कोलकाता रेप-मर्डर, CBI चार्जशीट में 11 सबूत:ट्रेनी डॉक्टर ने संघर्ष किया था, आरोपी संजय की बॉडी पर इसके निशान; DNA-बाल की भी पुष्टि
कोलकाता ट्रेनी डॉक्टर रेप और मर्डर केस में CBI ने आरोपी संजय रॉय के खिलाफ 11 सबूत इकट्ठा किए हैं। चार्जशीट में इन सभी सबूतों का जिक्र किया गया है और संजय रॉय को मुख्य आरोपी बनाया है।
न्यूज एजेंसी PTI ने चार्जशीट की कॉपी के हवाले से रिपोर्ट में कहा कि घटना के दौरान पीड़ित ने संजय का विरोध किया था। इस चार्जशीट में विक्टिम को V नाम से संबोधित किया गया है। CBI ने कहा विक्टिम की बॉडी पर संजय का DNA पाया गया और छोटे बाल भी मिले।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 8 अगस्त की रात ट्रेनी डॉक्टर का रेप और मर्डर किया गया था। 9 अगस्त को विक्टिम की बॉडी मेडिकल कॉलेज में मिली थी। शुरुआती जांच के बाद 10 अगस्त को संजय रॉय को पुलिस ने अरेस्ट किया था।
इस घटना के विरोध में ट्रेनी डॉक्टर भूख हड़ताल कर रहे हैं, जिसमें अब फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) भी शामिल हो गई है। आज FAIMA देशभर में भूख हड़ताल कर रहा है।
CBI की चार्जशीट के 3 पॉइंट्स 1. विक्टिम की बॉडी पर संजय के DNA की पुष्टि हुई है। छोटे बाल भी मिले हैं। संजय की जींस पर विक्टिम का ब्लड भी मिला है। 2. घटना के दौरान विक्टिम ने संजय का विरोध किया था। जिसकी वजह से संजय को चोट आई। विक्टिम के संघर्ष के निशान संजय की बॉडी पर मिले हैं। 3. जिस जगह घटना हुई, वहां भी संजय रॉय की मौजूदगी CCTV फुटेज में पाई गई है। इसके अलावा संजय की कॉल डिटेल रिपोर्ट और मोबाइल लोकेशन में भी यह कन्फर्म हुआ कि वो घटनास्थल पर मौजूद था।
पहली चार्जशीट में CBI ने कहा था- गैंगरेप नहीं CBI ने पहली चार्जशीट में ट्रेनी डॉक्टर से गैंगरेप की आशंका को नकार दिया था। CBI ने कहा कि वारदात को संजय रॉय ने अकेले अंजाम दिया था। करीब 100 गवाहों के बयानों और 12 पॉलीग्राफ टेस्ट करने के बाद CBI इस नतीजे पर पहुंची।
संजय को पुलिस ने CCTV फुटेज से पहचाना था। फुटेज में वह 9 अगस्त की सुबह 4 बजे सेमिनार हॉल में अंदर जाता दिखाई दिया। इस दौरान उसने कानों में इयरफोन लगाया हुआ था। करीब 40 मिनट बाद वह हॉल से बाहर निकला तो उसके पास इयरफोन नहीं था। पुलिस को क्राइम सीन पर एक ब्लूटूथ इयरफोन मिला था, जो उसके फोन से कनेक्ट हो गया था।
कस्टडी में महिला से मारपीट की जांच करेगी CBI कोलकाता रेप-मर्डर के प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गई 2 महिलाओं ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने कहा है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें 8 से 11 सितंबर तक कस्टडी में रखा गया था। इस दौरान उनके साथ फिजिकल एब्यूज किया गया।
जस्टिस राजश्री भारद्वाज ने मंगलवार को इस केस की जांच CBI को सौंप दी। जस्टिस भारद्वाज ने कहा- कस्टडी में प्रताड़ना बहुत गंभीर विषय है। इसकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। पुलिसवालों पर आरोप लगे हैं। इसमें लोकल पुलिस से जांच करवाना सही नहीं है।
आज देशभर में FAIMA की भूख हड़ताल, 50 सीनियर डॉक्टर्स के इस्तीफे
कोलकाता में जूनियर डॉक्टर 5 अक्टूबर की शाम से आमरण अनशन पर बैठे हैं। वे हेल्थ सेक्रेटरी एनएस निगम को हटाने समेत 9 मांगों पर अड़े हैं। उनके समर्थन में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) आज देशभर में भूख हड़ताल कर रही है। भूख हड़ताल में दिल्ली के डॉक्टर्स भी शामिल हो गए हैं।
8अक्टूबर को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 50 सीनियर डॉक्टर्स ने आमरण अनशन कर रहे जूनियर डॉक्टर्स के समर्थन में रिजाइन कर दिया। एक सीनियर मेंबर ने कहा, ‘जूनियर डॉक्टर्स एक मकसद के लिए आमरण अनशन कर रहे हैं। हम उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और यह संदेश देने के लिए हमने इस्तीफे दिए हैं।’
डॉक्टरों ने पहले 5 मांगें रखी थीं, इनमें सरकार ने 3 पूरे किए… फिर भूख हड़ताल जूनियर डॉक्टरों ने रेप-मर्डर घटना के खिलाफ 10 अगस्त से 21 सितंबर तक 42 दिन तक हड़ताल की थी। डॉक्टरों ने सरकार के सामने पहले 5 मांगें रखी थीं। इनमें से सरकार ने 3 मांगें मान लीं। CM ममता ने दो अन्य मांगों और शर्तों पर विचार करने का आश्वासन दिया था।
इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर दी थी। वे अस्पतालों में काम पर लौट गए थे। 27 सितंबर को सागोर दत्ता हॉस्पिटल में 3 डॉक्टरों और 3 नर्सों से पिटाई का मामला सामने आया, जिससे नाराज होकर डॉक्टरों ने 1 अक्टूबर को फिर से हड़ताल शुरू कर दी।
4 अक्टूबर को जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ले ली, लेकिन धरना जारी रखा। उन्होंने कहा कि हम काम पर लौट रहे हैं क्योंकि सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज परेशान हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद उन्होंने अनशन शुरू किया।
पश्चिम बंगाल में रेप-मर्डर केस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
बंगाल में 10 साल की बच्ची से रेप-मर्डर मामला, बंगाल सरकार ने जांच के लिए SIT गठित की
पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना के जयनगर में 10 साल की बच्ची से रेप-मर्डर मामले की जांच के लिए ममता सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एक अधिकारी ने बताया कि SIT का नेतृत्व बरुईपुर के पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली करेंगे। जयनगर के कृपाखाली इलाके के कुलटाली थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर को बच्ची का शव मिला था। पूरी खबर पढ़ें…
