Headlines

BJP-68, AJSU-10, JDU-2 सीटों पर लड़ेगी चुनाव:झारखंड में चिराग की पार्टी को एक सीट, NDA की सीट शेयरिंग का ऐलान

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के बीच सीट शेयरिंग की घोषणा हो गई है। रांची के प्रदेश बीजेपी कार्यालय में शुक्रवार को बीजेपी और आजसू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट शेयरिंग का ऐलान किया है। झारखंड में NDA के अंदर बीजेपी- 68, आजसू-10, जेडीयू-2 और लोजपा रामविलास 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट दी गई है। चिराग पासवान के एलजेपी (रामविलास) को चतरा सीट मिली है।

वहीं इससे पहले केंद्रीय मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में बीजेपी, आजसू, जेडीयू और लोजपा रामविलास साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। हम लोग साथ में चुनाव प्रचार करेंगे। परफेक्ट सीट शेयरिंग है। झारखंड में NDA सरकार बना रहा है।

इस दौरान असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा, झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी मौजूद थे।

13 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग

झारखंड में 13 नवंबर को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। पहले चरण के लिए 25 अक्टूबर तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को पर्चे की स्क्रूटनी की जाएगी। 30 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं।

वहीं दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर होगी। दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए 30 अक्टूबर को पर्चे की स्क्रूटनी की जाएगी। 1 नवंबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। 23 नवंबर को मतगणना होगी।

झारखंड विधानसभा में 81 सीटें

झारखंड विधानसभा में 81 सीटें हैं। इनमें 44 अनारक्षित, 28 एसटी और 09 एससी के लिए सुरक्षित सीटें हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार 15 अक्टूबर 2024 तक झारखंड में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.29 करोड़ महिला और 1.31 करोड़ पुरुष हैं। इस चुनाव में 11.84 लाख युवा पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024