Headlines

कोलकाता रेप-मर्डर केस, केंद्र बोला- डॉक्टर हड़ताल खत्म करें:सुरक्षा के लिए कमेटी बनाएंगे; IMA ने 24 घंटे के लिए काम रोका

कोलकाता रेप-मर्डर केस, केंद्र बोला- डॉक्टर हड़ताल खत्म करें:सुरक्षा के लिए कमेटी बनाएंगे; IMA ने 24 घंटे के लिए काम रोका

नई दिल्ली1 घंटे पहले
कोलकाता रेप-मर्डर केस को लेकर देशभर के डॉक्टर हड़ताल पर हैं। IMA के कहने पर प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर भी आज हड़ताल पर हैं।

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से रेप-मर्डर की घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल का शनिवार को 8वां दिन है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने भी 24 घंटे के लिए अस्पतालों में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने की बात कही है।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने डॉक्टर्स से हड़ताल खत्म करने को कहा है। मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा- डॉक्टरों की मांग को लेकर कमेटी बनाई जाएगी। सुरक्षा के लिए राज्य सरकारों से भी सुझाव मांगे जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के इस फैसले के पहले IMA चीफ ने शनिवार को कहा- इमरजेंसी सेवाएं छोड़कर अस्पतालों में कामकाज बंद है। हमारी मांग है कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हमने ऐसा कुछ नहीं मांगा जो सरकार नहीं कर सकती है।

दरअसल, 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या की गई थी। 14 अगस्त की देर रात इसी अस्पताल में हिंसा हुई, जिसके बाद IMA ने देशभर में प्रदर्शन का फैसला किया था।

देशभर में प्रदर्शन की तस्वीरें…

जोधपुर में रेजिडेंट डॉक्टरों ने इमरजेंसी और ICU में भी काम करना बंद कर दिया है। सिर्फ सीनियर डॉक्टर्स इमरजेंसी सेवाएं देख रहे हैं।
भोपाल में रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने डॉक्टर्स को हड़ताल खत्म करने का आदेश दिया है।
चेन्नई में राजीव गांधी गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल और मद्रास मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स शनिवार सुबह से नारेबाजी कर रहे हैं।
अहमदाबाद में रेजिडेंट डॉक्टरों ने मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए प्ले कार्ड लेकर नारे लगाए।
पटना विमेंस कॉलेज में छात्राओं ने साइलेंट प्रोटेस्ट किया है। जूनियर डॉक्टर्स ने बिना नारेबाजी के सिर्फ प्लेकार्ड से शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट किया।
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भी जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं। कुछ देर के लिए OPD सेवाएं भी बंद कर दी गईं।

हड़ताल और रेप-मर्डर केस को लेकर आज के अपडेट्स

  • IMA चीफ बोले– हम जीवन के अधिकार की मांग कर रहे हैं। यह मौलिक अधिकार है। हम प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे। मामले में उन्हें हस्तक्षेप करना चाहिए। PM ने 15 अगस्त की स्पीच में महिलाओं की सुरक्षा की बात कही थी।
  • IMA के समर्थन में बांग्लादेश की ढाका यूनिवर्सिटी के मेडिकल छात्र भी प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने ट्रेनी डॉक्टर को न्याय मिलने और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलने की मांग रखी है।
  • राधागोविंद कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल शनिवार (17 अगस्त) को लगातार दूसरे दिन CBI की पूछताछ में पहुंचे।
  • CJI डीवाई चंद्रचूड़ को सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों ने चिट्ठी लिखी। उन्होंने कहा कि कोलकाता वाली घटना से देश की आत्मा पर हमला हुआ है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए।
  • पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस भी डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन कर रहा है।
  • पश्चिम बंगाल सरकार ने अलग-अलग कॉलेज के 42 प्रोफेसर्स का तबादला किया। इनमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज के 2 प्रोफेसर्स डॉ. संगीता पॉल और डॉ. सुप्रिया दास भी हैं।

हड़ताल का देशभर में असर

1. राजस्थान में जोधपुर में सबसे ज्यादा प्रदर्शन, 200 ऑपरेशन टाले गए
राजस्थान के जोधपुर में शनिवार को रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने से एमडीएम हॉस्पिटल, एम्स, महात्मा गांधी हॉस्पिटल और उम्मेद हॉस्पिटल में प्लान किए गए करीब 200 ऑपरेशन को टाल दिया गया है। हॉस्पिटल में भर्ती व इमरजेंसी में आने वाले मरीजों की जिम्मेदारी सीनियर डॉक्टर्स पर आ गई है।

3. मध्य प्रदेश में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों ने काम बंद किया
भोपाल में एम्स सहित मध्य प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया। इससे राज्यभर में मेडिकल सेवाओं पर असर देखने को मिला। कई अस्पतालों में मरीजों को बिना इलाज के छोड़ दिया गया। OPD और OT सेवाएं ठप हैं। सिर्फ इमरजेंसी और ICU चालू रखा गया है।

2. कर्नाटक में सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियां सस्पेंड
IMA की हड़ताल को लेकर कर्नाटक सरकार ने सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारियों और सर्जनों की छुट्टियां सस्पेंड कर दीं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित न होनी चाहिए, जिससे लोगों को परेशानी हो।

4. दिल्ली में 5 दिन में 1 लाख से ज्यादा मरीजों को नहीं मिला इलाज
दिल्ली में सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर की हड़ताल को 5 दिन हो गए हैं। हड़ताल के चलते दिल्ली में रोजाना करीब एक लाख से अधिक मरीजों को उपचार के बिना अस्पतालों से लौटना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, डॉक्टरों की काम रोको हड़ताल के चलते रोजाना लगभग 250 से 300 सर्जरी भी नहीं हो पा रही हैं।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल CBI हिरासत में
CBI ने पीड़ित परिवार से 16 अगस्त को बातचीत की। परिवार ने अस्पताल के कुछ इंटर्न और डॉक्टर्स पर इस केस में शामिल होने का शक जताया है। CBI ने कहा कि पीड़ित परिवार ने कुछ नाम लिखाए हैं। हम अभी 30 लोगों से पूछताछ करेंगे।

CBI ने कहा कि 2 ट्रेनी डॉक्टर और एक हाउस स्टाफ से भी पूछताछ की। घटना वाली रात ये लोग पीड़ित डॉक्टर के साथ ड्यूटी पर थे। पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को भी हिरासत में लिया गया। उन्होंने 12 अगस्त को इस्तीफा दिया था। पूरी खबर पढ़ें…

हॉस्पिटल में तोड़फोड़ पर हाईकोर्ट ने पूछा- पुलिस क्या कर रही थी?
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में 14 अगस्त को हुई हिंसा को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस ने पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा- अस्पताल में 7 हजार की भीड़ आई थी। पुलिस क्या कर रही थी?

इस पर पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से पेश हुए वकील ने कहा- हिंसा को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। 15 पुलिसवाले भी घायल हुए थे। DCP भी घायल हुए हैं। पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई थी। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024