Headlines

NCP नेता आव्हाड की पत्नी बोलीं- लादेन की बायोग्राफी पढ़ें:जैसे कलाम राष्ट्रपति बने, वैसे ही वह आतंकी बना; पैदायिशी टेररिस्ट नहीं था

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (NCP-SP) के नेता जितेंद्र आव्हाड कि पत्नी ऋता आव्हाड ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम से आतंकी ओसामा बिन लादेन की तुलना की है।

ऋता आव्हाड गुरुवार को ठाणे में एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। वहां उन्होंने शिक्षा के महत्व पर भाषण में छात्रों से कहा कि सभी को लादेन की बायोग्राफी पढ़नी चाहिए, ताकि वह समझ सकें कि वह आतंकी कैसे बना।

आव्हाड ने कहा, ‘जिस तरह अब्दुल कलाम राष्ट्रपति बने, उसी तरह लादेन आतंकी बना था। लादेन मां के पेट से आतंकी बनकर पैदा नहीं हुआ था। उसे समाज ने आतंकी बनने के लिए मजबूर किया।

पति जितेंद्र आव्हाड के साथ ऋता आव्हाड की फाइल फोटो।

भाजपा बोली- INDI गठबंधन के नेता अफजल-कसाब का भी बचाव कर चुके भाजपा ने इस बयान पर ऋता आव्हाड और NCP-SP की आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर लिखा, ‘NCP शरद पवार गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड की पत्नी ओसामा बिन लादेन की प्रशंसा करती हैं। उसकी तुलना एपीजे अब्दुल कलाम से करती हैं। जितेंद्र आव्हाड ने इशरत जहां (लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी) का बचाव किया था। INDI गठबंधन में शामिल पार्टी के नेताओं ने याकूब, अफजल, सिमी, कसाब और अन्य का भी बचाव किया है।

ऋता आव्हाड ने सफाई दी, कहा- बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया राजनीतिक आलोचना के बीच ऋता आव्हाड ने अपने बयान पर सफाई दी। ऋता ने एक वीडियो मैसेज में कहा, ‘मैंने छात्रों को प्रोत्साहित करने और उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाने के लिए दो अलग-अलग व्यक्तित्वों के दो उदाहरण दिए, लेकिन मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।’

ऋता ने आगे कहा, ‘मेरे सामने युवा बैठे थे। मैंने उनसे कहा कि वे अपना मोबाइल फोन छोड़ें और अब्दुल कलाम की किताबें पढ़ें। मैंने उनसे कहा कि ओसामा बिन लादेन आतंकवादी क्यों बना, यह भी पढ़िए।’

ऋता ने कहा, ‘जब हम रामायण पढ़ते हैं तो हम रावण के बारे में भी पढ़ते हैं। वह वहां थे और इसलिए रामायण हुई। मैंने कहा कि हम अपनी जिंदगी कैसे बनाना चाहते हैं यह हमारे हाथ में है। हालांकि, मेरा बयान पूरा नहीं दिखाया गया।’

जितेंद्र आव्हाड ने भगवान राम को मांसाहारी बताया था, बाद में माफी मांगी

इसी साल जनवरी में जितेंद्र आव्हाड के भगवान राम पर दिए बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था। ​​​​​​आव्हाड ने 3 जनवरी को शिर्डी में पत्रकारों से कहा था, ‘राम हमारे हैं, बहुजनों के हैं। भगवान राम शिकार करके खाते थे। हम भी श्री राम के आदर्शों पर चल रहे हैं। राम को आदर्श बताकर लोगों पर शाकाहारी खाना थोपा जा रहा है।’

हालांकि, बाद में उन्होंने माफी मांग ली। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। राजनीतिक पार्टियां चुनाव के लिए श्रीराम को ला रहे हैं, लेकिन हमारे राम हमारे दिलों में हैं।’ पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024