Headlines

गडकरी बोले-शिवाजी की प्रतिमा स्टील की होती तो नहीं गिरती:सिंधुदुर्ग में 8 महीने पहले बना स्टेच्यू गिरा था; PM, CM-डिप्टी CM माफी मांग चुके

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार (3 सितंबर) को कहा कि अगर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा बनाने में स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल होता तो वह कभी नहीं गिरती। केंद्रीय मंत्री दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

गडकरी ने कहा- मैं पिछले तीन सालों से इस बात पर जोर रहा हूं कि समुद्र के आसपास बनी सड़कें, पुलों या किसी तरह के निर्माण में स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। गडकरी ने कार्यक्रम में नेशनल हाईवे, रोड और टनल कंस्ट्रक्शन में आ रही दिक्कतों पर भी बात की।

दरअसल, 26 अगस्त को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग स्थित राजकोट किले में 8 महीने पहले बनी शिवाजी की 35 फीट ऊंची प्रतिमा गिर गई थी। पीएम मोदी ने पिछले साल 4 दिसंबर को प्रतिमा का अनावरण किया था।

गडकरी बोले- मुंबई के सभी पुल स्टेनलेस स्टील से बनाएंगे

गडकरी ने कहा, ‘जब मैंने (महाराष्ट्र के मंत्री के रूप में) मुंबई में 55 फ्लाईओवर बनाए, तो एक आदमी मुझे घुमाने के लिए ले गया। उसने लोहे की रॉड पर कुछ पाउडर कोटिंग लगाई और कहा कि वे जंग-रोधी हैं, लेकिन उनमें जंग लग रही थी।

अब मुझे लगता है कि समुद्र से 30 किमी के अंदर सभी सड़कों पर स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मैंने भविष्य में मुंबई के सभी पुलों के लिए स्टेनलेस स्टील इस्तेमाल करने का फैसला लिया है।’

27 अगस्त को PM मोदी ने कहा था- मैं सिर झुकाकर माफी मांगता हूं

विपक्ष ने शिवाजी की प्रतिमा गिरने का जमकर विरोध किया। इसके बाद PM मोदी को माफी मांगनी पड़ी थी। 27 अगस्त को मोदी ने पालघर में एक प्रोग्राम में कहा, ‘हमारे लिए छत्रपति शिवाजी सिर्फ एक महाराजा नहीं हैं। वे पूजनीय हैं। आज मैं छत्रपति शिवाजी महाराज के सामने नतमस्तक हूं और उनसे क्षमा मांगता हूं।’

मोदी से पहले महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे, डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी माफी मांग चुके हैं। हालांकि, CM शिंदे ने पहले कहा था कि तेज हवा के कारण प्रतिमा गिर गई।पूरी खबर पढ़ें…

प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार के खिलाफ लुकआउट नोटिस
शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के मामले में ठेकेदार जयदीप आप्टे के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार (3 सितंबर) को यह जानकारी दी। किसी व्यक्ति को देश से भागने से रोकने के लिए एयरपोर्ट्स और अन्य एग्जिट पॉइंट्स पर LOC जारी की जाती है।

26 अगस्त को प्रतिमा ढहने के बाद मालवन पुलिस ने जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट और ठेकेदार चेतन पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया था। चेतन पाटिल को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि आप्टे फरार है।

1 सितंबर को विपक्ष ने प्रदर्शन किया, उद्धव ने शिंदे-फडणवीस की फोटो पर चप्पल मारी

MVA के प्रदर्शन के दौरान पूर्व CM उद्धव ठाकरे ने मौजूदा CM एकनाथ शिंदे के पोस्टर पर चप्पल मारी।

छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के विरोध में महाविकास अघाड़ी (MVA) ने 1 सितंबर को मुंबई में प्रदर्शन किया था। इसे जोड़े मारो (जूता मारो) आंदोलन नाम दिया गया। MVA ने साउथ मुंबई के हुतात्मा चौक से गेटवे ऑफ इंडिया तक पैदल मार्च निकाला।

​​​​​​इसमें ​उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, शरद पवार, सुप्रिया सुले, नाना पटोले समेत MVA की तीनों पार्टियों के बड़े नेता शामिल हुए। उद्धव ने CM एकनाथ शिंदे, डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के पोस्टर पर चप्पल मारी। उन्होंने कहा- मोदी की माफी अहंकार से भरी थी। वहीं, शरद पवार ने कहा- मूर्ति गिरना भ्रष्टाचार का उदाहरण है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024