प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
अपने संबोधन में पीएम ने कहा- कांग्रेस मुसलमानों के मन में भय का माहौल पैदा कर रही है। कांग्रेस लोगों में डर पैदा करती है। कांग्रेस अपने वोट बैंक की खातिर देश का सांप्रदायिकरण कर रही है। कांग्रेस का फार्मूला साफ है कि मुसलमानों को डराते रहो, उनको भय दिखाओ, उनको वोट बैंक में कन्वर्ट करो और वोट बैंक को मजबूत करो।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की हिंदुओं की एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाने की है। कांग्रेस जानती है हिंदू जितना बंटेगा, उतना ही उसका फायदा होगा। कांग्रेस किसी भी तरीके से हिंदू समाज में आग लगाए रखना चाहती है, ताकि वो उस पर राजनीतिक रोटियां सेंकती रहे। भारत में जहां भी चुनाव होते हैं, वहां कांग्रेस यही फॉर्मूला लागू करती है।
कांग्रेस देश को बांटने के लिए नए-नए नरैटिव गढ़ रही कांग्रेस पूरी तरह से सांप्रदायिक और जातिवाद का चुनाव लड़ती है। हिंदू समाज को तोड़कर उसे अपनी जीत का फॉर्मूला बनाना, यही कांग्रेस की राजनीति का आधार है। कांग्रेस भारत के ‘सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ की परंपरा का दमन कर रही है, सस्नातन परंपरा का दमन कर रही है। कांग्रेस, हमेशा बांटो और सत्ता पाओ के फॉर्मूले पर चली है। कांग्रेस ने बार-बार ये सिद्ध किया है कि वो एक गैर-जिम्मेदार दल है। वो अभी भी देश को बांटने के लिए नए-नए नरैटिव गढ़ रही है।कांग्रेस समाज को बांटने का फार्मूला लाती रहती है।
हमने मराठी भाषा को नई पहचान दी पीएम ने कि महाराष्ट्र में विकास तेज हुआ, हमने मराठी भाषा को नई पहचान दी। आज महाराष्ट्र को 10 मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल रही है। नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार का काम, शिरडी एयरपोर्ट के लिए एक टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण, आज इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े इन दो अहम प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी हुआ।
उन्होंने कहा कि मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। महाराष्ट्र के इतिहास में इतनी तेज गति से, इतने बड़े स्केल पर अलग-अलग क्षेत्रों में कभी भी विकास नहीं हुआ। हां, ये बात अलग है कि कांग्रेस के राज में इतनी ही तेज गति से, इतने ही स्केल पर अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रष्टाचार जरूर होता था।
मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया पीएम ने कहा कि कुछ दिन पहले ही हमने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया। जब एक भाषा को उसका गौरव मिलता है, तब सिर्फ शब्द नहीं बल्कि पूरी पीढ़ी को नए बोल मिलते हैं। करोड़ों मराठी मानुष का दशकों पुराना सपना पूरा हुआ।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने जगह-जगह इस बात की खुशी मनाई। आज महाराष्ट्र के गांव-गांव से मुझे खुशी के संदेश भी भेज रहे हैं। महाराष्ट्र के लोग अपने संदेशों में मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा देने के लिए मुझे धन्यवाद दे रहे हैं, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि ये काम मैंने नहीं, आप सबके आशीर्वाद ने किया है।
हरियाणा ने बता दिया देश का मिजाज PM ने कहा कि अभी कल ही हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम आए हैं। हरियाणा ने बता दिया है कि देश का मिजाज क्या है। दो बार कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार तीसरी बार चुनकर आना ऐतिहासिक है।
कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का पूरा गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था। लेकिन कांग्रेस की सारी साजिशें ध्वस्त हो गई। इन्होंने दलितों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश की। लेकिन दलित समाज ने इनके खतरनाक इरादों को भांप लिया। दलितों को एहसास हो गया कि कांग्रेस उनका आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को बांटना चाहती है।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को टारगेट किया और अलग अलग तरीके से उन्हें भड़काने की कोशिश की। लेकिन हरियाणा के नौजवान, हमारी बहनें-बेटियां अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा पर ही भरोसा कर रहे हैं।
पीएम ने कहा- आज हरियाणा के दलित वर्ग ने बीजेपी को रिकॉर्ड समर्थन दिया है। हरियाणा के ओबीसी बीजेपी के विकास कार्यों को देखकर उसके साथ है। कांग्रेस ने किसानों को भड़काया। लेकिन किसानों को पता है कि उन्हें फसलों पर MSP किसने दी। हरियाणा के किसान बीजेपी की किसान कल्याण योजनाओं से खुश हैं।
हमारी सरकार में विकास भी है, विरासत भी कांग्रेस को न विकास से मतलब था, न विरासत से मतलब था। हमारी सरकार में विकास भी है, विरासत भी है। हम अपने समृद्ध अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
दुनिया किसी देश में तभी विश्वास करती है, जब वहां का युवा आत्मविश्वास से भरा होता है। आज युवा भारत का आत्मविश्वास, भारत के भविष्य की नई कहानी है। दुनिया के बड़े बड़े देश आज भारत को मानव संसाधन के बड़े केंद्र के रूप में देख रहे हैं।
