गोविंदा के पैर में गोली लगी, रिवॉल्वर रखते वक्त मिसफायर:एक्टर ने VIDEO मैसेज में कहा- मैं अब ठीक हूं, बुलेट निकाल दी गई
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा (60) पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। उन्हें खुद की पिस्टल साफ करते हुए मिसफायर से गोली लगी। घटना मंगलवार सुबह करीब 4.45 बजे की है। ऑपरेशन कर उनके पैर से गोली निकाल ली गई है। एक्टर फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में DCP दीक्षित गेडाम ने बताया कि जिस समय घटना हुई उस समय गोविंदा घर में अकेले थे। उनके पास एक लाइसेंसी रिवॉल्वर है। रिवॉल्वर से गलती से गोली चली, जो उनके पैर पर लगी। इस मामले से जुड़ी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं है।
दैनिक भास्कर के करीबी सूत्रों के अनुसार, गोविंदा को अपनी रिवॉल्वर साफ करते हुए मिस फायरिंग से गोली लगी। मुंबई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी रिवॉल्वर जब्त कर ली है।
मैं आप सबके आशीर्वाद से ठीक हूं। गलती से गोली चल गई थी, जिसे ऑपरेशन करके निकाल लिया गया है। डॉक्टरों और आप सभी को प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं।

– गोविंदा ने अस्पताल से ऑडियो मैसेज जारी कर कहा
गोविंदा खतरे से बाहर जानकारी के मुताबिक, गोली लगने से उनके पैर से काफी खून बह गया था। इलाज के लिए अंधेरी के क्रिटी केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। हॉस्पिटल से जुड़े सुत्रों के अनुसार, शुरुआती इलाज के बाद अब गोविंदा खतरे से बाहर हैं। उनकी बेटी टीना (नर्मदा) फिलहाल अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं, जबकि पत्नी सुनीता कोलकाता में हैं, जहां गोविंदा का प्रोग्राम होने वाला था।
उन्हें घुटने के नीचे गोली लगी है। गोली आर-पार नहीं हुई थी। गोली लगकर अंदर अटकी हुई थी। अब खून रुक चुका है। वो मेरे परिवार की तरह हैं। मैं और उनकी बेटी उन्हें हॉस्पिटल लेकर आए थे।

-डॉक्टर अग्रवाल, क्रिटी केयर हॉस्पिटल
उन्हें देखकर मेरा रोना निकल गया, उन्होंने बस यही कहा कि घबरा मत मैं एकदम ठीक हूं। बजरंग बली की बहुत कृपा है कि बला टल गई है। वो एकदम स्वस्थ हैं।

-विनय आनंद, गोविंदा के भांजे
पहले से बहुत अच्छी इंप्रूवमेंट है। हम उम्मीद करते हैं कि अगर ठीक हो जाएं, तो आज शाम को ही घर ले जाएं।

– कृति कुमार, गोविंदा के भाई
एक प्रोग्राम में शामिल होने कोलकाता रवाना होने वाले थे गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया है कि वे एक प्रोग्राम के लिए कोलकाता जा रहे थे। 6 बजे की फ्लाइट थी। अलमारी में पिस्टल रखते हुए मिस फायर हुआ और उनके घुटने के नीचे गोली लग गई। उन्हें तुरंत अंधेरी के अस्पताल ले जाया गया। गोली निकाल ली गई है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। घबराने की कोई बात नहीं है।
मैंने गोविंदा की हेल्थ कंडीशन जानने के लिए खुद उनसे संपर्क किया है। सरकार और राज्य के लोगों की और से मैं उनकी जल्दी रिकवरी की आशा करता हूं। मैंने गोविंदा को ये आश्वासन दिया है कि इस मुश्किल समय में मैं उनके परिवार को पूरा सहयोग दूंगा।

– महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे ने आधिकारिक बयान में कहा
अस्पताल पहुंचीं कश्मीरा शाह, कभी झगड़ा सुर्खियों में था
गोविंदा के भांजे कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह क्रिटी केयर हॉस्पिटल पहुंची हैं। एक समय कश्मीरा और गोविंदा की पत्नी सुनीता का झगड़ा सुर्खियों में रहा था। गोविंदा और कृष्णा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था, जब 2018 में कृष्णा की वाइफ कश्मीरा शाह ने ट्वीट किया कि कुछ लोग पैसों के लिए नाचते हैं। इस ट्वीट पर सुनीता आहूजा ने जवाब दिया था कि ये ट्वीट गोविंदा के खिलाफ किया गया है। इसके बाद गोविंदा- सुनीता ने कृष्णा-कश्मीरा से सभी संबंध खत्म कर लिए थे।
2019 में भी जब गोविंदा, सुनीता और उनकी बेटी टीना कपिल शर्मा के शो पर आए थे, तब भी कृष्णा शो में नहीं आए थे, क्योंकि सुनीता उनके साथ स्टेज शेयर नहीं करनी चाहती थीं। हालांकि, सालों बाद अब मनीष पॉल के पॉडकास्ट में कृष्णा अभिषेक ने गोविंदा से माफी मांगी थी। इस पर गोविंदा ने उसी पॉडकास्ट में उन्हें माफ कर सारा झगड़ा खत्म कर दिया था।
कुली नंबर 1, हीरो नंबर 1, राजा बाबू, छोटे सरकार, हद कर दी आपने जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे गोविंदा बीते 5 सालों से फिल्मों से दूर हैं। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म 2019 की रंगीला राजा है।
मार्च में शिवसेना जॉइन की थी
गोविंदा 28 मार्च को शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए थे। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। पार्टी जॉइन करने के बाद गोविंदा ने कहा था- मैं 2004 से 2009 तक राजनीति में था। ये संयोग है कि 14 साल बाद मैं फिर से राजनीति में आया हूं। मुझ पर जो विश्वास किया गया है, मैं उसे पूरी तरह से निभाऊंगा।
गोविंदा ने 2004 में कांग्रेस के टिकट पर मुंबई नॉर्थ से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा के राम नाइक को 48,271 वोटों से हराया था। एक्टर 2004 से 2009 तक सांसद रहे थे।
