Headlines

जम्मू-कश्मीर के 84% विधायक करोड़पति, 9% बढ़े:कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ₹148 करोड़ के साथ सबसे अमीर, AAP विधायक के पास ₹20 हजार

जम्मू-कश्मीर के 84% विधायक करोड़पति, 9% बढ़े:कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ₹148 करोड़ के साथ सबसे अमीर, AAP विधायक के पास ₹20 हजार

नई दिल्ली5 घंटे पहले

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने विधायकों की संपत्ति को लेकर एक रिपोर्ट पेश की है।

इस रिपोर्ट के अनुसार चुनाव में जीते दर्ज किए 90 में से 84% विधायक यानी 76 विधायकों ने अपनी संपत्ति 1 करोड़ रुपए या इससे ज्यादा घोषित की है।

2014 की पिछली विधानसभा में 75% यानी 65 विधायकों ने अपनी संपत्ति 1 करोड़ से ज्यादा घोषित की थी। पिछली विधानसभा के मुकाबले इस विधानसभा में करोड़पति विधायकों की संख्या 9% ज्यादा है।

कांग्रेस अध्यक्ष और सेंट्रल शालतेंग सीट से चुनाव जीते तारिक हमीद कर्रा सबसे अमीर विधायक हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति 148 करोड़ रुपए घोषित की है। वहीं, डोडा से चुनाव जीतने वाले AAP विधायक मेहराज मलिक की संपत्ति सबसे कम (20 हजार रुपए) है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के सबसे ज्यादा विधायक करोड़पति, रिपोर्ट के 5 पॉइंट

  • नेशनल कॉन्फ्रेंस के 42 में से 37 विधायक (88%) करोड़पति हैं। पार्टी के विधायकों की औसत नेटवर्थ 8.47 करोड़ रुपए है।
  • भाजपा के 29 में से 25 विधायक (86%) करोड़पति हैं। भाजपा के विधायकों की औसत संपत्ति 14.55 करोड़ रुपए है।
  • कांग्रेस के सभी 6 विधायक करोड़पति हैं। उनकी औसत संपत्ति 30 करोड़ रुपए के करीब है।
  • PDP के विधायकों 3 विधायकों की औसत संपत्ति 4.25 करोड़ रुपए है।
  • CPI (M) और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस से जीते विधायक करोड़पति हैं। 7 निर्दलीय विधायकों की औसत संपत्ति 5 करोड़ रुपए है।

2 विधायकों की संपत्ति 100 करोड़ से ज्यादा

90 में से 14 विधायकों की संपत्ति 1 करोड़ रुपए से कम है। 27 विधायकों की संपत्ति 1 करोड़ रुपए से 5 करोड़ रुपए के बीच है। वहीं, 26 विधायक 5-10 करोड़ के ब्रैकेट में हैं। 21 विधायकों की नेटवर्थ 10 करोड़ रुपए से 100 करोड़ रुपए के बीच है।

जम्मू-कश्मीर के 90 में से सिर्फ 2 विधायकों की संपत्ति 100 करोड़ से ज्यादा है। 148 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक कांग्रेस अध्यक्ष कर्रा के अलावा भाजपा विधायक देवेंदर राणा के पास 126 करोड़ की संपत्ति है। वे दूसरे सबसे अमीर विधायक हैं।

विधायकों की औसत संपत्ति 11.6 करोड़ रुपए

ADR की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जम्मू-कश्मीर के विधायकों की औसत संपत्ति 11.6 करोड़ रुपए है। वहीं, 2014 चुनाव जीतने वाले विधायकों की औसत संपत्ति साढ़े 4 करोड़ रुपए थी। इसका मतलब इस बार के विधायकों की औसत संपत्ति पिछली बार से दोगुनी से ज्यादा है।

भाजपा ने 29 सीटें जीतीं, PDP को सिर्फ 3 सीटें मिलीं

8 अक्टूबर को आए जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव नतीजे में भाजपा ने 29 सीटें जीती। पार्टी को पिछले चुनाव के मुकाबले 4 सीटों का फायदा हुआ। हालांकि, जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना नौशेरा सीट से NC कैंडिडेट से करीब 8 हजार वोटों से हार गए। उन्होंने पार्टी हाईकमान को अपना इस्तीफा भेजा है।

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पार्टी PDP ने 3 सीटें जीतीं। पिछले चुनाव में पार्टी को 28 सीटें मिली थीं। पहली बार चुनाव लड़ रहीं महबूबा की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीगुफवारा-बिजबेहरा सीट से करीब 9 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं।

जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी ने पहली बार जीत दर्ज की है। डोडा सीट से मेहराज मलिक ने भाजपा के गजय सिंह राणा को 4500 से ज्यादा वोटों से हराया। वहीं पीपुल्स कॉन्फ्रेंस को एक सीट पर जीत मिली। संसद पर हमले के आरोपी अफजल गुरु के भाई ऐजाज गुरु को सोपोर सीट पर 129 वोट मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024