देश का मानसून ट्रैकर:उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, 5 तीर्थयात्रियों की मौत, इनमें 3 मध्य प्रदेश के; 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग में केदारनाथ जाने वाले रास्ते पर सोमवार देर रात लैंडस्लाइड हुई। मलबे में दबकर 5 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हैं। SDRF ने मंगलवार सुबह मलबे से शव निकाले।
मरने वालों में एक तीर्थयात्री नेपाल, 3 मध्य प्रदेश और 1 गुजरात का है। इनकी पहचान मध्य प्रदेश के धार के रहने वाले गोपाल (50), दुर्गाबाई खापर (50), समनबाई (50), गुजरात के सूरत निवासी भारत भाई निरालाल (52) और नेपाल के धनवा निवासी तितली देवी मंडल (70) के तौर पर हुई है।
दूसरी तरफ, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मंगलवार (10 सितंबर) सुबह से तेज बारिश जारी है। रायपुर, सुकमा, बीजापुर में बाढ़ जैसे हालात हैं। नदियां उफान पर हैं। सुकमा में NH-30 और बीजापुर में NH-63 डूब गए हैं। छत्तीसगढ़ का महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से संपर्क टूट गया है।
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में दिनभर तेज बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने मंगलवार (10 सितंबर) को राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित 25 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट है। यानी यहां दिनभर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मध्य प्रदेश में बीते 2 दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई है। विदिशा के बेतवा नदी में सोमवार को 5 लोग डूब गए। सीहोर में दिगंबर वाटरफॉल पर पिकनिक मनाने आए एक डॉक्टर की डूबकर मौत हो गई।
राजस्थान के पुष्कर स्थित लेक में पानी भरने से रिहायशी इलाके डूब गए हैं। सड़कों पर 2-3 फीट तक पानी भर गया है। फॉयसागर झील की दीवार में दरार आ गई है। पिछले दो महीने के दौरान मानसून सीजन में राज्य के 340 बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं।
ओडिशा में सड़कें बहीं, 3 जिलों में स्कूल बंद ओडिशा में मंगलवार को भारी बारिश से सड़कें बह गईं। बिजली आपूर्ति ठप है। कई इलाके जलमग्न हो गए। प्रभावित जिलों में मलकानगिरी, कोरापुट, कंधमाल, रायगड़ा, गजपति और गंजाम शामिल हैं। मलकानगिरी, कोरापुट और गंजाम में स्कूल बंद हैं। मलकानगिरी को कोरापुट से जोड़ने वाली सड़कें कई स्थानों पर बह गईं, जिससे ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क टूट गया है।
देश भर से बारिश की तस्वीरें….
11 सितंबर को देश के 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग ने 11 सितंबर को राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
