केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर एक-एक रोहिंग्या को चुन-चुनकर निकाला जाएगा। शाह ने शुक्रवार को झारखंड के साहिबगंज से बीजेपी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने रोहिंग्या घुसपैठ को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘लालू यादव, JMM और राहुल बाबा की कांग्रेस पार्टी का वोट बैंक है घुसपैठिए। वोट बैंक के डर से ये लोग घुसपैठ को नहीं रोकते हैं।
अमित शाह ने जिले के पुलिस लाइन मैदान से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां से झारखंड के 2024 के चुनाव के लिए भाजपा की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। ये परिवर्तन यात्रा आने वाले दिनों में गांव-गांव में जाएगी, घर-घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड से भ्रष्टाचारियों की सरकार हटाकर परिवर्तन करना है।
इस दौरान शाह ने कहा, आप झारखंड की सरकार बदल दो, मैं आपसे वादा करता हूं कि एक-एक रोहिंग्या घुसपैठिए को चुन-चुनकर झारखंड से बाहर निकालने का काम हम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हेमंत सरकार ने जनकल्याण की जगह घुसपैठिया कल्याण अपनाया है। हेमंत सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। झारखंड में सभी एग्जाम के पेपर लीक हो रहे हैं। हमारी सरकारी आएगी तो पेपर लीक करने वालों को उल्टा लटका कर सीधा करेंगे।’
शाह ने सिद्धो कान्हू को श्रद्धांजलि दी
इससे पहले शाह ने भोगनाडीह में वीर सिद्धो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। शाह सबसे पहले देवघर पहुंचे यहां से वो सेना के हेलिकॉप्टर से साहिबगंज पहुंचे। बीजेपी की परिवर्तन यात्रा 20 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगी। भाजपा परिवर्तन यात्रा के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने बताया कि 20 सितंबर से दो प्रमंडल में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी।
अमित शाह की बड़ी बातें…
- हमारे इस प्रदेश में आदिवासियों की जगह घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। हमें इसे रोकना पड़ेगा। ये काम केवल और केवल भाजपा कर सकती है।
- किसानों की आय बढ़ाने वाले नरेंद्र मोदी जी की समर्थन करने वाली सरकार यहां लानी है। मेरे आदिवासी युवा भाई-बहन यहां से देशभर में रोजगार के लिए जाते हैं। इसकी जगह यहां संथाल परगना में रोजगार लाने वाली सरकार यहां लानी है।
- परिवर्तन केवल मुख्यमंत्री का नहीं करना है, परिवर्तन JMM और कांग्रेस की जगह भाजपा की सरकार लाने का नहीं करना है। परिवर्तन इस भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर यहां भ्रष्टाचार रोकने वाली सरकार लाने का। परिवर्तन, आदिवासियों की बच्चियों और उनके संस्कार को घुसपैठियों के हाथों तबाह करने वाली सरकार को हटाकर करना है।
- झारखंड की रचना भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने की, लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने जन-कल्याण की जगह घुसपैठिया कल्याण अपनाया है।
- आज पाकुड़ जिले में ‘हिंदुओं और आदिवासी झारखंड छोड़ो’ जैसे नारे लगते हैं। आदिवासियों की इस भूमि को केवल और केवल नरेंद्र मोदी जी और भाजपा बचा सकते हैं।
200 प्रखंडों से गुजरेगी पूरी यात्रा सांसद दीपक प्रकाश ने बताया कि ‘प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में यह यात्रा पूरे राज्य में 200 से अधिक प्रखंडों से गुजरते हुए 5400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा सभी 81 विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी। यात्रा में 80 स्वागत कार्यक्रम, 65 सार्वजनिक रैली होगी, जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश के 50 से अधिक प्रमुख नेता शामिल होंगे।’
पांच सालों का मांगा जाएगा हिसाब परिवर्तन यात्रा के माध्यम से जनता हेमंत सोरेन जवाब दो, 5 साल का हिसाब दो के नारों के साथ भाजपा और आम जनता जवाब मांगेगी। राज्य की युवा शक्ति, महिला शक्ति राज्य में परिवर्तन के लिए संकल्पित है। सांसद दीपक प्रकाश ने बताया कि हेमंत सरकार ने केवल खान, खनिज, जमीन को ही नहीं लूटा, बल्कि केंद्र सरकार की नल जल योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी। राज्य सरकार के इस कदम से आम लोग तबाह हो गए हैं।
हेमंत सरकार पर हमला सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि ‘यह सरकार बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की संरक्षक बन गई है। घुसपैठियों के कारण राज्य की डेमोग्राफी में अप्रत्याशित बदलाव आया है। आदिवासी आबादी तेजी से घटी और मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने केवल खान, खनिज, जमीन को ही नहीं लूटा, बल्कि केंद्र सरकार की नल जल योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी। राज्य सरकार के इस कदम से आम लोग तबाह हो गए हैं।
