Headlines

हरियाणा में गठबंधन में देरी से नाराज AAP:कांग्रेस को शाम तक का टाइम दिया, प्रदेश अध्यक्ष बोले- घोषणा न हुई तो 90 उम्मीदवार उतार देंगे

हरियाणा विधानसभा चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन में सीटों के बंटवारों पर आज फैसला होने के आसार हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 5 और समाजवादी पार्टी (SP) ने 3 सीटें कांग्रेस से मांगी हैं। कांग्रेस AAP को 5 सीटें दे सकती है।

इस बीच हरियाणा में AAP के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि अभी तक हाईकमान ने गठबंधन के बारे में कुछ नहीं बताया है। अगर आज गठबंधन नहीं हुआ तो हम सभी 90 सीटों पर AAP के उम्मीदवार उतार देंगे।

I.N.D.I.A गठबंधन में अभी समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर संशय है। सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने 3 सीटों की सूची कांग्रेस को भेजी हैं, इन सीटों में पलवल जिले की हथीन, चरखी दादरी की दादरी और गुरुग्राम की सोहना सीट शामिल हैं।

संजय सिंह बोले- हम पूरी तरह तैयार AAP कैंडिडेट्स घोषित करने के बारे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह का कहना है कि इस पर संदीप पाठक का बयान आ चुका है, सुशील गुप्ता ने भी साफ किया है। हम पूरी तरह तैयार हैं। हम कैंडिडेट घोषित करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। जैसे ही पार्टी संगठन या राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से इजाजत मिल जाएगी, चयनित उम्मीदवार चुनाव लड़ने जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर संजय कहते हैं, ‘सुशील गुप्ता कह रहे हैं कि शाम तक लिस्ट जारी कर देंगे तो उनकी बात भी सही है। 12 तारीख तक ही नॉमिनेशन का समय है। इस हिसाब से हमारे पास टाइम बचा नहीं है।’ उम्मीदवारों के चयन पर संजय सिंह ने कहा कि जो लोग पार्टी के लिए अच्छा काम कर रहे हैं, वे अरविंद केजरीवाल से बात कर आगे बढ़ेंगे। अब समय कम बचा है।

हरियाणा चुनाव में 10 सीटें मांग रही है AAP राज्य में गठबंधन को लेकर कांग्रेस-AAP के बीच 3 मीटिंग हो चुकी हैं। I.N.D.I.A. गठबंधन के तहत AAP कांग्रेस से 10 सीटें मांग रही थी, कांग्रेस ने AAP को 4 सीटें ऑफर की थीं। 2 मीटिंग के बाद तीसरी मीटिंग में AAP को एक और सीट ऑफर की यानी टोटल 5 सीटें।

सपा ने 12 सीटें मांगी थीं, अब 3 का प्रपोजल सपा की हरियाणा यूनिट ने जाट, यादव और मुस्लिम बहुल 12 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव कांग्रेस को दिया था। हरियाणा में सपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी, पूर्व MLC संजय लाठर और राव विजेंदर की कमेटी बनाई गई थी, इनसे 3 सीटों के भी नाम मांगे थे। अब सपा ने दादरी, हथीन और सोहना सीट का प्रपोजल कांग्रेस को दिया है।

कांग्रेस ने AAP को 4+1 फॉर्मूला दिया कांग्रेस की तरफ से AAP को 4+1 फॉर्मूला यानी 5 सीट का ऑफर दिया गया है। इनमें जींद, कलायत, पानीपत (ग्रामीण), गुरुग्राम और पिहोवा सीट शामिल है। हालांकि, AAP ओल्ड फरीदाबाद सीट भी मांग रही है।

जींद से AAP के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, कलायत से वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, पिहोवा से पूर्व मंत्री बलवीर सैनी AAP के टिकट से चुनाव लड़ सकते हैं। पानीपत (ग्रामीण) और गुरुग्राम से अभी कोई चेहरा सामने नहीं आया है।

जहां AAP जीती, वो सीट भी दे सकती है कांग्रेस लोकसभा चुनाव में AAP-कांग्रेस के जॉइंट कैंडिडेट डॉ. सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ा था। इस सीट के अंतर्गत 9 विधानसभा आती हैं। गुप्ता यह चुनाव तो नहीं जीत पाए, लेकिन उन्होंने इस सीट के अंतर्गत आने वाली 4 सीट (गुहला चीका, पिहोवा, शाहाबाद और कलायत) पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस यह चारों सीट भी AAP को दे सकती है।

राहुल गांधी ने बनाया गठबंधन का प्लान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से गठबंधन की पहल की गई थी। राहुल ने AAP से बातचीत के लिए 4 सदस्यों की कमेटी बनाई। इसमें पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान को भी रखा गया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव साधना चाह रही कांग्रेस हरियाणा के जरिए राहुल गांधी अगले साल 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव को साधना चाहते हैं। दिल्ली में कांग्रेस ने 1998 से लेकर 2013 तक सरकार बनाई। इसके बाद 2013 और 2015 में हुए चुनाव में कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई। अगर हरियाणा में दोनों पार्टियों का गठबंधन हो जाता है तो कांग्रेस अगले साल दिल्ली में गठबंधन का दबाव बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024