Headlines

जम्मू-कश्मीर के डोडा में केजरीवाल की धन्यवाद रैली:इस सीट से कैंडिडेट मेहराज मलिक जीते थे, अब 5 राज्यों में पार्टी के विधायक

आम आदमी पार्टी (AAP) राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज 13 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के डोडा में धन्यवाद रैली करेंगे। रैली स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। पहले यह 10 अक्टूबर को होनी थी।

हालिया विधानसभा चुनाव में डोडा सीट से AAP के मेहराज मलिक ने जीत हासिल की थी। जीत के बाद केजरीवाल ने 8 अक्टूबर को मलिक से वीडियो कॉल पर बधाई दी थी। इसी दौरान मलिक ने केजरीवाल को डोडा आने का न्योता दिया था और केजरीवाल ने उसने आने का वादा भी किया था।

लेकिन 9 अक्टूबर को AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने X पर जानकारी दी कि आचार संहिता की वजह से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

वीडियो कॉल पर अरविंद केजरीवाल से बात करते समय उनके सामने ही मेहराज मलिक ने इलेक्शन सार्टिफिकेट लिया था।

न आने के लिए वीडियो जारी कर माफी मांगी AAP ने 10 अक्टूबर को X पर केजरीवाल का एक वीडियो जारी किया जिसमें वे कहते हैं- मैं आप सबके बीच आज आने वाला था। इसके लिए कल ही (9 अक्टूबर) पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ एयरपोर्ट के लिए निकल भी गया था।

वहां पता चला कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के चलते हम जम्मू-कश्मीर नहीं जा सकते। अब मैं रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ आप लोगों के बीच आऊंगा और व्यक्तिगत तौर पर आपसे मिलूंगा। आज न आने के लिए मैं माफी चाहता हूं, ये मेरे बस के बाहर था।

जम्मू-कश्मीर 5वां राज्य जहां AAP का विधायक मेहराज मलिक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गजय सिंह राणा को 4,000 से ज्यादा वोटों से हराया था। मलिक की जीत के बाद जम्मू-कश्मीर पांचवां ऐसा राज्य बन गया जहां AAP ने खाता खोला है। मेहराज मलिक ने अपनी जीत का श्रेय जनता को देते हुए कहा था-

QuoteImage

हमने सभी सीटों पर चुनाव न लड़कर बड़ी गलती की। अगर हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ते तो और सीटें भी जीत सकते थे।

QuoteImage

इससे पहले पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, गुजरात, और गोवा में भी सफलता हासिल की थी। दिल्ली और पंजाब में पार्टी सरकार चला रही है जबकि गुजरात में 5 और गोवा में 2 विधायक हैं।

INDIA गठबंधन ने जीती थीं 49 सीटें, भाजपा दूसरे नंबर पर रही

जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने 49 सीटों पर जीत दर्ज की थी। गठबंधन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को सबसे ज्यादा 42, कांग्रेस को 6 और CPI(M) को एक सीट मिली।

इसके बाद 10 अक्टूबर को चार निर्दलीय विधायकों और 11 अक्टूबर को AAP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को समर्थन का ऐलान किया था। वहीं, भाजपा ने 29 सीटों पर जीत हासिल की। हालांकि, जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना नौशेरा सीट से हार गए।

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पार्टी PDP ने 3 सीटें जीतीं। पिछले चुनाव में पार्टी को 28 सीटें मिली थीं। पहली बार चुनाव लड़ रहीं महबूबा की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीगुफवारा बिजबेहरा सीट से करीब 9 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं। जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 3 फेज में 63.88% वोटिंग हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024