Headlines

महाराष्ट्र में पवार-उद्धव-कांग्रेस गठबंधन की 21 दिन में चौथी बैठक:288 सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी, उद्धव बोले- पहले CM फेस तय हो

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सभी 288 सीटों की शेयरिंग के लिए विकास अघाड़ी (कांग्रेस, NCP SP और शिवसेना UBT) की बैठक मुंबई में शुरू हो गई है। शीट शेयरिंग के लिए गठबंधन की इसी महीने यह चौथी बैठक हो रही है।

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री पर हो रही इस बैठक में भाग लेने के लिए NCP (SP) प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले पहुंच गए हैं। पहले हुई 3 मीटिंग्स में अलग-अलग मुद्दों पर नेताओं के बयान सामने आए थे।

महाराष्ट्र में 21 दिन में विपक्षी गठबंधन की चौथी मीटिंग

  • पहली बैठक: 7 अगस्त: कॉमन मैनिफेस्टो, फॉर्मूले और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। विजय वडेट्टीवार ने बताया कि पूर्व CM पृथ्वीराज चव्हाण की अगुआई में कॉमन मैनिफेस्टो पर काम चल रहा है।
  • दूसरी बैठक: 16 अगस्त: उद्धव ठाकरे ने कहा कि चुनाव से पहले CM फेस का ऐलान होना चाहिए। पवार साहब और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज जिसे भी CM बनाएंगे, मैं उनका समर्थन करूंगा।
  • तीसरी बैठक: 24 अगस्त: शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा था कि मुंबई की 36 सीटों के लिए सीट बंटवारे का फॉर्मूला 99% तय कर लिया है। कांग्रेस और NCP (SP) दोनों ने इस दावे को खारिज किया।

कांग्रेस के 5 मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं
महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 5 विधायकों का विधानसभा चुनाव में टिकट कटना करीब-करीब तय है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी नए चेहरों को मौका देगी। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

टिकट कटने वाले विधायकों में सुलभा खोडके, जीशान सिद्दीकी, हीरामन खोसकर, जितेश अंतापूरकर, मोहन हंबर्डे शामिल हैं। MLC के चुनाव में कांग्रेस के 7-8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर सामने आई थीं।

विधान परिषद चुनाव में NDA ने 11 में से 9 सीटें जीती थीं
12 जुलाई को हुए MLC चुनाव में NDA ने 11 में से 9 सीटें जीती थीं। वहीं, INDIA ब्लॉक ने 3 में से 2 ही जीतीं। चुनाव में जीत के लिए एक कैंडिडेट को 23 विधायकों के वोट चाहिए थे। महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के 103, शिवसेना के 37, NCP के 39, कांग्रेस के 37, शिवसेना (उद्धव गुट) के 15 और NCP (शरद गुट) के 13 विधायक हैं।

नवंबर 2024 को ‌BJP-शिवसेना सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
महाराष्ट्र में इस वक्त BJP-शिवसेना की सरकार है। इसका कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है, इसलिए अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। 2019 में विधानसभा चुनाव में BJP 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना (टूट से पहले वाली) और BJP गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना (टूट से पहले वाली) ने तब कांग्रेस (45 विधायक) और NCP (टूट से पहले वाली पार्टी) (53 विधायक) के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने थे।

इसके बाद मई 2022 MVA सरकार में नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी और BJP के साथ मिल गए। एकनाथ शिंदे ने 30 जून 2022 को महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

इसके साथ ही शिवसेना दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024