हरियाणा में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी नूंह पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा में कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी के लिए PM मोदी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अब मोदी 56 इंच की छाती की बात नहीं करते। उनका चेहरा एकदम बदल गया है।
इसके साथ ही राहुल ने कांग्रेस के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डालने की अपील की। राहुल ने कहा कि भाजपा को वोट मत देना। राज्य की दूसरी छोटी पार्टियों को भी वोट मत देना, क्योंकि वे भाजपा की ही A, B और C पार्टियां हैं। उनमें और भाजपा में कोई अंतर नहीं है।
राहुल ने अमेरिका दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले मैं अमेरिका गया। वहां हरियाणा के युवा मुझसे मिले। उन्होंने अपनी समस्या बताई। उन्होंने मुझे बताया कि हम हरियाणा से भागकर अमेरिका आए हैं। हरियाणा में हमें रोजगार नहीं मिल सकता है। वहां महंगाई की इतनी चोट है, बेरोजगारी इतनी है, इसलिए हम अमेरिका में आए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणा चुनाव में 5 CM, दो केंद्रीय मंत्रियों की रैलियां
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कलायत और बाढ़डा में, वहीं राजनाथ सिंह महेंद्रगढ़ में रैली करेंगे। इसके अलावा असम के CM हेमंत बिस्वा सरमा पलवल में रैली की। वहीं, उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने कुरुक्षेत्र के शाहबाद में रैली की। मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव तोशाम में और राजस्थान CM भजन लाल शर्मा रेवाड़ी में रैली करेंगे।
इसके अलावा बरवाला में दिल्ली CM आतिशी रोड शो करने वाली हैं।
कुरुक्षेत्र दुनिया का पहला स्थान है जो ‘धर्मक्षेत्र’ बन गया- योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुरूक्षेत्र के शाहबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र दुनिया का पहला स्थान है जो ‘धर्मक्षेत्र’ बन गया, जबकि यह ‘युद्धक्षेत्र’ था। यह कुरुक्षेत्र बन गया क्योंकि महाभारत यहीं हुआ था। यह वह भूमि है जहां श्री द्वारकानाथ वृन्दावन बिहारीलाल कृष्ण कन्हैया का संदेश दिया गया था-” परित्राणाय साधुनाम् विनाशाय च दुष्कृताम”…।
पाकिस्तान जिंदाबाद बोलने वालों की नहीं बनेगी सरकार- हिमंता बिस्वा शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने पलवल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनी तो प्रदेश का क्या होगा, यह हथीन और नूंह से कांग्रेस प्रत्याशियों की रैली में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों ने साबित कर दिया। इनकी सरकार नहीं बनेगी। अगर इन बाप-बेटा की सरकार बनी तो यहीं नहीं ये पाकिस्तान जिंदाबाद पलवल तक और फिर पूरे हरियाणा में छा जाएगा।
