मुंबई में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) का शनिवार शाम दशहरा कार्यक्रम हुआ। शिंदे गुट ने साउथ मुंबई के आजाद मैदान में, तो उद्धव गुट ने दादर के शिवाजी पार्क में रैली की।
उद्धव ने कहा- हम असली शिवसेना हैं और बाला साहेब ठाकरे का नाम मेरे साथ है। मैं RSS प्रमुख मोहन भागवत का सम्मान करता हूं, लेकिन मुझे उनके विचार पसंद नहीं हैं। वो कह रहे हैं कि हिंदुत्व को बचाने के लिए एक साथ आओ, आपने या मोदी ने पिछले 10 सालों में हिंदुत्व को क्यों नहीं बचाया।
इधर, आजाद मैदान में CM शिंदे ने कहा- पहले सभी को लगता था कि शिंदे सरकार 2-3 महीने में गिर जाएगी, लेकिन सरकार ने 2 साल पूरे कर लिए। बाला साहेब ने कहा था, अन्याय मत सहो। जब अन्याय होने लगा तो हमने विद्रोह कर दिया। अगर हमने विद्रोह नहीं किया होता तो शिवसैनिक कुचले गए होते। सच्चे शिवसैनिकों का अपमान होता। महाराष्ट्र कई साल पीछे चला गया होता।
एकनाथ शिंदे बोले- कुछ लोगों को हिंदू बोलने में शर्म आती है शिंदे ने कहा कि बाला साहेब अपने भाषण की शुरुआत ‘मेरे सभी हिंदू भाई-बहन और माताएं जो इकट्ठे हुए’ के साथ करते थे। तब मेरे साथ-साथ सभी लोग उत्साहित हो जाते थे। यह बात हर किसी को याद है।
‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’ ये गर्जना बाला साहेब ने देश को दी थी। लेकिन कुछ लोगों को इस शब्द से एलर्जी है। हिंदू माने जाने में शर्म महसूस हो रही है। हिंदू हृदय सम्राट कहते ही कुछ लोगों की जुबान फड़कने लगती है, लेकिन हमें ये शब्द कहने में गर्व है, हीरे से पैदा हुए कंकड़ शर्मसार होते हैं।
जब हमारी सरकार आई तो हमने महाराष्ट्र को नंबर वन बनाने का काम किया। MVA के दौरान सरकार तीसरे नंबर पर थी। 6 माह में हमने प्रदेश को नंबर 1 पर ला दिया।
उद्धव बोले- शिवाजी महाराज हमारे लिए भगवान, महायुति के लिए वोट बैंक उद्धव ठाकरे ने कहा- छत्रपति शिवाजी महाराज महायुति के लिए वोट बैंक हैं, लेकिन हमारे लिए वे भगवान हैं। मैं इस दिल्ली शासन और भ्रष्ट सरकार के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हूं।
स्वर्गीय रतन टाटा एक बार मेरे घर आए थे और ‘मातोश्री’ से लौटने के बाद उन्होंने मुझसे कहा था कि उद्धव तुम्हारे और मेरे पीछे एक विरासत और परम्परा है, जिसे हमें आगे ले जाना है। रतन टाटा के पास उनके पिता की विरासत है और मेरे पास मेरे पिता बाला साहेब ठाकरे की विरासत है।
आदित्य ने कहा- मुझे गर्व इस पार्टी का नाम पिता-दादा के नाम पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि वे (महायुति सरकार) सरकार में केवल भ्रष्टाचार करते हैं, आप सभी को इसे रोकना होगा और हमें वोट देकर उन्हें महाराष्ट्र की ताकत दिखानी होगी। वे एक ‘खोखा’ सरकार है।
संजय राउत ने कहा- हरियाणा चुनाव में सुबह चुनाव आयोग की वेबसाइट पर कांग्रेस को 72 सीटें मिलती दिखाई गईं, लेकिन दोपहर में भाजपा ने सरकार बना ली। यह चमत्कार कैसे हुआ? यह केवल EVM फ्रॉड है और कुछ नहीं, लेकिन महाराष्ट्र चुनाव में ऐसा नहीं होगा।
आजाद मैदान और शिवाजी पार्क की तस्वीरें…
