Headlines

नीरज चोपड़ा को मनु भाकर की मां ने दी कसम:कहा- मेरी बेटी की तरह गेम छोड़ने की मत सोचना, आपमें बहुत खेल बाकी

पेरिस ओलिंपिक में 2 मेडल जीतने वाली शूटर मनु भाकर की मां सुमेधा और स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें मां सुमेधा नीरज का हाथ पकड़कर अपने सिर पर रखती हैं और कहती हैं कि सिल्वर से निराश नहीं होना है। इससे ज्यादा मेहनत करना है।

सुमेधा ने कहा, ‘मेरी बेटी की तरह खेल छोड़ने के बारे में मत सोचना। अभी आपमें बहुत खेल बाकी है।’ यह सोमवार पेरिस ओलिंपिक गेम्स विलेज का है। इस वीडियों पर मनु के पिता रामकिशन भाकर ने दैनिक भास्कर को बताया, ‘दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। सुमेधा ने नीरज से कहा कि और मेहनत करनी है और पाकिस्तान के अशरद नदीम को हराना है।’

वीडियो में भावुक दिखीं सुमेधा

सुमेधा और नीरज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

वीडियो में सुमेधा बात करते हुए थोड़ी भावुक नजर आ रही हैं। नीरज भी सुमेधा के सिर पर हाथ रखकर हां में सिर हिला देते हैं। इस दौरान का एक वीडियो और सामने आया है, जिसमें नीरज और मनु भी खड़े बात कर रहे हैं।

शादी की खबरों पर नीरज के चाचा बोले- होगी तो सबको पता चल जाएगा
इस वीडियो के सामने आने के बाद नीरज और मनु की शादी की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, नीरज के चाचा ने इन बातों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह नीरज मेडल लेकर आया था, वैसे ही सभी देशवासियों को इस बारे में जानकारी मिल गई थी।’

मनु के पिता राम किशन ने कहा है कि अभी तो मनु बहुत छोटी है। उसकी शादी की उम्र भी नहीं हुई है। इसके बारे में तो अभी सोच भी नहीं रहे। उन्होंने वीडियो पर कहा कि मनु की मां नीरज को अपने बेटे जैसा मानती है।

पेरिस ओलिंपिक में नीरज ने सिल्वर और मनु ने ब्रॉन्ज मेडल जीता
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलिंपिक के जेवलिन थ्रो इवेंट में भारत को इकलौता सिल्वर मेडल दिलाया है। 26 साल के नीरज ने 89.45 मीटर दूर भाला फेंका और दूसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ नीरज लगातार 2 ओलिंपिक में मेडल जीतने वाले देश के तीसरे प्लेयर बन गए।

वहीं, मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक के विमेंस इंडिविजुअल 10 मीटर एयर पिस्टल में देश को पहला मेडल दिलाया। साथ ही मिक्स्ड इवेंट में उन्होंने हरियाणा के शूटर सरबजोत सिंह के साथ मिलकर एक और ब्रॉन्ज जीता। वह एक ही ओलिंपिक में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024