Headlines

केजरीवाल ने 9 साल बाद CM आवास छोड़ा:AAP सांसद के बंगले में शिफ्ट हुए; 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था

केजरीवाल ने 9 साल बाद CM आवास छोड़ा:AAP सांसद के बंगले में शिफ्ट हुए; 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था

नई दिल्ली20 मिनट पहले
सीएम हाउस छोड़ते वक्त अरविंद केजरीवाल कर्मचारियों से भी मिले।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फ्लैग स्टाफ रोड स्थित सीएम आवास खाली कर दिया है। वे शुक्रवार दोपहर लुटियंस दिल्ली में फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर-5 में शिफ्ट हो गए। यह बंगला पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को दिया गया है।

केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल, माता-पिता और दोनों बच्चों के साथ शिफ्ट हुए हैं। अशोक मित्तल और उनकी पत्नी ने सभी का अपने घर में स्वागत किया। मित्तल ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि केजरीवाल गेस्ट के तौर पर मेरे घर में शिफ्ट हुए हैं।

केजरीवाल ने 17 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने CM आवास और सभी सरकारी सुविधाएं छोड़ने का ऐलान किया था। AAP ने कहा था कि केजरीवाल नया घर देख रहे हैं। वे ऐसी जगह ढूंढ रहे हैं, जहां रहने में कोई विवाद न हो।

AAP ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार से केजरीवाल को नेशनल पार्टी के प्रमुख के तौर पर आवास मुहैया कराने की मांग की गई थी, लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई जवाब नहीं आया था।

केजरीवाल के CM आवास छोड़ने और नए घर में शिफ्ट होने की 8 फोटोज…

सीएम हाउस से निकलते वक्त अरविंद केजरीवाल और पत्नी सुनीता। साथ में केजरीवाल के माता-पिता भी हैं।
सीएम हाउस छोड़ते वक्त कर्मचारियों से मिलतीं सुनीता केजरीवाल।
अरविंद केजरीवाल सीएम हाउस के कर्मचारियों के गले लगे।
सीएम हाउस की चाबी सौंपती सुनीता केजरीवाल।
आज सुबह केजरीवाल का सामान AAP सांसद अशोक मित्तल के बंगले पर पहुंचाया गया।
मिनी ट्रकों से केजरीवाल का सामान CM आवास से उनके नए घर में पहुंचाया गया।
अशोक मित्तल और उनकी पत्नी ने केजरीवाल का अपने बंगले में स्वागत किया।
केजरीवाल परिवार के साथ पूजा के बाद अपने नए आवास में दाखिल हुए।

दिल्ली में CM खुद बंगला चुनते हैं, कोई आधिकारिक आवास नहीं दिल्ली में कोई आधिकारिक CM हाउस नहीं है। केजरीवाल से पहले जाे भी CM हुए, वे अलग-अलग बंगलों में रह चुके हैं। 1993 में मदनलाल खुराना को 33 शामनाथ मार्ग, उनके बाद साहिब सिंह वर्मा को 9 शामनाथ मार्ग और शीला दीक्षित को पहले एबी-17 मथुरा रोड और दूसरे कार्यकाल में 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग वाला बंगला आवंटित किया गया था।

दिल्ली में मुख्यमंत्री अपनी सहूलियत के हिसाब से बंगला चुनते हैं। CM पद से हटने के बाद उन्हें अपने पुश्तैनी, निजी या किराए का कोई मकान लेकर रहना पड़ता है। इसके लिए अलग से कोई आवास भत्ता भी नहीं दिया जाता। आवास भत्ता कुल प्रतिमाह दी जाने वाली राशि में शामिल होता है।

CM बनने से पहले गाजियाबाद में रहते थे केजरीवाल CM पद से इस्तीफा देने के बाद अब केजरीवाल सिर्फ आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और नई दिल्ली से विधायक हैं। दिल्ली विधानसभा में अन्य राज्यों की तरह विधायकों को रहने के लिए बंगले नहीं दिए जाते। न ही पूर्व CM के तौर पर बंगला देने का नियम है।

केजरीवाल दिसंबर 2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने से पहले गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में रहते थे। मुख्यमंत्री के तौर पर वे मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित घर में रहे। फरवरी 2015 में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला तो वे उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास में रहने चले गए।

मनीष सिसोदिया भी खाली करेंगे सरकारी आवास

मनीष सिसोदिया पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को अलॉट बंगले में शिफ्ट होंगे।

दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी आज ही अपना सरकारी बंगला खाली कर सकते हैं। उन्हें मथुरा रोड पर AB-17 मिला हुआ था, लेकिन पद छोड़ने के बाद उन्हें भी बंगला खाली करना पड़ रहा है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को बताया था कि मनीष भी 4 अक्टूबर को ही अपना बंगला खाली कर देंगे।

मनीष सिसोदिया पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को अलॉट बंगले में शिफ्ट होंगे। हरभजन सिंह को 32, राजेंद्र प्रसाद रोड पर सरकारी बंगला अलॉट है। ​​​​​​सिसोदिया ने नए घर में शिफ्ट होने से पहले हवन भी करवाया है।

केजरीवाल ने तिहाड़ से निकलने के 22 दिन बाद CM आवास छोड़ा…

13 सितंबर: केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली शराब नीति मामले में 21 मार्च 2024 को ED ने दो घंटे की पूछताछ के बाद केजरीवाल को उनके घर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वे तिहाड़ जेल में थे। गिरफ्तारी के 177 दिन बाद सुप्रीम काेर्ट ने 13 सितंबर 2024 को उन्हें जमानत दी थी। पूरी खबर पढ़ें…

15 सितंबर: केजरीवाल ने CM पद छोड़ने का ऐलान किया अरविंद केजरीवाल ने 15 सितंबर को CM पद छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा- भाजपा ने मुझ पर बेईमानी, भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं, अब जनता की अदालत में मेरी ईमानदारी का फैसला होगा। अगले विधानसभा चुनाव तक मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। आम आदमी पार्टी से कोई और मुख्यमंत्री बनेगा। पूरी खबर पढ़ें…

17 सितंबर: केजरीवाल का इस्तीफा, आतिशी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया केजरीवाल ने जेल से बाहर आने के 4 दिन बाद, 17 सिंतबर को CM पद से इस्तीफा दे दिया। 17 सिंतबर को ही दिल्ली सरकार में मंत्री रहीं आतिशी ने नई सरकार का दावा पेश किया था। वे कालकाजी सीट से तीन बार की विधायक हैं। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024