अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास महाराज की तबीयत बिगड़ गई है। रविवार शाम 6:30 बजे लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उन्हें यूरिनरी और खाने की समस्या बताई जा रही है। महंत की उम्र इस समय 86 साल है। वह 24 अगस्त को अयोध्या से जन्माष्टमी मनाने मथुरा गए। वहां से इंदौर भी गए थे।
वापसी के दौरान तबीयत खराब होने पर ग्वालियर में भर्ती कराया गया। हालांकि, सुधार न होने के कारण मेदांता लखनऊ लाया गया। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम उनका ट्रीटमेंट कर रही है।
मेदांता अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन में बताया कि पहले भी अस्वस्थ होने पर महंत नृत्य गोपालदास का मेदांता में इलाज हो चुका है। उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए अयोध्या स्थित उनके आश्रम मणिराम दास छावनी में एक कक्ष को ICU की सुविधाओं से लैस भी किया गया है।
2020 में राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बनाए गए नृत्य गोपालदास 2003 में श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष बनाए गए। राम मंदिर आंदोलन के महानायक महंत रामचंद्र दास परमहंस के निधन के बाद उन्हें यह पद दिया गया। इसके बाद साल 2020 में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया गया। अध्यक्ष बनाए जाने के बाद इनकी सुरक्षा Y से बढ़ाकर Z कैटेगरी की कर दी गई।
हर साल जन्माष्टमी पर मथुरा जाते हैं महंत श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के भी अध्यक्ष हैं। वे हर साल जन्माष्टमी समारोह के लिए मथुरा जाते हैं। अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने के बाद रामलला को टेंट में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से 28 साल तक महंत नृत्य गोपालदास रामलला के दर्शन करने नहीं गए। जब रामलला को अस्थायी मंदिर में विराजमान कराया गया, उसके बाद ही वे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
साल 2022 में 2 बार एडमिट हुए थे नृत्य गोपालदास की तबीयत अप्रैल और नवंबर-2022 में भी बिगड़ी थी। उस वक्त भी उन्हें मेदांता में ही भर्ती कराया गया था। अक्टूबर 2021 में भी महंत नृत्य गोपाल दास को सांस लेने में तकलीफ, पेशाब न होने और इन्फेक्शन की वजह से मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस समय भी उन्हें ICU में रखा गया था। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार मॉनिटरिंग कर रही थी। उनसे मिलने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पहुंचे थे।
2020 को कोरोना संक्रमित हो गए थे नवंबर 2020 में महंत नृत्य गोपालदास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें प्राथमिक जांच के बाद एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल भेजा गया था।
महंत नृत्य गोपाल दास 7 अगस्त 2020 को कोरोना संक्रमित हो गए थे। गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चला था और स्वस्थ होने के बाद वे वापस अयोध्या आ गए थे। तब से लगातार उन्हें कुछ न कुछ दिक्कतें आ रही थीं, जिसके बाद परेशानी बढ़ने पर उन्हें लखनऊ मेदांता में शिफ्ट किया गया।
ये भी पढ़ें:
