देश का मानसून ट्रैकर:MP के तीन जिलों में बाढ़, स्कूलों की छुट्टी; UP में 3 मौतें; हिमाचल में 75 सड़कें बंद
मध्य प्रदेश में 3 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बालाघाट और मंडला जिले में बाढ़ में फंसे कई लोगों को रेस्क्यू किया गया। सिवनी में आज 12th क्लास तक सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
ओडिशा के 7 जिलों में भी तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बचाव अभियान के दौरान 2 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मलकानगिरी, कोरापुट और गंजाम में कई इलाकों की सड़कें भी बह गईं।
वहीं, उत्तर प्रदेश में 3 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को यहां बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत हुई। हिमाचल प्रदेश में बीते 4-5 दिनों से हो रही बारिश के चलते 75 सड़कें बंद हैं। आज 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।
देशभर से बारिश की 4 तस्वीरें…
हिमाचल में मानसून सीजन में 288 मौतें हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन (1 जून से 10 सितंबर) में 288 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 130 लोगों की जान सड़कों हादसों में गई है, जबकि 6 की मौत लैंडस्लाइड, 8 की फ्लैश फ्लड, 23 की बादल फटने, 27 की पानी में डूबने, 1 की आसमानी बिजली, 26 की सांप के काटने, 17 की बिजली के करंट से, 39 की ढांक व ऊंचाई से गिरने तथा 11 की मौत अन्य कारणों से हुई है, जबकि 30 लोग अभी भी लापता है।
12 सितंबर को 6 राज्यों में अतिभारी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दक्षिण मिजोरम में बहुत भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) हो सकती है।
- असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश (7 सेमी) बारिश का अलर्ट है।
