हरियाणा के रुझानों में तीसरी बार BJP सरकार:भाजपा 46, कांग्रेस 29 सीटों पर आगे; कांग्रेस का चुनाव आयोग पर आरोप- रुझान देर से अपडेट किए जा रहे
हरियाणा के रुझानों में BJP तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। राज्य में ऐसा करने वाली पहली पार्टी होगी। पार्टी को कुल 90 सीटों में से 46 सीटों पर बढ़त है। 3 सीटों पर जीत मिल चुकी है
उधर, कांग्रेस को 29 सीटों पर बढ़त है। 7 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा अपनी-अपनी सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
उधर, कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है कि जानबूझकर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर रिजल्ट धीमे-धीमे शेयर किया जा रहा है। क्या भाजपा प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है?
डेढ़ घंटे में रुझान कांग्रेस के हाथ से निकले मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। रुझान आते ही कांग्रेस ने बढ़त बना ली थी और कुछ देर तक एक तरफा जीत की ओर थी। पार्टी ने 65 सीटों को छू लिया था। भाजपा कम होकर 17 सीटों पर आ गई थी।
लेकिन 9:30 बजे भाजपा टक्कर में आई और दोनों पार्टियों में दो सीटों का अंतर रह गया। सुबह 9:44 बजे एक समय ऐसा आ गया जब दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 51 सीटों तक पहुंच गई। करीब 11 बजे से भाजपा की सीटें 47 से 51 के बीच बनी हुई हैं।
हरियाणा में इस बार 67.90% वोटिंग हुई थी। पिछली चुनाव में 68.20% वोटिंग हुई थी।
भास्कर समेत 13 एजेंसियों ने अपने एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार का अनुमान जताया था। कांग्रेस को 50 से 55 सीटें बताई थीं, लेकिन हरियाणा में जो ट्रेंड है, वो भाजपा के पक्ष में जा रहा है।
दरअसल, 2000 से 2019 तक हरियाणा में हुए 5 विधानसभा चुनाव में दो बार ऐसा हुआ, जब वोटिंग प्रतिशत गिरा या फिर उसमें 1% तक की मामूली बढ़ोतरी हुई। दोनों ही बार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी। उसका फायदा उस समय सत्ता में रही पार्टी को मिला।
सबका दावा- सरकार बनाएंगे
- सीएम नायब सैनी: हरियाणा में भाजपा की सरकार आएगी, 8 अक्टूबर को आएगी और पूर्ण बहुमत से आएगी। हमें पूर्ण विश्वास है, हमने हरियाणा को गति देने का काम किया है।
- पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा: जब से हमने चुनाव प्रचार शुरू किया है, तब से मैं कह रहा हूं कि कांग्रेस के पक्ष में लहर है। कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।
- इनेलो महासचिव अभय चौटाला: ये जो एग्जिट पोल आता है, ये पुराने आंकड़े दिखाते हैं। एग्जिट पोल मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का भी आया था। वहां कांग्रेस की सरकार दिखाई थी, लेकिन बनी बीजेपी की सरकार। जो सरकार बनाने के दावे कर रहे हैं, उनके दावे ध्वस्त हो जाएंगे।
