Headlines

BJP की लिस्ट से पहले CM दिल्ली तलब:सैनी ने सारे कार्यक्रम रद्द किए; नड्‌डा ने अर्जेंट मीटिंग बुलाई, विज बोले- मेरा नाम सबसे पहले होगा

BJP की लिस्ट से पहले CM दिल्ली तलब:सैनी ने सारे कार्यक्रम रद्द किए; नड्‌डा ने अर्जेंट मीटिंग बुलाई, विज बोले- मेरा नाम सबसे पहले होगा

चंडीगढ़31 मिनट पहले
मीडिया से बात करते सीएम नायब सैनी। – फाइल फोटो

हरियाणा में BJP की पहली लिस्ट आज या कल आ सकती है। लिस्ट जारी करने से पहले केंद्रीय नेतृत्व ने CM नायब सैनी को दिल्ली बुला लिया है। इसके बाद उनके हरियाणा में सारे चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

वहीं, दिल्ली में एक अहम बैठक भी शुरू हो गई है। यह बैठक पार्टी के मुख्यालय में हो रही है। जेपी नड्‌डा की अध्यक्षता में हो रही बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सुरेंद्र नागर भी मौजूद हैं।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, लिस्ट को लेकर अभी तक पार्टी में अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। इतना जरूर है कि केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मीटिंग में PM नरेंद्र मोदी के सुझाव के बाद पहली लिस्ट बड़ी होगी। इसमें 60 से 70 उम्मीदवार हो सकते हैं।

दिल्ली में मीटिंग में शामिल होने पहुंचे हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान।

अनिल विज बोले- मैंने कोई आपत्ति नहीं जताई
इधर, जब मीडिया ने अनिल विज से पूछा कि अगर उनका नाम लिस्ट में नहीं होता तो वे क्या करेंगे? इस पर पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि मेरा नाम क्यों नहीं होगा? मेरा नाम सबसे पहले होगा।

जब उनसे पूछा गया कि नायब सैनी को CM बनाया गया तो आपका रवैया ठीक नहीं था। इस वजह से आपकी टिकट कट सकती है। इस पर विज ने कहा कि मैंने क्या कहा? मैंने कोई आपत्ति नहीं की। बस, मैं अपने घर आ गया था।

केंद्रीय नेतृत्व जारी करेगा प्रत्याशियों की सूची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि बहुत जल्द केंद्रीय नेतृत्व उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगा। एक मीटिंग रात को चंडीगढ़ में हुई, जिसमें कुछ नामों पर चर्चा की गई। वहीं बवानी खेड़ा से विधायक एवं मंत्री विशंभर वाल्मीकि को टिकट कटने का डर सता रहा है।

वह दिल्ली में डटे हुए हैं और केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। सर्वे में जनता से ग्राउंड कनेक्ट कम होने के आधार पर उनकी टिकट को खतरा है। वह निर्दलीय भी चुनाव लड़ सकते हैं। इसी बीच मंगलवार शाम को बवानी खेड़ा से दावेदार सुरेश ओड केंद्रीय मंत्री से मिलने पहुंचे।

पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह की मंगलवार को दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात हुई थी। इससे पहले उनकी कांग्रेस में जाने की चर्चा थी।

राव नरबीर की शाह से मुलाकात
मंगलवार को हरियाणा में BJP की टिकट मिलने से पहले ही राव नरबीर के घर पटाखे चलना शुरू कर दिए थे। नरबीर की सुबह केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद से समर्थकों का कहना है कि नेता की टिकट पक्की हो गई है। राव नरबीर बादशाहपुर से टिकट के दावेदार हैं। 2019 के चुनाव में उनकी टिकट काट दी गई थी।

इस बीच भाजपा की टिकट बंटवारे की एक लिस्ट वायरल हुई है। इस लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें सीएम नायब सैनी से लेकर गोपाल कांडा, सावित्री जिंदल, श्रुति चौधरी और आरती राव का नाम शामिल है। इस लिस्ट में BJP के सचिव और कार्यालय प्रभारी अरूण सिंह के मुहर-साइन होने का भी दावा किया जा रहा है।

वहीं भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कि ये फेक लिस्ट है, जो वायरल की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही लिस्ट..

