Headlines

हरियाणा में वोटिंग कल, 18 जिलों में बारिश का अलर्ट:टीमें पोलिंग बूथों पर पहुंची, मोबाइल पर रोक; DGP बोले- 60 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए कल (5 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। इसके लिए प्रदेश में 20,632 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसके लिए पोलिंग टीमें EVM और वीवीपैट मशीनें लेकर बूथों तक पहुंच गई हैं। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

मतदान के दौरान इसकी फोटो खींचने और वीडियो रिकॉर्डिंग की मनाही होगी। वोटिंग के दौरान वोटर अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।

राज्य के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 29 हजार 462 पुलिसकर्मी, 21 हजार 196 होमगार्ड के जवान तथा 10 हजार 403 एसपीओ तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 225 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की भी तैनात रहेंगी। हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर रहेंगे।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से 4 अक्टूबर के बीच पुलिस 51 करोड़ का सामान पकड़ चुकी है।

हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर।

वहीं मौसम विभाग ने कल वोटिंग के दिन बारिश का अलर्ट दिया है। इस दौरान 18 जिलों में बारिश हो सकती है। 7 जिले ऐसे हैं, जहां 25 से 50% बारिश के आसार हैं। इनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024