया गौरव भाटिया ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर दिखाई। इसमें खड़गे पीछे की सीट पर बैठे थे। उन्होने कहा कि खड़गे पिछड़े वर्ग से आते है। केवल किसी पद पर बैठा कर इन लोगों ने रिमोट अपने हाथ में रखा हैं। ये लोग किसी बाहरी को नेता को अपनाना ही नहीं चाहते। इन्होने तो मौलानाओं की बैठक में कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी माना है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वायनाड में आपदा के दौरान इतनी संपत्ति होने के बावजूद भी इस परिवार ने एक भी रुपए दान नहीं दिया।

वायनाड में 13 नवंबर को वोटिंग, राहुल ने सीट छोड़ी, इसलिए उपचुनाव प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ नाव्या हरिदास को उतारा है। लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने केरल की वायनाड और UP की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। राहुल ने गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना और वायनाड छोड़ दी। यहां 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।

बुधवार को रॉबर्ट वाड्रा ने X पोस्ट में लिखा- प्रियंका, नई यात्रा के लिए आपको ढेर सारी शुभकामनाएं। हमेशा आपके साथ खड़ा हूं, आपका समर्थन करने के लिए।

प्रियंका गांधी की प्रॉपर्टी की डिटेल पढ़ें…

1. 2023-2024 फाइनेंशियल ईयर में कुल आय: ₹46.39 लाख से अधिक रही, जिसमें किराए के तौर पर हुई आय और बैंकों व अन्य निवेशों से ब्याज शामिल है।

2. चल संपत्ति- ₹4.24 करोड़: इसमें तीन बैंक खातों में जमा राशि, म्यूचुअल फंड्स, PPF में निवेश, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की तरफ से तोहफे में दी गई एक होंडा CRV कार और 4400 ग्राम से अधिक सोना (कुल ₹1.15 करोड़ का) शामिल है।

3. अचल संपत्ति- ₹7.74 करोड़: इसमें नई दिल्ली के महरौली क्षेत्र में विरासत में मिली आधी हिस्सेदारी वाली दो कृषि भूमि और वहां बने फार्महाउस की आधी हिस्सेदारी शामिल है। इन सभी की मौजूदा कीमत ₹2.10 करोड़ से ज्यादा है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में प्रियंका की एक रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी भी है, जिसकी मौजूदा कीमत ₹5.63 करोड़ से ज्यादा है।

4. प्रियंका पर कर्ज: ₹15.75 लाख। इसके अलावा वे साल 2012-13 के लिए इनकम टैक्स रिएसेसमेंट प्रक्रिया का सामना कर रही हैं, जिसके तहत उन्हें 15 लाख रुपए से अधिक का टैक्स देना है।

प्रियंका के खिलाफ दो FIR प्रियंका के खिलाफ दो FIR और वन विभाग का एक नोटिस भी है। एक FIR 2023 में मध्य प्रदेश में दर्ज की गई है, जिसमें IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 469 (जालसाजी) के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह FIR एक व्यक्ति की शिकायत पर की गई थी, जिसके मुताबिक प्रियंका ने कुछ भ्रामक ट्वीट पोस्ट किए थे।

दूसरी FIR 2020 में उत्तर प्रदेश में दर्ज की गई है, जिसमें IPC की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिपूर्वक आदेश की अवहेलना), 269 (जानलेवा बीमारी फैलाने की लापरवाही) और 270 (जानलेवा बीमारी फैलाने का दुर्भावनापूर्ण काम) के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह FIR 2020 के हाथरस मामले के खिलाफ उनके विरोध प्रदर्शन के लिए दर्ज की गई थी।

नॉमिनेशन के पहले प्रियंका गांधी ने रोड शो निकाला। इस दौरान राहुल गांधी भी उनके साथ थे।

प्रियंका बोलीं- 35 साल में पहली बार अपने लिए समर्थन मांग रही हूं प्रियंका गांधी वाड्रा ने नामांकन दाखिल करने से पहले रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा- जब मैं 17 साल की थी, तब मैंने पहली बार पिता के लिए 1989 में कैंपेन किया था। तब से इन 35 साल के दौरान मां, भाई के लिए वोट मांगें। अब पहली बार खुद के लिए समर्थन मांग रही हूं।

वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड देश का ऐसा क्षेत्र है जहां से 2 सांसद हैं। एक आधिकारिक सांसद और दूसरा अनौपचारिक सांसद। दोनों वायनाड के लिए काम करेंगे।

राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वायनाड लैंडस्लाइड के मृतकों को पुथुमाला सामूहिक कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि दी।

प्रियंका की स्पीच की 4 बातें…

  1. सत्ता में आए लोगों ने नफरत का इस्तेमाल किया: जो लोग सत्ता में हैं, उन्होंने सत्ता में बने रहने के लिए नफरत का इस्तेमाल किया। उन्होंने अलगाव पैदा किया। यह वह राजनीति नहीं है जिस पर हमारा राष्ट्र बना था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में हमारा स्वतंत्रता आंदोलन समानता और हर धर्म के प्रति सम्मान से प्रेरित था।
  2. हम सत्य और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं: ईसा मसीह हमें विनम्रता के बारे में सिखाते हैं। बुद्ध की शिक्षाएं हमें अहिंसा का मार्ग दिखाती हैं। राष्ट्रवाद की इन्हीं वैल्यूज के लिए आज हम लड़ रहे हैं। हम सत्य, न्याय और समानता के लिए लड़ रहे हैं। इन्हीं मूल्यों ने मेरे भाई को प्रेम और एकता के लिए पूरे भारत में चलने के लिए प्रेरित किया।
  3. लैंडस्लाइड में परिवार खोने वाले लोगों से मिली: कुछ महीने पहले, मैं अपने भाई के साथ वायनाड के चूरलमाला और मुंडक्कई गई थी। मैंने तबाही को अपनी आंखों से देखा। मैंने ऐसे बच्चों को देखा जिन्होंने अपना पूरा परिवार खो दिया। मैं उन माताओं से मिली, जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया, जिनका पूरा जीवन लैंडस्लाइड में बह गया।
  4. वायनाड के लोग सबकी मदद करते हैं: लैंडस्लाइड के दौरान मैंने एक बात नोटिस की। यहां डॉक्टर, शिक्षक, गृहिणी, सभी एक-दूसरे की मदद करने में लगे हुए थे। वे बिना किसी लालच के करुणा, प्यार, स्नेह और साहस के साथ एक-दूसरे को सपोर्ट कर रहे थे। आपके परिवार का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

13 राज्यों की 47 विधानसभा-सीटों पर वोटिंग 13 नवंबर को, सभी के नतीजे 23 नवंबर को

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र-झारखंड के साथ 14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया। केरल की वायनाड लोकसभा सीट के साथ 13 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024