भाजपा में 55 नाम फाइनल, फिर भी लिस्ट अटकी
भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की गुरुग्राम में 3 मीटिंगें हुईं। जिसके बाद गुरुवार रात को केंद्रीय चुनाव समिति की भी मीटिंग हुई। इसमें 55 नामों पर मुहर लगने की बात सामने आई। जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि भाजपा की लिस्ट जल्द जारी होगी। हालांकि लिस्ट के बजाय भाजपा नेताओं की दिल्ली में लगातार मीटिंगें चल रही हैं।

BJP में इन 18 नामों पर सहमति की चर्चा
हरियाणा BJP की टिकट के लिए अभी तक जिन नामों पर सहमति की चर्चा है, उनमें लोहारू से जेपी दलाल, अंबाला कैंट से अनिल विज, पंचकूला से कुलभूषण गोयल, तोशाम से श्रुति चौधरी, आदमपुर से भव्य बिश्नोई, पलवल से दीपक मंगला, बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद से विपुल गोयल, सोहना से डॉ संजय सिंह, महेंद्रगढ़ से रामबिलास शर्मा, जींद से कृष्ण मिड्‌डा, कैथल से लीलाराम गुर्जर, जगाधरी से कंवर पाल गुर्जर, थानेसर से सुभाष सुधा, पानीपत (ग्रामीण) से महिपाल ढांडा, कोसली से आरती राव और बादली से ओम प्रकाश धनखड़ के नाम शामिल हैं। इनके अलावा नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु की सीट भी रामकुमार गौतम के आने से बदल सकती है।

पहली लिस्ट पर पीएम जता चुके आपत्ति
भाजपा सूत्रों के मुताबिक गुरुवार रात को दिल्ली में हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा स्टेट इलेक्शन कमेटी (SEC) की लिस्ट पर ऑब्जेक्शन कर दिया था। पीएम ने हरियाणा बीजेपी की पहली लिस्ट में बड़े चेहरों के नाम नहीं होने पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा था कि पहली लिस्ट में बड़े चेहरों के नहीं होने से लोगों में ये मैसेज जाएगा कि बीजेपी के दिग्गज मैदान से बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मीटिंग में छोटी लिस्ट के बजाय जंबो लिस्ट जारी करने की सलाह दी थी। जिसके बाद लिस्ट को बढ़ाया गया। फिर इसमें से 55 नामों को मंजूरी मिलने की बात सामने आई थी।

CM सैनी की सीट भी फाइनल नहीं
भाजपा में अभी तक सीएम नायब सैनी की सीट भी फाइनल न होने की चर्चा है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को कहा था कि सीएम लाडवा से चुनाव लड़ेंगे। उनके इस दावे को सीएम ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि मैं करनाल से भी लड़ूंगा। सीएम ने यहां तक कहा कि जब तक लिस्ट नहीं आती, तब तक कोई कार्यकर्ता भी ये दावा नहीं कर सकता।

बीजेपी की पहली लिस्ट में संभावित नाम
लाडवा से नायब सैनी, अंबाला कैंट से अनिल विज, पानीपत ग्रामीण से महिपाल ढांडा, पानीपत से प्रमोद विज, अंबाला से असीम गोयल, पलवल से गौरव गौतम, अटेली से आरती राव, बावल से संजय मेहरा, नांगल चौधरी अभय सिंह यादव, फरीदाबाद ओल्ड से विपुल गोयल, पृथला से दीपक डागर, बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा, होडल से हरेंद्र राम रतन, सोहना से तेजपाल तंवर, तोशाम से श्रुति चौधरी, जगाधरी से कंवरपाल गुर्जर, रेवाड़ी से मंजू यादव, थानेसर से सुभाष सुधा, लोहारू से जेपी दलाल, जींद से कृष्ण मिड्डा को टिकट मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024