Headlines

हरियाणा में पूर्व BJP मंत्री को झटका:पूर्व राज्यसभा सांसद ने छोड़ा साथ, सावित्री जिंदल बोलीं- दिल से धन्यवाद

हरियाणा में पूर्व BJP मंत्री को झटका:पूर्व राज्यसभा सांसद ने छोड़ा साथ, सावित्री जिंदल बोलीं- दिल से धन्यवाद

हिसार6 मिनट पहले

हरियाणा में जाने माने बिजनेसमैन और पूर्व राज्यसभा सासंद सुभाष चंद्रा ने हिसार में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल का समर्थन कर दिया है। तो वहीं सावित्री जिंदल ने भी चंद्रा को समर्थन देने के लिए धन्यवाद कहा है।

सावित्री जिंदल ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए चंद्रा के लिए लिखा- आपके समर्थन के लिए हृदय से धन्यवाद, सुभाष जी, टिकट पार्टी देती है, लेकिन वोट रूपी आशीर्वाद तो जनता जनार्दन ही देती है। मैं बाऊजी श्री ओ.पी. जिंदल जी द्वारा हिसार के लिए देखे गए अधूरे सपनों को पूरा करना चाहती हूँ। मेरा सपना है कि हमारा हिसार सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अग्रणी शहरों में शामिल हो। हम सबके सामूहिक प्रयासों से एक विकसित और समृद्ध हिसार का निर्माण अवश्य करेंगे।

बता दें कि आज सुबह ही सुभाष चंद्रा ने सावित्री जिंदल को समर्थन देने की जानकारी एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी है।

सुभाष चंद्रा ने पिछले 2 चुनाव में भाजपा के मंत्री और शहर से विधायक रहे डॉ. कमल गुप्ता का समर्थन किया था। डॉ. कमल गुप्ता लगातार 2 बार विधायक बने और अब तीसरी बाद BJP की टिकट पर मैदान में हैं। लेकिन अब चुनाव से ठीक पहले सुभाष चंद्रा का निर्दलीय मैदान में उतरी सावित्री जिंदल को समर्थन करना कमल गुप्ता की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

सुभाष चंद्रा की ओर से X पर की गई पोस्ट…

सुभाष ने वोटरों से की सावित्री को वोट देने की अपील पूर्व राज्यसभा सांसद ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- “जैसा मैंने सबसे वायदा किया था। हिसार विधानसभा में जनता और हिसार के लिए सावित्री जिंदल जी उपयुक्त और सही उम्मीदवार हैं। हालांकि मैं वस्तुतः BJP समर्थक परिवार से हूं, फिर भी एक निर्दलीय के लिए मतदान की अपील कर रहा हूं। BJP का समर्थन करना मेरा निजी विचार है परंतु हिसार के लोग और यह शहर मेरा है, इसलिए इसके प्रति भी मेरा एक धर्म है। इसलिए हिसार के वोटरों से मेरी प्रार्थना है कि सावित्री जी को वोट दें”। साथ ही उन्होंने कमल गुप्ता को नसीहत देते हुए कहा कि जो पेड़ झुकना नहीं जानते वो टूटकर गिर जाते हैं।

भाजपा प्रत्याशी कमल गुप्ता को दी नसीहत सुभाष चंद्रा ने X पर पोस्ट के जरिए डॉ. कमल गुप्ता को भी नसीहत दी और लिखा- ‘जब कभी तूफान आता है तो जो पेड़ झुकना नहीं जानते वो टूट कर गिरते हैं। घास की तरह जो व्यक्ति जमीन से जुड़ा रहता है वह उस भयावह तूफान को आसानी से सहन कर फिर हरा भरा हो कर पर्यावरण की यानी समाज की सेवा करने के लिए सक्षम होता है”।

जिंदल और चंद्रा परिवार कभी एक दूसरे के खिलाफ थे बता दें कि 6 साल पहले तक जिंदल और चंद्रा परिवार एक दूसरे के खिलाफ थे। खिलाफत इतनी थी कि चंद्रा ने सावित्री जिंदल को 2014 में हिसार विधानसभा से हराने के लिए भाजपा के कमल गुप्ता को समर्थन दिया और चुनाव में पूरी मदद की थी।

2012 में कांग्रेस के पूर्व सांसद एवं जेएसपीएल के चेयरमैन नवीन जिंदल ने दिल्ली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुभाष चंद्रा के ग्रुप के चैनल के वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा कोयला घोटाले मामले में उनसे 100 करोड़ रुपए मांगे गए। पुलिस ने FIR दर्ज कर 2 पत्रकारों को जेल भी भेजा था। ग्रुप के मालिक चंद्रा को भी इस मामले में घसीटा था। इसके बाद दोनों ने ही एक दूसरे पर कोर्ट केस कर रखे थे, जो दोनों ने 2018 में वापस ले लिए थे।

चंद्रा ने नहीं दिया आशीर्वाद, अकेले पड़े भाजपा प्रत्याशी हरियाणा की हिसार विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे डॉ. कमल गुप्ता चुनावी जंग में अकेले पड़ गए हैं। पहले जिंदल परिवार और अब पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा ने भी भाजपा के मंत्री का साथ छोड़ दिया है। पूर्व राज्यसभा सांसद ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी।

सुभाष चंद्रा ने लिखा था कि मंत्री बनने के बाद कमल गुप्ता को 5 साल बाद मेरी याद आई। कम से कम वह मुझे तीज-त्योहार पर बधाई तो दे सकते हैं। हिसार की जनता भी भाजपा के मंत्री से नाराज है, इसलिए इस बार मैं मदद नहीं कर पाऊंगा।

हिसार में सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया था ऐलान।

सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया था ऐलान हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 67 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। सूची जारी होते ही पार्टी में बगावत शुरू हो गई। कई पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भाजपा से टिकट न मिलने पर सावित्री जिंदल ने हिसार से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।

सावित्री जिंदल ने समर्थकों से कहा- मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्य नहीं हूं। चुनाव न लड़ने की बात कहकर दिल्ली से लौटी थी, लेकिन आपका प्यार और विश्वास देखकर चुनाव लड़ूंगी। सावित्री प्रसिद्ध उद्योगपति और कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल की मां हैं।

हिसार में दोनों नेताओं की स्थिति मजबूत

कमल गुप्ता लगातार 2 चुनाव जीते, सावित्री जिंदल को भी हराया कमल गुप्ता 2 बार हिसार सीट से चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 2014 के बाद 2019 में भी लगातार चुनाव जीता। खास बात यह है कि 2014 में तो कमल गुप्ता ने सावित्री जिंदल को ही हराया था। उस समय सावित्री ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। चूंकि, गुप्ता सरकार में मंत्री पद पर रहे हैं ऐसे हैं और सावित्री जिंदल को भी हरा चुके हैं, इसलिए वह काफी मजबूत स्थिति में दिख रहे हैं।

सावित्री जिंदल हिसार से 2 बार चुनाव जीत चुकीं, मंत्री भी रहीं हिसार सीट पर सावित्री जिंदल का भी रसूख अच्छा है। वह 2 बार हिसार से चुनाव जीतकर विधायक बन चुकी हैं। पहला चुनाव उन्होंने 2005 में जीता था। तब उपचुनाव जीतकर वह भूपेंद्र हुड्डा की अगुआई वाली सरकार में शामिल हुई थीं। 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की। 2013 में भूपेंद्र हुड्‌डा की सरकार में उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया था। इसके साथ ही हिसार में जिंदल परिवार के काफी समर्थक हैं जो जिंदल परिवार के इशारे पर चलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024