हिजबुल्लाह से जारी लड़ाई के बीच लेबनान में इजराइली सेना बॉर्डर से 2 किमी अंदर मरून अल-रस गांव में पहुंच गई है। BBC के मुताबिक, यहां इजराइली सैनिकों की हिजबुल्लाह के लड़ाकों से मुठभेड़ भी हुई। आमने-सामने की इस लड़ाई में अब तक इजराइल के 2 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हुए हैं।
इजराइली सेना ने लेबनान में अपनी दूसरी टुकड़ी भेजने की भी घोषणा की। उसने लेबनान के 25 गांवों में रह रहे लोगों से इलाका खाली करने को कहा। दूसरी तरफ, ईरान के हमले के बाद इजराइल ने UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस के इजराइल आने पर रोक लगा दी है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इजराइल के विदेश मंत्री ने कहा कि UN चीफ ने ईरान के हमलों की निंदा नहीं की, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। दरअसल, मंगलवार रात ईरान ने इजराइल पर 180 बैलिस्टिक मिसाइल दागी थीं।
इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने बताया कि हमला मोसाद हेडक्वार्टर, नेवातिम एयरबेस और तेल नोफ एयरबेस को निशाना बनाकर किया गया था। ईरान की ज्यादातर मिसाइलों को इजराइल के डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया था। IDF के मुताबिक हमले में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
