देश का मानसून ट्रैकर:UP के 15 जिलों में बाढ़, वाराणसी में 65 घाट डूबे, NDRF तैनात; MP में तालाब फूटा, 20 गांवों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना उफान पर हैं। 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वाराणसी में 65 घाट गंगा में डूबे हैं, जहां NDRF तैनात है।
लखीमपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 250 गांव में पानी भर गया है। करीब 2.50 लाख लोग प्रभावित हैं।
मध्य प्रदेश के मुरैना में तालाब फूटने से 4 गांवों में पानी घुस आया है। इस कारण 20 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में बारिश के चलते पिछले 2 दिनों में 26 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जयपुर समेत 4 जिलों में स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार (12 अगस्त) को पहाड़ी से पत्थर गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
UP में मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़, 17 लोगों की मौत
- उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़ आ चुकी है। इसमें कुल 17 लोगों की मौत हुई है।
- UP-उत्तराखंड और हरियाणा की सीमा पर स्थित हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
- इसकी वजह से यमुना का जलस्तर बढ़कर एक लाख क्यूसेक पहुंच गया है। इसका असर सहारनपुर समेत कई जिलों में पड़ेगा।
हिमाचल में लैंडस्लाइड के कारण 2 नेशनल हाईवे बंद
- हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड-बाढ़ के कारण शिमला-किन्नौर सहित 2 नेशनल हाईवे और 195 सड़कें बंद हैं। ऊना में 11 अगस्त को 3 लड़कियां बाढ़ में बह गईं।
- 27 जून से 12 अगस्त के बीच हिमाचल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 110 लोग मारे गए हैं। राज्य को लगभग 1,004 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
देशभर से बारिश की तस्वीरें..
