Headlines

कोलकाता रेप-मर्डर केस, लड़की से गैंगरेप का दावा:राहुल बोले- आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही; CBI-FSL टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंची

कोलकाता रेप-मर्डर केस, लड़की से गैंगरेप का दावा:राहुल बोले- आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही; CBI-FSL टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंची

नई दिल्ली16 मिनट पहले
CBI और फोरेंसिक की टीम जांच के लिए RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंची।

कोलकाता के ट्रेनी डॉक्टर रेप और मर्डर केस में 14 अगस्त, बुधवार को नया खुलासा हुआ है। ऑल इंडिया गवर्नमेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. सुवर्ण गोस्वामी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से कहा कि ये रेप नहीं, गैंगरेप हो सकता है।

उन्होंने बताया कि ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट से 151mg सीमन मिला है। इतनी ज्यादा मात्रा किसी एक शख्स की नहीं हो सकती है। इस बात की पूरी संभावना है कि रेप केस में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।

उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना के 5 दिन बाद बयान दिया है। उन्होंने कहा- पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही है। ये चीज अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। दोषियों को ऐसी सजा मिले, जो समाज में ऐसी घटना रोकने के लिए मिसाल बने।

राहुल का सवाल- कड़े कानून के बावजूद ऐसे अपराध क्यों?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X में 14 अगस्त की शाम 4 बजे पोस्ट किया।

रेजिडेंट डॉक्टर्स बोले- सेमिनार हॉल से 20 मीटर दूर तोड़फोड़, सबूतों से छेड़छाड़ हो रहा
मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रशासन सबूतों से छेड़छाड़ कर रहा है। उन्होंने वीडियो शेयर कर कहा- सेमिनार हॉल से 20 मीटर की दूरी पर चेस्ट डिपार्टमेंट के ऑफिस में तोड़फोड़ हो रही है। पुलिस के सामने रेनोवेशन के नाम पर सबूतों से छेड़छाड़ हो रही है।

RG कर मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट ने यह वीडियो X पर शेयर किया। उन्होंने कहा- सबूत मिटाने के लिए तोड़फोड़ की जा रही है।

ट्रेनी डॉक्टर का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था
9 अगस्त को RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में ट्रेनी डॉक्टर की अर्धनग्न बॉडी मिली थी। डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंखों और मुंह से खून बह रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप के बाद मर्डर की बात कही गई है।

अस्पताल प्रशासन ने ट्रेनी डॉक्टर के परिजन से कहा था- बेटी ने सुसाइड किया
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। 9 अगस्त की सुबह ट्रेनी डॉक्टर का शव मिलने के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार से झूठ बोला था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हॉस्पिटल के असिस्टेंट सुपरिनटैंडैंट ने सबसे पहले ट्रेनी डॉक्टर के परिवार से बात की थी। उन्होंने कहा था- आपकी बेटी ने सुसाइड किया है।

इसके बाद ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने 3 घंटे तक उन्हें इंतजार कराया। परिवार के बहुत जिद करने के बाद प्रशासन ने उन्हें ट्रेनी डॉक्टर की बॉडी देखने दी।

मेडिकल जांच के लिए CBI टीम आरोपी संजय रॉय को कोलकाता के कमांड अस्पताल लाई।

देशभर से डॉक्टरों का तीसरे दिन भी प्रदर्शन

असम के गुवाहाटी में GMCH मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं चालू रखी हैं।
RG कर मेडिकल कॉलेज में स्टूडेंट रेजिडेंट डॉक्टर्स 10 अगस्त से प्रदर्शन कर रहे हैं। स्टूडेंट ने अस्पताल प्रशासन पर सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं।
हैदराबाद के डॉक्टर्स और मेडिकल स्टूडेंट RG कर मेडिकल कॉलेज के प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायकों ने विधानसभा में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने CM ममता और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

रेप-मर्डर केस में आज के अपडेट्स

  • CBI ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह कोलकाता पुलिस ने CBI टीम को केस डायरी सौंपी। इसके बाद CBI टीम आरोपी संजय को पूछताछ के लिए ऑफिस लेकर आई।
  • CBI और फोरेंसिक की टीम जांच के लिए करीब 4 बजे RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंची।
  • इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की टीम भी आज कोलकाता पहुंची। अधिकारियों ने RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉक्टरों से मुलाकात की।
  • केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बोले- हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश का स्वागत करता हूं। ममता बनर्जी देश की जनता ध्यान इस मुद्दे से भटकाना चाहती है।
  • भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का जंगलराज चल रहा है। उन्होंने CBI को जांच तुरंत क्यों नहीं सौंपी। हत्या के सबूतों को नष्ट किया गया।

हड़ताल पर संगठनों में फूट

  • ट्रेनी डॉक्टर रेप-मर्डर मामले में दो दिन से जारी फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) की हड़ताल मंगलवार शाम को खत्म हुई। FORDA के कुछ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा के दिल्ली स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। डॉक्टर्स ने बताया कि उनकी मांगे मान ली गई हैं, इसलिए वे हड़ताल खत्म कर रहे हैं।
  • हालांकि, देश के कई अन्य अस्पतालों और दूसरे एसोसिएशन के डॉक्टरों ने कहा है कि वे हड़ताल जारी रखेंगे। इसमें दिल्ली AIIMS, इंदिरा गांधी अस्पताल और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोएिशन (FAIMA) शामिल हैं। इनका कहना है कि जब तक डॉक्टरों पर हमले रोकने के लिए केंद्रीय कानून लागू नहीं किया जाएगा तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
  • इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क के डॉ. ध्रुव चौहान ने हड़ताल खत्म करने पर FORDA की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मेडिकल फ्रेटरनिटी इसके विरोध में हैं। अब हड़ताल खत्म करने का मतलब होगा कि फीमेल रेसिडेंट डॉक्टर्स को शायद कभी इंसाफ न मिले। इसलिए सेंट्रल हॉस्पिटल्स अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।

FORDA बोला- मरीजों के हित में हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद एक बयान जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इस बात के लिए मान गए हैं कि सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट पर काम करने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें FORDA भी शामिल होगा।

FORDA ने कहा कि मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि 15 दिन में इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसलिए पेशेंट्स के हित को ध्यान में रखते हुए बुधवार सुबह से हड़ताल खत्म की जा रही है। FORDA ने सरकार के सामने पांच मांगें रखी थीं। सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट के अलावा कितनी मांगें मानी गई हैं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

स्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेनी डॉक्टर से बर्बरता का खुलासा
पुलिस ने ट्रेनी डॉक्टर के परिवार को 12 अगस्त को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया गया कि रेप और मारपीट के बाद आरोपी ने डॉक्टर की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार सुबह 3 से 5 बजे के बीच होने का अनुमान है।

चार पेज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने डॉक्टर का बुरी तरह शोषण किया था। उनके प्राइवेट पार्ट्स पर गहरा घाव पाया गया। आरोपी ने डॉक्टर की चीख दबाने के लिए उनकी नाक, मुंह और गले को लगातार दबाया। गला घोंटने से थायराइड कार्टिलेज टूट गया।

डॉक्टर की सिर को दीवार से सटा दिया गया था, जिससे वह चिल्ला न सके। पेट, होंठ, उंगलियों और बाएं पैर पर चोटें पाई गईं। फिर उन पर इतनी जोर से हमला किया कि चश्मा टूट गया और शीशे के टुकड़े उनकी आंखों में घुस गए। दोनों आंखों, मुंह और प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024